ePaper

World Tourism Day 2024 : जानें विश्व पर्यटन दिवस की थीम, मेजबान देश और इतिहास के बारे में

Updated at : 24 Sep 2024 1:02 PM (IST)
विज्ञापन
world tourism day 2024

world tourism day 2024

सितंबर की 27 तारीख को दुनिया भर में विश्व पर्यटन दिवस का उत्वस मनाने की तैयारी है. विश्व पर्यटन दिवस 2024 में इस बात पर ध्यान केंद्रित किया जायेगा कि पर्यटन कैसे शांति को बढ़ावा दे सकता है और सांस्कृतिक समझ में भी सुधार कर सकता है...

विज्ञापन

World Tourism Day 2024 : यात्रा हमारे जीवन में नये अनुभव जोड़ती. यात्राओं को एक शिक्षक के तौर पर भी देख सकते हैं, जो हमें एक बिल्कुल नयी दुनिया से परिचित कराती हैं और चीजों को एक नये दृष्टिकोण से देखने का मौका देती हैं. पर्यटन, जिसे अक्सर आर्थिक विकास में योगदान से जोड़ कर देखा जाता है, शांति को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. वैश्विक स्तर पर, जहां दुनिया भर के देश परस्पर जुड़े हुए हैं और एक-दूसरे पर निर्भर हैं, पर्यटन, लोगों द्वारा और लोगों के लिए बनाया गया उद्योग है. पर्यटन का असल में विभिन्न संस्कृतियों के बारे में सीखने, विदेशी भाषाओं को सुनने, विदेशी स्वादों को चखने, अलग-अलग भाषा एवं संस्कृति के लोगों के साथ संवाद स्थापित करने और सहिष्णुता का निर्माण करने का एक बेहद खूबसूरत माध्यम है.

विश्व पर्यटन दिवस 2024 की थीम

विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर पर्यटन के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए, संयुक्त राष्ट्र इस वर्ष विभिन्न संस्कृतियों को समझने और स्थायी पर्यटन प्रथाओं का अभ्यास करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए विश्व शांति पर ध्यान केंद्रित कर रहा है. इसलिए विश्व पर्यटन दिवस 2024 की थीम रखी गयी है- ‘पर्यटन और शांति’ (Tourism and Peace). इस वर्ष की थीम के बारे में बात करते हुए यूएन टूरिज्म की वेबसाइट में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है-‘पर्यटन लोगों को एक साथ लाता है. इस विश्व पर्यटन दिवस पर, हम पर्यटन और शांति के बीच गहरे संबंध पर विचार कर रहे हैं. सतत पर्यटन समुदायों को बदल सकता है – रोजगार पैदा कर सकता है, समावेशन को बढ़ावा दे सकता है और स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को मजबूत कर सकता है. सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को महत्व देने और संरक्षित करने से, यह तनाव को कम करने और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है.’

पूर्वी यूरोप में स्थित यह देश बना है मेजबान

अक्तूबर 1997 में यूएन डब्ल्यूटीओ महासभा ने विश्व पर्यटन दिवस के उत्सव में संयुक्त राष्ट्र के भागीदार के रूप में कार्य करने के लिए प्रत्येक वर्ष एक मेजबान देश को नामित करने का फैसला किया था. तभी से हर वर्ष एक देश को मेजबान के तौर पर चुना जाता है. विश्व पर्यटन दिवस 2024 का मेजबान देश है जॉर्जिया. यह पूर्वी यूरोप में स्थित एक खूबसूरत देश है. इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस 2024 का आधिकारिक सम्मेलन और कार्यक्रम 26 से 28 सितंबर तक जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी में आयोजित किया जा रहा है. 

विश्व पर्यटन दिवस का इतिहास 

वर्ष 1980 से हर साल 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस मनाया जा रहा है. यह तारीख विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र पर्यटन कानून को अपनाने की सालगिरह का जश्न मनाने के लिए चुनी गयी थी. संयुक्त राष्ट्र पर्यटन कानून की संकल्पना 27 सितंबर, 1970 को की गयी थी. इन कानूनों को वैश्विक पर्यटन में एक मील का पत्थर माना जाता है. यह दिन उत्तरी गोलार्ध में उच्च मौसम के अंत और दक्षिणी गोलार्ध में मौसम की शुरुआत का भी प्रतीक है. 

इसे भी पढ़ें : Panch Kedar : एक ही यात्रा में करें पंच केदार मंदिरों की यात्रा

विज्ञापन
Preeti Singh Parihar

लेखक के बारे में

By Preeti Singh Parihar

Senior Copywriter, 15 years experience in journalism. Have a good experience in Hindi Literature, Education, Travel & Lifestyle...

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola