हरिबोल पार्क में पिंजरा टूटने से कुत्ते ने निगम के दो कर्मियों को काटा

अक्रामक कुत्ता को पकड़ने के लिए मशक्कत करते पार्षद व निगम कर्मीगण | Prabhat Khabar Network
दरभंगा के हरिबोल पार्क में पिंजरा टूटने से एक आक्रामक कुत्ते ने नगर निगम के दो कर्मियों को काट लिया। पार्षद ने निगम से सुरक्षा के कड़े इंतजाम की मांग की है।
दरभंगा. हरिबोल पार्क में रखा गया एक आक्रामक कुत्ता, पिंजरा टूट जाने से बाहर निकल गया. कुत्ते ने नगर निगम के दो कर्मियों को काट लिया. वार्ड 21 के पार्षद नवीन सिन्हा ने गुरुवार को नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता को पत्र भेजकर घटना की जानकारी दी है. पत्र के अनुसार सितंबर 2025 में मेयर अंजुम आरा के निर्देश पर दरभंगा स्टेशन से लाए गए इस कुत्ते को अस्थायी तौर पर हरिबोल पार्क में एक छोटे पिंजरे में रखा गया था. इसे कुछ दिनों में डॉग शेल्टर भेजा जाना था. लेकिन, अब तक शेल्टर नहीं बन सका. तब से पार्क के कर्मी ही इसकी देखभाल कर रहे हैं. बुधवार को पिंजरा सड़ जाने के कारण कुत्ता बाहर निकल गया और कर्मी ललित कुमार यादव को काट लिया. लोगों ने किसी तरह पार्क का गेट बंद किया. सूचना पर पशुपालन विभाग के चिकित्सक पहुंचे और कुत्ते को पकड़कर इंजेक्शन लगाया. इस दौरान कुत्ते ने दूसरे कर्मी महेश मंडल को भी काट लिया. दोनों का इलाज अस्पताल में कराया गया. पार्षद ने बताया कि यह कुत्ता पहले सीतामढ़ी से समस्तीपुर तक ट्रेन में कई लोगों को काट चुका है. मेनका गांधी की संस्था भी इसकी निगरानी कर रही है. उन्होंने नगर निगम से तुरंत मजबूत बड़ा पिंजरा और डॉग शेल्टर बनाने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष कुमार मंडल
संतोष कुमार मंडल पिछले कई वर्षों से मुख्यधारा की पत्रकारिता में सक्रिय हैं. ये नगर निगम, बिजली विभाग तथा डाक विभाग जैसे नागरिक सरोकार से जुड़े विभागों पर पैनी नजर और मजबूत पकड़ रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










