Women's IPL 2023: पहले संस्करण में पांच टीमें लेंगी हिस्सा, जानें कब से शुरू होगा महिला आईपीएल

महिला आईपीएल के पहले संस्करण में पांच टीमें ही खेलेंगे. हर टीम एक-दूसरे से दो बार भिड़ेंगी. एक टीम में अधिकतम छह विदेशी खिलाड़ियों को रखा जायेगा. एक टीम में अधिकतम 18 खिलाड़ी होंगे. महिला आईपीएल का आयोजन पुरुष आईपीएल से पहले मार्च में किया जायेगा. टीम के नीलामी की घोषणा बाद में की जायेगी.
नयी दिल्ली : बहुप्रतीक्षित महिला आईपीएल (डब्ल्यूआईपीएल) का आयोजन अगले साल पुरुषों के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से पहले मार्च में किया जायेगा. इसमें पांच टीम भाग लेंगी. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक ‘नोट’ के अनुसार टूर्नामेंट में कुल 20 लीग मैच होंगे जिसमें टीमें दो बार एक-दूसरे का सामना करेंगी. अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम को फाइनल में जगह मिलेगी जबकि दूसरे और तीसरे स्थान की टीम एलिमिनेटर में खेलेंगी.
पीटीआई के पास मौजूद नोट के अनुसार प्रत्येक टीम अपनी अंतिम एकादश में पांच विदेशी खिलाड़ियों को रख सकती है. इसमें कहा गया है, ‘घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के बीच संतुलन बनाने और अधिक प्रतिस्पर्धी टीम तैयार करने के लिए महिला आईपीएल में फिलहाल पांच टीम रखने का फैसला किया गया है. प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे जबकि कोई भी टीम छह विदेशी खिलाड़ियों से अधिक को नहीं रख सकती.’
Also Read: महिला आईपीएल का आयोजन 2023 मार्च में होगा! BCCI ने सेट किया अलग विंडो, रिपोर्ट में किया गया दावा
बीसीसीआई के नोट के अनुसार, ‘इसके अलावा प्रत्येक टीम के अंतिम एकादश में पांच से अधिक विदेशी खिलाड़ी नहीं हो सकते हैं. इनमें से चार खिलाड़ी आईसीसी के पूर्णकालिक सदस्य देशों और एक खिलाड़ी आईसीसी के एसोसिएट सदस्य देशों से होगा.’ ऑस्ट्रेलिया में महिला बिग बैश लीग और ब्रिटेन में द हंड्रेड में तीन से अधिक विदेशी खिलाड़ियों को नहीं रख सकते हैं. इनमें प्रत्येक टीम में कुल 15 खिलाड़ी होते हैं.
बोर्ड इस पर भी विचार कर रहा है कि टीमों की संख्या सीमित होने के कारण घरेलू मैदान और प्रतिद्वंदी टीम के मैदान में मैचों का आयोजन करना संभव नहीं होगा. इस टूर्नामेंट का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में नौ से 26 फरवरी तक होने वाले महिला टी20 विश्व कप के तुरंत बाद किया जा सकता है. बीसीसीआई के अनुसार, ‘महिला आईपीएल में घरेलू और विरोधी टीम के मैदानों पर मैचों का आयोजन करना चुनौतीपूर्ण होगा. इसलिए यह सुझाव दिया गया है पहले 10 मैच एक स्थान पर और बाकी 10 मैच किसी दूसरे स्थान पर आयोजित किये जाएं.’
Also Read: मिताली राज क्रिकेट में एक पारी और खेलने को तैयार, महिला आईपीएल को लेकर कह दी बड़ी बात
जहां तक टीमों की बिक्री का सवाल है तो यह क्षेत्रीय आधार पर हो सकता है तथा बोर्ड प्रत्येक क्षेत्र से दो शहरों का चयन कर रहा है. इनमें धर्मशाला/जम्मू (उत्तरी क्षेत्र), पुणे/राजकोट (पश्चिम), इंदौर/नागपुर/रायपुर (मध्य), रांची/कटक (पूर्व), कोच्चि/विशाखापट्टनम (दक्षिण) और गुवाहाटी (उत्तर-पूर्व) शामिल हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




