धनबाद में बिजली संकट और गहराया, TTPS के बाद DVC के कोडरमा प्लांट की यूनिट भी ठप
तेनुघाट थर्मल पावर स्टेशन (TTPS) की फाइल फोटो
टीटीपीएस और कोडरमा पावर प्लांट में तकनीकी खराबी के कारण धनबाद में बिजली संकट गहरा गया है. घंटों बिजली कटौती और ट्रिपिंग से शहरवासी परेशान हैं.
धनबाद. कोयलांचल में शुक्रवार से शुरू हुआ बिजली संकट सोमवार को और विकराल हो गया. तेनुघाट थर्मल पावर स्टेशन (TTPS) में तकनीकी खराबी के बाद अब डीवीसी के कोडरमा थर्मल पावर प्लांट की एक यूनिट भी ठप पड़ गयी है. दो प्रमुख बिजली स्रोतों से पर्याप्त बिजली नहीं मिलने के कारण धनबाद में आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गयी है. डीवीसी की ओर से बड़े पैमाने पर लोड शेडिंग की जा रही है, जिसका असर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक दिख रहा है.

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, TTPS की इकाइयों में तकनीकी खराबी के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ था. इससे धनबाद को मिलने वाले बिजली कोटे में कमी आयी. तकनीशियनों और अभियंताओं की टीम के प्रयास से एक यूनिट की खराबी दूर कर उत्पादन शुरू कर दिया गया है. हालांकि दूसरी और अंतिम यूनिट में अब भी तकनीकी समस्या बनी हुई है. इसे दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है.
कोडरमा प्लांट की यूनिट बंद होने से बढ़ा संकट
TTPS में चल रही परेशानी के बीच रविवार को डीवीसी के कोडरमा थर्मल पावर प्लांट की एक यूनिट भी बंद हो गयी. इससे धनबाद को मिलने वाली बिजली की उपलब्धता और कम हो गयी.
ये भी पढ़ें: बिजलीघरों में कोयला संकट दूर करने की कवायद तेज, Coal India की लोडिंग पहुंची 305 रैक प्रतिदिन
बिजली की कमी के कारण सब-स्टेशनों पर लोड संतुलित रखने के लिए रोटेशन के आधार पर बिजली काटी जा रही है. कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने के साथ बार-बार ट्रिपिंग की समस्या भी बनी हुई है. शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को अनियमित बिजली आपूर्ति का सामना करना पड़ रहा है.
बिजली कटौती से पेयजल और कारोबार प्रभावित
बिजली संकट का सीधा असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा है. मोटर और पंपिंग सिस्टम के नियमित संचालन में बाधा आने से कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. बिजली और पानी की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
वहीं बिजली पर निर्भर छोटे-बड़े कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं. दुकानों, प्रतिष्ठानों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर अनियमित बिजली आपूर्ति का असर पड़ रहा है. अस्पतालों और अन्य जरूरी सेवाओं में भी बिजली संकट के कारण परेशानी की स्थिति बनी हुई है.
TTPS की दूसरी यूनिट से राहत की उम्मीद
विभागीय अधिकारियों के अनुसार TTPS की खराब पड़ी दूसरी यूनिट को जल्द दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है. इसके अलावा कोडरमा प्लांट की बंद यूनिट के चालू होने से भी बिजली उपलब्धता में सुधार की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: 12 पंचायतों के 27 गांव बूंद-बूंद को तरसे, बलियापुर में 20 दिनों से जलापूर्ति ठप; मरम्मत में देरी पर आक्रोश
अधिकारियों का कहना है कि दोनों प्लांट से पर्याप्त बिजली मिलने के बाद ही धनबाद में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो सकेगी. फिलहाल लगातार हो रही कटौती से उपभोक्ताओं की परेशानी और आक्रोश बढ़ रहा है.
जल्द सामान्य होगी बिजली आपूर्ति : डीजीएम
जेबीवीएनएल के डीजीएम सह प्रभारी अधीक्षण अभियंता मुकुल गोरवरे ने कहा कि दो पावर जेनरेशन यूनिट में तकनीकी खराबी के कारण समस्या उत्पन्न हुई है. हालांकि शहर के बड़े इलाके में कांड्रा ग्रिड से बिजली की आपूर्ति की जा रही है. खराबी दूर करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि जल्द समस्या दूर कर बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए