'अगर आप राम हैं तो मैं मंथरा सही...' Dinesh Lal Yadav के बयान पर Rani Chatterjee का करारा पलटवार, बोलीं- 'आपसे ये उम्मीद नहीं थी'
दिनेश लाल यादव और रानी चटर्जी, फोटो - इंस्टाग्राम
भोजपुरी सिनेमा में ड्रामा जारी है. 'भोजपुरी बवाल' शो में निरहुआ के रानी चटर्जी को 'मंथरा' कहने पर उन्होंने तीखा जवाब दिया. रानी ने 'राम-सीता' का उदाहरण देते हुए इंडस्ट्री के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए.
भोजपुरी सिनेमा में ड्रामा कभी खत्म नहीं होता, लेकिन इस बार जो बवाल शुरू हुआ है, उसने सोशल मीडिया का पारा पूरी तरह हाई कर दिया है. मामला जियो हॉटस्टार के शो 'भोजपुरी बवाल' से जुड़ा है. हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें भोजपुरी के 'जुबली स्टार' दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' रानी चटर्जी को इंडस्ट्री की 'मंथरा' कहते और 'आग लगाने वाली' बताते नजर आए. निरहुआ को लगा शायद बात यहीं खत्म हो जाएगी, लेकिन रानी चटर्जी ने जो पलटवार किया, उसने पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है.
'अगर आप राम हैं, और स्टेज के नीचे बैठी हीरोइनें सीता हैं?'
रानी चटर्जी ने अपने अंदाज में एक वीडियो शेयर कर निरहुआ की क्लास लगा दी. रानी ने कहा, "दिनेश जी कह रहे हैं कि असली मंथरा तो रानी चटर्जी हैं और उन्होंने ही आग लगाई है. ठीक है दिनेश जी, मैं मंथरा ही सही. लेकिन आप जरा ये बताइए कि अगर आप स्टेज पर बैठकर खुद को 'राम' समझ रहे हैं और मंच के नीचे मुस्कुरा रही हीरोइनें 'सीता स्वरूप' हैं, तो फिर हां, मैं मंथरा ही हूं." रानी ने साफ शब्दों में इशारा किया कि कैमरे के सामने शरीफ बनने वाले लोग असल जिंदगी में कैसे हैं.
View on Instagram
'आग लगानी होती तो छोटी बातों पर नहीं लगाती'
शो में अपनी एंट्री को लेकर रानी ने बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया कि उन्हें मेकर्स ने सिर्फ एक एपिसोड के लिए अप्रोच किया था, वो भी काजल राघवानी को सपोर्ट करने के लिए. रानी के मुताबिक, काजल उस वक्त अपने ब्रेकअप और करियर के फ्रस्ट्रेशन से गुजर रही थीं. रानी ने कहा, "मैंने बस एक दोस्त का साथ दिया. अगर मुझे भोजपुरी इंडस्ट्री में आग ही लगानी होती, तो इन छोटी-छोटी बातों (फिल्मों से निकालने जैसे ड्रामे) पर नहीं लगाती. मैं इन सब बचकानी चीजों से बहुत ऊपर हूं."
'घर में 50 गालियां दो और बाहर सोफिस्टिकेटेड बनो'
इंडस्ट्री में चल रहे दोहरे रवैये पर तंज कसते हुए रानी ने किसी को नहीं बख्शा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग इंस्टाग्राम और पॉडकास्ट पर जाकर ऐसे रिएक्ट कर रहे हैं जैसे बहुत बेकसूर हों. रानी ने कहा, "यह तो वही बात हो गई कि घर के अंदर 50 गालियां दो और बाहर निकलते ही जनता के सामने 'हेलो-हाय' करके सोफिस्टिकेटेड बनने का नाटक करो. शो में सब एक-दूसरे को गालियां दे रहे थे और फिनाले में साथ डांस कर रहे थे. जब आपकी वही चाय-चर्चा स्क्रीन पर दिख गई तो बुरा लग गया?"
'ना किसी हीरो के दम पर हूं, ना प्रोड्यूसर के'
रानी ने बेबाकी से अपने करियर पर बात करते हुए कहा कि उन्हें किसी का खौफ नहीं है. "मैं अपने दम पर खड़ी हूं. ना मैं किसी हीरो के भरोसे हूं, ना किसी प्रोड्यूसर, डायरेक्टर या चैनल के दम पर. काम करूंगी तो अपने दम पर, नहीं करूंगी तो भी अपने दम पर." रानी ने वीडियो के आखिर में निरहुआ को सीधे एड्रेस करते हुए कहा, "दिनेश जी, आपसे इस बचकाने कमेंट की उम्मीद बिल्कुल नहीं थी." लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि अगर कोई उन पर निशाना साधेगा, तो वो चुप बैठने वालों में से नहीं हैं. बवाल भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन यह जुबानी जंग अभी लंबी चलने वाली है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए