Breaking News LIVE: फरीदाबाद में यौन उत्पीड़न में नाकाम व्यक्ति ने बच्ची के हाथ की नस काटी, मौत
गृह मंत्रालय ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल को Y+ श्रेणी सुरक्षा कवर प्रदान करने का आदेश दिया है. राजस्थान के बारां जिले के सीसवाली क्षेत्र में पुलिस नाके पर दो लोगों द्वारा कथित तौर की गई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि हमले के बाबत दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके अलावा देशभर की खबरों पर अपनी नजर बनाए रखने के लिए प्रभात खबर के इस लाइव पेज से जुड़े रहें…
उत्तरी दिल्ली में ट्रैवल एजेंट की हत्या के आरोप में पूर्व सैनिक गिरफ्तार
उत्तरी दिल्ली के मोरी गेट इलाके में इस साल फरवरी में पैसों को लेकर एक ट्रैवल एजेंट की हत्या करने के आरोप में एक पूर्व सैनिक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपी संजेश कुमार चौहान उर्फ फौजी को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के आवारी गांव से मंगलवार को गिरफ्तार किया गया, जहां वह घटना को अंजाम देने के बाद सात फरवरी से छुपा हुआ था. पुलिस ने बताया कि ट्रैवल एजेंट अखिलेश तिवारी की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था और अपने गृह राज्य चला गया, जहां से उसे चार महीने बाद गिरफ्तार कर लिया गया. उसने बताया कि आरोपी के खिलाफ एक अदालत ने गैर ज़मानती वारंट भी जारी किया था.
फरीदाबाद में यौन उत्पीड़न में नाकाम व्यक्ति ने बच्ची के हाथ की नस काटी, मौत
फरीदाबाद के अनंगपुर डेयरी सेक्टर-37 में आठ साल की बच्ची का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने में नाकाम एक व्यक्ति ने उसके हाथ की नस काट दी. इस वजह से बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी बिजेंद्र के तौर की गई है जो तीन बच्चों का पिता है. पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि थाना सराय में पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई. उसने बताया कि आरोपी फरीदाबाद के डीएलएफ इलाके स्थित एक फैक्टरी में काम करता है.
ओडिशा के जाजपुर में ट्रेन की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत
ओडिश में भीषण रेल हादसे के बाद एक और दुखद खबर सामने आ रही है. जाजपुर में ट्रेन की चपेट में आने चार मजदूरों की मौत हो गयी.
राजस्थान के बारां में पुलिस नाके पर गोली, दो पुलिसकर्मी घायल
राजस्थान के बारां जिले के सीसवाली क्षेत्र में पुलिस नाके पर दो लोगों द्वारा कथित तौर की गई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि हमले के बाबत दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने कहा कि दो में से एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और पुलिस दल की उनके साथ मुठभेड़ हुई. वे पहले कोटा जिले के रानपुर इलाके से भागे थे, जहां उन्होंने कारोबारी सौदे को लेकर दो अन्य व्यक्तियों को गोली मारकर घायल कर दिया था. बारां के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजकुमार चौधरी ने बताया कि मांगरोल थाने के पुलिस कर्मी राहुल और विजय गोलीबारी में घायल हुए हैं.
जम्मू कश्मीर के राजौरी में सैनिक की सर्विस राइफल से चली गोली, दो जवान घायल
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में बुधवार को एक सैन्य शिविर के भीतर एक सैनिक की सर्विस राइफल से गलती से गोली चल गई, जिससे सेना के दो जवान घायल हो गए. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंजाकोट इलाके के गलथी में उस वक्त हुई, जब राष्ट्रीय राइफल्स के जवान ड्यूटी से लौटने के बाद प्रोटोकॉल के मुताबिक अपने हथियार उतार रहे थे. उन्होंने बताया कि अकस्मात गोली चलने से दो सैनिक घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारी ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घायलों में वह सैनिक भी शामिल है या नहीं जिसकी राइफल से गोली चली थी.
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए