Gujarat Election: गुजरात में BJP और AAP के बीच सीधा मुकाबला, आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह का दावा

Gujarat Assembly Elections: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि गुजरात में आम आदमी पार्टी का कांग्रेस से कोई मुकाबला नहीं हैं.
Gujarat Assembly Elections: गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए तारीखों की घोषणा होने के साथ सूबे में सियासी बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है. सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के दिग्गज नेता प्रचार अभियान में जुट गए है. गुजरात विधानसभा चुनाव में पहली बार उतरी आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के बड़े नेताओं ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. बीजेपी (BJP) और कांग्रेस (Congress) के साथ ही आम आदमी पार्टी चुनाव में जीत के लिए अपना-अपना दाव चल रही हैं.
दिल्ली और पंजाब में अपनी पकड़ मजबूत बनाने के साथ ही आम आदमी पार्टी की नजर अब गुजरात और हिमाचल प्रदेश पर जा टिकी है. इसी कड़ी में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता गुजरात के अलग-अलग शहरों में लोगों के बीच जा रहे हैं और आम आदमी पार्टी के पक्ष में प्रचार प्रसार कर रहे हैं. इस दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी देखने को मिल रहा है. इसी कड़ी में अहमदाबाद पहुंचे आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए बड़ा दावा किया है. संजय सिंह ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का कांग्रेस से कोई मुकाबला नहीं हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गुजरात में मैदान छोड़ दिया है.
‘आप’ के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि गुजरात में कांग्रेस आम आदमी पार्टी को जीत दिलाने के लिए काम कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी को जिताने के लिए काम कर रहा है. कांग्रेस को घेरते हुए संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस गुजरात में नजर ही नहीं आ रही है. उन्होंने दावा करते हुए कहा कि गुजरात में सीधा मुकाबला आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच में है. बताते चलें कि इससे पहले भी कई मंचों से आम आदमी पार्टी गुजरात में भारतीय जनता पार्टी को मात देकर सरकार बनाने का दावा करती रही है.
इससे पहले, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी अपने गुजरात दौरे के दौरान कहा था कि इस बार गुजरात के लोगों को AAP से बहुत उम्मीदें हैं. पार्टी लगातार गुजरात में आगे बढ़ रही है और इस बार गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी. उल्लेखनीय है कि गुजरात की 182 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है. गुजरात में दो चरणों में चुनाव होंगे. पहले चरण के लिए मतदान 1 दिसंबर को होगा. वहीं, दूसरे चरण के लिए 5 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Samir Kumar
More than 15 years of professional experience in the field of media industry after M.A. in Journalism From MCRPV Noida in 2005
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




