बाथरूम और किचन की टाइल्स पर जमी गंदगी और दागों से हैं परेशान? इन 5 घरेलू उपायों से मिनटों में लौट आएगी नई जैसी चमक
Published by : Saurabh Poddar Updated At : 04 Jun 2026 5:43 PM
बाथरूम और किचन के टाइल्स को किस तरह से साफ करें? AI image
Cleaning Tips: अगर टाइल्स पर जमी गंदगी और सफेद लेयर की वजह से आपके घर का लुक खराब होने लगा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू चीजों की मदद से आप बिना ज्यादा मेहनत और खर्च के टाइल्स को फिर से साफ और चमकदार बना सकते हैं. इस आर्टिकल में जानिए ऐसे ही आसान लेकिन बेहद असरदार उपाय.
Cleaning Tips: क्या आपके घर की चमचमाती टाइल्स भी अब पहले की तुलना में ज्यादा गंदी और फीकी दिखाई देने लगी हैं? बाथरूम, किचन या बालकनी में लगी टाइल्स पर अक्सर एक सफेद लेयर जम जाती है, जो समय के साथ उनकी खूबसूरती को धीरे-धीरे कम करने लगती है. कई बार ऐसा भी होता है कि टाइल्स को बार-बार पोछने के बावजूद यह लेयर हटने का नाम नहीं लेती. इसकी वजह से कुछ ही समय में टाइल्स पुरानी, बेजान और गंदी नजर आने लगती हैं. टाइल्स पर इस सफेद लेयर के जमने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें हार्ड वॉटर, साबुन के बचे हुए हिस्से और मॉइस्चर सबसे प्रमुख हैं. अगर आपके घर की टाइल्स भी अपनी चमक खो चुकी हैं, तो उन्हें साफ करने के लिए महंगे प्रोडक्ट्स खरीदने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान और असरदार घरेलू उपायों की मदद से आप टाइल्स की खोई हुई चमक को फिर से वापस ला सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ कारगर तरीकों के बारे में विस्तार से.
वाइट विनेगर से करें गहरी सफाई
टाइल्स पर जमे हार्ड वॉटर के दाग और मिनरल डिपॉजिट को तोड़ने के लिए आपको वाइट विनेगर का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए. इसे सबसे कारगर तरीका माना जाता है इस तरह के दागों को हटाने के लिए. इसके लिए आपको विनेगर और पानी को बराबर मात्रा में मिक्स करके एक स्प्रे बोतल में भर लेना है. अब इस मिश्रण को आपको टाइल्स पर अच्छी तरह से स्प्रे करना है और लगभग 15 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ देना है. इसके बाद आपको स्क्रबर या ब्रश की मदद से टाइल्स को हल्के हाथों से रगड़ना है. अगर बाथरूम की टाइल्स पर सफेद लेयर जम गयी है तो यह तरीका सबसे फायदेमंद साबित हो सकता है.
बेकिंग सोडा के पेस्ट से हटाएं जिद्दी दाग
अगर टाइल्स पर ये सफेद लेयर काफी पहले से जमी हुई है, तो इसे साफ करने के लिए आपको बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करना शुरू कर देना चाहिए. इसके लिए आपको बेकिंग सोडा लेना है और उसमें थोड़ा सा पानी मिक्स करके एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लेना है. अब इस पेस्ट को आपको दाग वाली जगहों पर लगा देना है. अब इसे करीबन 15 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें और फिर एक ब्रश की मदद से धीरे-धीरे रगड़ें. बेकिंग सोडा आपके टाइल्स को डैमेज किये बिना दाग और गंदगी को साफ करने में मदद कर सकता है.
नींबू का रस देगा नेचुरल चमक
नींबू में पाया जाने वाला नेचुरल एसिड टाइल्स पर जमे हुए वाइट लेयर को छुड़ाने में मदद कर सकता है. इसके लिए आपको नींबू को बीच से काट लेना है और इसे टाइल्स पर डायरेक्टली रगड़ना है. आप अगर चाहें तो नींबू का रस निकालकर दाग वाली जगह पर भी लगा सकते हैं. इसे 10 मिनट के लिए वैसे ही छोड़ दें और फिर इसे नॉर्मल पानी से अच्छी तरह से साफ कर लें. इससे टाइल्स साफ होते हैं और साथ ही उनकी नयी जैसी चमक एक बार फिर से वापस भी आ जाती है.
गर्म पानी और डिशवॉश लिक्विड का इस्तेमाल
टाइल्स पर लगे हल्के दागों और हर दिन की गंदगी को साफ करने के लिए आपको गर्म पानी और लिक्विड डिशवॉश के कॉम्बिनेशन का इस्तेमाल करना चाहिए. एक बाल्टी गर्म पानी ले लें और उसमें थोड़ा सा लिक्विड क्लीनर मिक्स कर दें. इसके बाद एक स्पंज लें और इस पानी में डुबोकर टाइल्स की सफाई करें. रेगुलर बेसिस पर इस ट्रिक को अपनाने से गंदगी और सफेद लेयर के जमने की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है.
ग्राउट लाइन्स की अलग से करें सफाई
टाइल्स के बीच की जो लाइन्स होती हैं, उन्हें ही ग्राउट कहा जाता है. इसी जगह पर गंदगी सबसे ज्यादा जमती है. अगर आप टाइल्स की सफाई कर रहे हैं तो आपको इन ग्राउट लाइन्स की भी सफाई करनी चाहिए. इनकी सफाई अच्छे से करने के लिए पुराने टूथब्रश में बेकिंग सोडा या फिर हल्का सा क्लीनिंग सोल्यूशन लगाकर अच्छी तरह से साफ कर लें. जब आप ऐसा करते हैं तो पूरी फ्लोरिंग ज्यादा साफ और चमकदार दिखाई देने लगती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










