'धुरंधर 2' सिंगर जैस्मीन सैंडलस के लाइव शो में बड़ा हादसा, अचानक रोकना पड़ा पूरा कॉन्सर्ट
Published by : Anushka Singh Updated At : 21 May 2026 9:32 AM
जैस्मीन सैंडलस कॉन्सर्ट, फोटो - इंस्टाग्राम
Jasmine Sandlas Concert: मशहूर पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस के लाइव कॉन्सर्ट में अचानक एक बड़ा हादसा हो गया है, जिसके बाद सिंगर को बीच में ही अपना गाना रोकना पड़ा.
Jasmine Sandlas Concert: पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस इन दिनों अपने गानों को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं. हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर 2’ में उनका गाया गाना ‘जाए सजना’ सोशल मीडिया पर खूब ट्रेंड कर रहा है और दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है. इस बीच वह उत्तराखंड के देहरादून में एक लाइव शो करने पहुंची थीं, जहां उन्हें सुनने के लिए हजारों फैंस की भारी भीड़ उमड़ी थी. शो में सबकुछ बहुत अच्छा चल रहा था, लेकिन अचानक एक घटना की वजह से वहां का पूरा माहौल बदल गया और सिंगर को अपना शो बीच में ही बंद करना पड़ा.
शो के दौरान अचानक गिरा बैरिकेड, मची अफरा-तफरी
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि जैस्मीन सैंडलस स्टेज पर पूरे जोश के साथ गाना गा रही थीं और फैंस झूम रहे थे. इसी दौरान दर्शकों की सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के बैरिकेड अचानक टूटकर नीचे गिर गए. बैरिकेड गिरते ही वहां आगे बैठे कई लोग भी जमीन पर गिर पड़े. इस अचानक हुए हादसे से कॉन्सर्ट में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
हादसा देख जैस्मीन ने तुरंत रोका गाना
सामने ऐसा हादसा होते देख स्टेज पर गा रही जैस्मीन सैंडलस भी बुरी तरह घबरा गईं. उन्होंने तुरंत अपना गाना बंद कर दिया और माइक पर ‘वाहे गुरु’ बोलने लगीं. इसके बाद उन्होंने समझदारी दिखाते हुए तुरंत अपनी बाउंसर और सिक्योरिटी टीम को आवाज लगाई और लोगों की मदद करने के लिए कहा. जैस्मीन ने वहां मौजूद अपने सभी फैंस से इस अव्यवस्था के लिए माफी भी मांगी और कहा कि इस घटना से उन्हें बहुत दुख पहुंचा है.
पहले भी चर्चा में रह चुकी हैं सिंगर
यह पहली बार नहीं है जब जैस्मीन सैंडलस अपने किसी लाइव शो को लेकर सुर्खियों में आई हैं. इससे पहले अप्रैल के महीने में अहमदाबाद में हुए उनके एक लाइव कॉन्सर्ट की भी काफी चर्चा हुई थी. उस समय सोशल मीडिया पर जहां कुछ लोगों ने उनके गानों और परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की थी, वहीं कुछ यूजर्स ने उन्हें खुद पर पानी डालने के लिए इंटरनेट पर बुरी तरह ट्रोल कर दिया था.
यह भी पढ़ें: 100 करोड़ के क्लब से बस इतनी दूर है ‘राजा शिवाजी’, जानिए 20 दिनों का कलेक्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










