झारखंड: धनबाद में इमारत में भीषण आग लगने से 14 की मौत, पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

Published by : Amitabh Kumar Updated At : 01 Feb 2023 7:23 AM

विज्ञापन

झारखंड की राजधानी रांची से करीब 160 किलोमीटर दूर धनबाद में जोड़ाफाटक इलाके के आशीर्वाद टावर में शाम छह बजे आग लगी. जानें क्या है ताजा अपडेट

विज्ञापन

Dhanbad Fire in Apartment : झारखंड के धनबाद जिले में शक्ति मंदिर रोड स्थित आशीर्वाद अपार्टमेंट में मंगलवार शाम भीषण आग लग गयी जिसमें झुलसकर 10 महिलाओं और तीन बच्चों समेत 14 लोगों की मौत हो गयी. हादसे में 18 अन्य लोग घायल हो गये हैं. हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है.

पीएमओ ने इस बाबत दो ट्वीट किया है. पीएम मोदी ने कहा कि धनबाद में आग लगने से कई लोगों की मौत की सूचना मिली जिससे मुझे गहरा दुख हुआ है. मेरी संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. पीएम नरेंद्र मोदी ने मुआवजे का भी ऐलान किया. उन्होंने कहा कि धनबाद अग्निकांड में प्रत्येक मृतक के परिजन को पीएमएनआरएफ की ओर से दो लाख रुपये दिये जाएंगे जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी.


अग्निशमन दल ने आग पर काबू पा लिया

प्रदेश की राजधानी रांची से करीब 160 किलोमीटर दूर धनबाद में जोड़ाफाटक इलाके के आशीर्वाद टावर में शाम छह बजे आग लगी जिसमें झुलसकर 14 लोगों की मौत हो गयी. इस बीच झारखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कार्रवाई) संजय आनंदराव लाठकर ने बताया कि रात्रि लगभग नौ बजे तक अग्निशमन दल ने आग पर काबू पा लिया. मृतकों की संख्या में वृद्धि होने की आशंका है. आग लगने के सटीक कारण का जांच के बाद ही पता लग सकेगा.

दमकल कर्मी व पुलिस अधिकारी भी हुए बेहोश

आग पर काबू करने पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को अधिकारी लक्ष्मण यादव लीड कर रहे थे. विभाग के पास मौजूद छह बड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के अलावा बस्ताकोला स्थित रेस्क्यू फायर गाड़ियों का भी प्रयोग किया गया. भयानक आग लगने से फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां लगातार पानी भर के ला रही थीं. फायर अधिकारी लक्ष्मण यादव ने दर्जनों घायल लोगों और करीब 10 मृतकों को बाहर निकाला. इस दौरान वे खुद धुएं की वजह से बेहोश हो गये. उनके स्टाफ ने किसी तरह से उन्हें बाहर निकाला.

युद्ध स्तर पर राहत कार्य जारी : सीएम

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धनबाद में आशीर्वाद अपार्टमेंट में अगलगी की घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिवार से संवेदना जताते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि घटना मर्माहत करनेवाली है. जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर बचाव कार्य में लगा हुआ है. घायलों का उपचार कराया जा रहा है. वह स्वयं इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं.

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन