बिजलीघरों में कोयला संकट दूर करने की कवायद तेज, Coal India की लोडिंग पहुंची 305 रैक प्रतिदिन
कोयला खदान की फाइल फोटो
कोल इंडिया की साइडिंग लोडिंग 305 रैक प्रतिदिन पहुंची. बिजलीघरों को कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बीसीसीएल, सीसीएल और इसीएल ने लोडिंग की गति बढ़ाई है.
धनबाद. देश के बिजलीघरों में कोयले की आपूर्ति बेहतर करने के लिए कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों ने लोडिंग की रफ्तार बढ़ा दी है. बीसीसीएल, सीसीएल और इसीएल समेत अन्य कंपनियां कोयला उत्पादन और डिस्पैच में तेजी बनाये रखने पर जोर दे रही हैं. छह सितंबर को कोल इंडिया की कुल साइडिंग लोडिंग बढ़कर 305 रैक प्रतिदिन हो गयी. यह पिछले दिन के मुकाबले 26 रैक अधिक है.
BCCL और CCL की लोडिंग में तेजी
बीसीसीएल और सीसीएल की रेक लोडिंग में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गयी. बीसीसीएल की लोडिंग बढ़कर 36 रैक प्रतिदिन हो गयी, जबकि सीसीएल की 46 रैक प्रतिदिन पहुंच गयी. वहीं, इसीएल ने पिछले दिन के 23 रैक प्रतिदिन के लोडिंग स्तर को बरकरार रखा.

तीनों कंपनियां बिजली क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए कोयला आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. कोयला मंत्रालय और कोल इंडिया की ओर से बिजलीघरों तक कोयला पहुंचाने की प्रक्रिया को तेज करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है.
कम स्टॉक वाले बिजलीघरों पर विशेष नजर
कोयला मंत्रालय और कोल इंडिया की ओर से उन ताप विद्युत संयंत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां कोयले का भंडार मानक आवश्यकता के 25 प्रतिशत से कम है. इन संयंत्रों में कोयले की उपलब्धता सुधारने के लिए आपूर्ति से जुड़े जरूरी कदम पहले से लागू किये गये हैं.
बीसीसीएल, सीसीएल और इसीएल समेत कोल इंडिया की सभी संबंधित अनुषंगी कंपनियों को बिजली क्षेत्र की मांग के अनुरूप उत्पादन, डिस्पैच और रेक लोडिंग में तेजी बनाये रखने का निर्देश दिया गया है. साइडिंग लोडिंग में हुई वृद्धि को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
बिजलीघरों की जरूरत पूरी करने पर जोर
कोयला मंत्रालय और कोल इंडिया का लक्ष्य बिजलीघरों में कोयले की पर्याप्त उपलब्धता बनाये रखना है. इसके लिए संवेदनशील ताप विद्युत संयंत्रों को प्राथमिकता के आधार पर कोयला उपलब्ध कराया जा रहा है. अधिकारियों के स्तर पर बिजलीघरों की स्थिति और कोयला स्टॉक की नियमित निगरानी की जा रही है.
ये भी पढ़ें: 12 पंचायतों के 27 गांव बूंद-बूंद को तरसे, बलियापुर में 20 दिनों से जलापूर्ति ठप; मरम्मत में देरी पर आक्रोश
लोडिंग में लगातार सुधार से बिजलीघरों तक कोयला पहुंचाने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है. बीसीसीएल, सीसीएल और इसीएल के प्रदर्शन में सुधार से पूर्वी भारत के कोयला क्षेत्रों से बिजली क्षेत्र को होने वाली आपूर्ति को भी मजबूती मिलेगी.
MCL की लोडिंग में एक दिन में 12 रैक की वृद्धि
कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी एमसीएल ने एक दिन में साइडिंग लोडिंग में सबसे तेज सुधार दर्ज किया. उसकी लोडिंग में 12 रैक की वृद्धि होकर यह 111 रैक प्रतिदिन पहुंच गयी. वहीं, कैप्टिव ब्लॉक लोडिंग में भी छह रैक की वृद्धि दर्ज की गयी और यह बढ़कर 72 रैक प्रतिदिन हो गयी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए