आपकी एक छोटी सी राय बन सकती है बड़ी मुसीबत, इन 6 जगहों पर चुप रहना ही है समझदारी
किन जगहों पर आपको अपनी राय नहीं देनी चाहिए? AI image
Chanakya Niti: आचार्य चाणक्य की नीतियां आज भी इंसान को कई बड़ी गलतियों से बचने की सीख देती हैं. खासकर अपनी राय कब देनी है और कब चुप रहना है, इसे समझना बहुत जरूरी है. चाणक्य के अनुसार कुछ जगहों पर जरूरत से ज्यादा बोलना आपके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है.
Chanakya Niti: आचार्य चाणक्य को अपने समय के सबसे ज्ञानी और बुद्धिमान पुरुष के तौर पर जाना जाता है. माना जाता है कि जो लोग जीवन में सफल और खुशहाल रहना चाहते हैं, उन्हें चाणक्य की बातों पर ध्यान देना चाहिए. आचार्य चाणक्य सिर्फ एक महान पॉलिटिशियन और टीचर ही नहीं थे, बल्कि मानव स्वभाव की भी काफी गहरी समझ रखते थे. सदियों पहले उनकी बताई गई बातें आज भी हमें एक सही रास्ता दिखाने का काम कर रही हैं. चाणक्य की इन्हीं बातों को आज के समय में हम 'चाणक्य नीति' के नाम से जानते हैं.
आचार्य चाणक्य के अनुसार इंसान की बोली ही उसकी सबसे बड़ी ताकत और उसकी सबसे बड़ी कमजोरी होती है. सही समय पर बोलना जितना जरूरी है, उससे ज्यादा जरूरी सही समय पर चुप रहना भी है. उनके अनुसार जो भी इंसान बिना सोचे-समझे हर जगह अपनी सलाह देने लगता है, वह हर बार सिर्फ अपना ही नुकसान करवाता है. लेकिन, जो समझदार व्यक्ति होता है वह हमेशा ही माहौल को ध्यान में रखकर ही कुछ कहता है. आज इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां पर एक समझदार व्यक्ति को हमेशा ही अपनी राय देने से बचना चाहिए. तो चलिए इन जगहों के बारे में विस्तार से जानते हैं.
दो लोगों के आपसी झगड़े के बीच में
आचार्य चाणक्य के अनुसार जब दो लोग आपस में झगड़ा या फिर बहस कर रहे होते हैं, तो आपको कभी भी बेवजह अपनी राय नहीं देनी चाहिए. ऐसे हालात में आपकी अच्छी नीयत भी आपके ही खिलाफ जा सकती है. चाणक्य के अनुसार दूसरों के पर्सनल मामलों में अगर आप टांग अड़ाते हैं, तो बिना किसी बात के किसी एक के दुश्मन जरूर बन जाते हैं. जब तक दोनों लोगों में से कोई भी एक आपसे खुद आकर सलाह न मांगे, तब तक चुप रहना ही आपके लिए सबसे बेहतर है.
जो लोग सुनना नहीं चाहते उनके बीच में
चाणक्य नीति के अनुसार जहां ऐसे लोग बैठे हों जो किसी की भी बात नहीं सुनना चाहते हैं, वहां पर ज्ञान की बातें करना समय और एनर्जी को बर्बाद करने जैसा है. चाणक्य कहते हैं कि जो लोग सुनना नहीं चाहते या जो तर्क को नहीं समझते, वे आपकी लॉजिकल बातों को नहीं समझते हैं, बल्कि वे आपकी सही बातों को भी गलत मानकर आपसे ही बहस करने लग जाते हैं. एक समझदार इंसान ऐसी जगह पर चुप रहता है और अपनी एनर्जी सही जगह इस्तेमाल करता है.
ये भी पढ़ें: बुरे समय में कौन देता है साथ और कौन छोड़ जाता है हाथ? चाणक्य ने बताया सच्चे इंसान को पहचानने का आसान तरीका
जहां आपकी बात की कोई इज्जत न हो
अगर आपको ऐसा लगता है कि सामने वाला इंसान आपकी बातों को कोई वैल्यू नहीं दे रहा है या फिर आपकी बेइज्जती कर रहा है, तो वहां पर आपको तुरंत ही चुप हो जाना चाहिए. ऐसी किसी भी जगह पर अपनी राय देने से सिर्फ आपका सेल्फ-रिस्पेक्ट ही कम होता है. आचार्य चाणक्य के अनुसार आपको अपनी बातों की कीमत समझनी चाहिए और राय भी ऐसी जगह पर ही देनी चाहिए जहां पर लोग उसे सुनने और समझने के लिए तैयार हों.
जिस बात की पूरी जानकारी न हो
आचार्य चाणक्य के अनुसार जिस विषय के बारे में आपको आधी-अधूरी जानकारी हो, वहां आपको अपनी राय देने से हर कीमत पर बचना चाहिए. इस तरह की जगह पर राय देने से आप सिर्फ मजाक का पात्र बनकर ही रह जाते हैं. आपका आधा-अधूरा ज्ञान हमेशा आपके लिए ही खतरनाक साबित होता है. उनके अनुसार एक समझदार इंसान वही है जो यह स्वीकार कर ले कि उसे सबकुछ मालूम नहीं है. जहां आपको किसी भी चीज की पूरी जानकारी न हो, वहां पर बेवजह बोलने से बेहतर होगा कि आप चुप रहें. ऐसी जगह पर शांत रहकर दूसरों की बात सुनना और नई बातें सीखना ही सबसे बड़ी समझदारी होती है.
किसी के घर-परिवार के मामलों में
चाणक्य नीति के अनुसार आपको कभी भी किसी दूसरे के घर या परिवार के अंदरूनी मामलों में अपनी सलाह नहीं देनी चाहिए. फैमिली मैटर्स बहुत ही ज्यादा सेंसिटिव होते हैं, लेकिन आपको यह बात भी समझनी होगी कि जो दो लोग आज आपस में लड़ रहे हैं, वे दोनों कल एक हो जाएंगे. ऐसे में आपकी दी गई सलाह की वजह से वे दोनों बाद में साथ मिलकर आपको ही गलत ठहरा सकते हैं. यह एक बड़ी वजह है कि आपको दूसरों के फैमिली मैटर्स से हमेशा दूर रहने की कोशिश करनी चाहिए.
जब माहौल बहुत गुस्से वाला हो
आचार्य चाणक्य के अनुसार जब आसपास के लोग बहुत ही ज्यादा गुस्से में हों, तब आपकी कोई भी समझदारी भरी और लॉजिकल बातें उन्हें समझ में नहीं आएंगी. जब इंसान गुस्से में होता है तो उसका दिमाग सही से काम नहीं कर रहा होता है. यह एक बड़ी वजह है कि ऐसे किसी भी माहौल में दी गई आपकी राय बात को और भी ज्यादा बिगाड़ सकती है. चाणक्य के अनुसार, जब तक सबका गुस्सा शांत न हो जाए, तब तक चुप रहना ही सबसे सही फैसला होता है.
ये भी पढ़ें: परिवार को भी नहीं पता होनी चाहिए आपकी ये 5 बातें, चाणक्य की इस सलाह में छिपा है खुशहाल जिंदगी का राज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए