IND vs SA T20: अर्शदीप और चाहर ने भारत को दिलाई बड़ी जीत, राहुल-सूर्यकुमार ने जड़ा अर्धशतक

भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहले मुकाबले में बुधवार को टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट से करारी मात दी. मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 107 रनों का लक्ष्य दिया. जिसे भारत ने 16.4 ओवर में ही हासिल कर लिया.
IND vs SA T20 Highlights: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से हरा दिया. तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और दीपक चाहर की तूफानी गेंदबाजी और सूर्यकुमार यादव की शानदार बल्लेबाजी की मदद से भारत ने शानदार जीत दर्ज की. पहले गेंदबाजी करते हुए भारत ने दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट पर 106 रन पर रोक दिया. जवाब में 16.4 ओवर में दो विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल किया.
नमी और उछालभरी पिच पर सूर्यकुमार यादव ने 33 गेंद में नाबाद 50 रन बनाये जबकि केएल राहुल ने 56 गेंद में 51 रन की नाबाद पारी खेली. वहीं भारत ने कप्तान रोहित शर्मा(0) और विराट कोहली (तीन) के विकेट जल्दी गंवा दिये लेकिन सूर्यकुमार और राहुल ने इसके बाद 90 रन की साझेदारी करके भारत को जीत तक पहुंचाया. कैगिसो रबाडा ने रोहित को और एनरिच नोर्किया ने कोहली को पवेलियन भेजा.
Also Read: IND vs SA T20 Highlights: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट से हराया, राहुल और सूर्यकुमार ने जड़ा अर्धशतक
इससे पहले पीठ की समस्या के एक बार फिर उभरने के बाद जसप्रीत बुमराह मैच से बाहर हो गए जिसके बाद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप (32 रन पर तीन विकेट) और चाहर (24 रन पर दो विकेट) ने गेंद को दोनों तरफ मूव कराके बल्लेबाजों को परेशान किया. इन दोनों गेंदबाजों ने सतह से मिल रहे उछाल और हवा में स्विंग का पूरा फायदा उठाकर गेंद को दोनों ओर मूव कराया. दक्षिण अफ्रीका की टीम मैच की शुरुआती 15 गेंद में ही बैकफुट पर आ गई और टीम कुछ समझ पाती इससे पहले ही उसका स्कोर नौ रन पर पांच विकेट हो गया.
चाहर ने सबसे पहले आउटस्विंग के जाल में तेम्बा बावुमा (00) को फंसाया और फिर उन्हें स्विंग होकर अंदर आती गेंद पर बोल्ड कर दिया. अर्शदीप ने बाएं हाथ के बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (01) से गेंद को दूर ले जाते हुए शुरुआत की और यह बल्लेबाज तेज प्रहार करने की कोशिश में गेंद को विकेटों पर खेल गया. बाएं हाथ के एक अन्य बल्लेबाज रिली रोसेसु (00) भी अपने से दूर जाती अर्शदीप की इनस्विंग पर विकेटकीपर ऋषभ पंत को कैच थमा बैठे. हालांकि जिस गेंद को लंबे समय तक याद रखा जाएगा वह अर्शदीप ने डेविड मिलर (00) को डाली. मिलर आउटस्विंग की उम्मीद कर रहे थे और वह इसके लिए फ्रंट फुट पर आ गए लेकिन गेंदबाज ने इनस्विंग डाली और बल्लेबाज शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गया. टी20 क्रिकेट की नई सनसनी ट्रिस्टन स्टब्स (00) भी चाहर की उछाल लेती गेंद को हवा में खेल गए और अर्शदीप ने आगे की ओर कूदते हुए उनका अच्छा कैच लपका.
Also Read: IND vs SA: T20 वर्ल्ड कप से पहले भारत के लिए बड़ी खुशखबरी, मोहम्मद शमी हुए कोरोना निगेटिव
पांच विकेट गंवाने के बाद दक्षिण अफ्रीका के लिए वापसी की राह काफी मुश्किल थी और उम्मीद के मुताबिक ऐसा ही हुआ. ऐडन मार्कराम (24 गेंद में 25 रन), वेन पार्नेल (37 गेंद में 24 रन) और केशव महाराज (35 गेंद में 41 रन) ने उम्दा पारियां खेलते हुए टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. मेहमान टीम हालांकि पावर प्ले के शुरुआती तीन ओवरों में मिले झटकों से कभी नहीं उबर पाई. आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (चार ओवर में बिना विकेट के आठ रन) और बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल (चार ओवर में 16 रन पर एक विकेट) ने काफी किफायती गेंदबाजी की. हर्षल पटेल ने भी 26 रन देकर दो विकेट चटकाए.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




