ePaper

मुठभेड़ में लश्कर, हिजबुल व जैश के सात आतंकी ढेर; एक नागरिक और जवान भी शहीद

Updated at : 25 Nov 2018 7:56 PM (IST)
विज्ञापन
मुठभेड़ में लश्कर, हिजबुल व जैश के सात आतंकी ढेर; एक नागरिक और जवान भी शहीद

श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर में शोपियां जिले के एक गांव में रविवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्करे ए तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के छह आतंकवादी मारे गये. नागरिकों की हत्या में संलिप्त रहा एक पाकिस्तानी भी मारा गया. इस दौरान एक सैनिक भी शहीद हो गया. पुलिस ने बताया कि शोपियां जिले […]

विज्ञापन

श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर में शोपियां जिले के एक गांव में रविवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्करे ए तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के छह आतंकवादी मारे गये. नागरिकों की हत्या में संलिप्त रहा एक पाकिस्तानी भी मारा गया. इस दौरान एक सैनिक भी शहीद हो गया.

पुलिस ने बताया कि शोपियां जिले में कपरान के बाटगुंड इलाके में विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से बीती रात घेरा डाला और तलाशी अभियान चलाया. पुलिस ने बताया कि शुरुआत में 34 आरआर का एक जवान गोलीबारी में घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया और उसकी हालत अब स्थिर बतायी जाती है. वहीं, 34 आरआर का एक अन्य जवान मुठभेड़ के अंतिम चरण में गंभीर रूप से घायल हो गया और शहीद हो गया. उन्होंने बताया कि एक आतंकवादी की पहचान शोपियां के मुश्ताक अहमद मीर के रूप में हुई है. वह भोले-भाले युवाओं को आतंकवाद में शामिल करने के लिए उकसाता था और लश्कर कैडर को मजबूत करने के लिए लोगों से चंदा जुटाता था. अन्य की पहचान शोपियां के मोहम्मद अब्बास भट्ट और खालिद फारूक मलिक, कुलगाम के उमर मजीद के अलावा मोहम्मद हमीद वागे और एक पाकिस्तानी आतंकी कफील के रूप में की गयी है.

पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर क्षेत्र) स्वयं प्रकाश पाणि ने मुठभेड़ के बाद कहा, यह खुफिया सूचना पर आधारित एक अभियान था जिसमें छह आतंकियों का सफाया कर दिया गया. वे लोग नागरिकों और सुरक्षा बलों की नृशंस हत्या करने में संलिप्त थे. उन्होंने कहा, हम घाटी में संचालित हो रहे आतंकी संगठनों को भारी नुकसान पहुंचाने में सक्षम रहे हैं. वहीं, दो दिन पहले इन दोनों आतंकी संगठनों के छह आतंकियों के माड्यूल का दक्षिण कश्मीर के बिजबेहरा जिले में खात्मा किया गया था. इसमें वह व्यक्ति भी शामिल था जो पत्रकार शुजात बुखारी की हत्या के मामले में वांछित था. एक अन्य मुठभेड़ में पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों के साथ एक मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) का एक आतंकी मारा गया. उसका कूट नाम वसीम था.

वहीं, शोपियां मुठभेड़ में कफील कूट नाम का पाक आतंकी एक नागरिक की हत्या में शामिल था. इस नागरिक को शोपियां से अगवा कर लिया गया था और उसका गला रेत दिया गया था. इस घटना का वीडियो सोशल नेटवर्किंग साइट पर अपलोड कर दिया गया था. पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गये सभी छह आतंकी कई आतंकी अपराधों को लेकर वांछित थे. पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ स्थल के आसपास घायल हुए नोमान अशरफ भट नाम के एक नागरिक की अस्पताल में मौत हो गयी. वह बोलस कुलगाम का रहनेवाला था. चार अन्य घायलों की हालत स्थिर है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola