ePaper

IND vs SA: गुवाहाटी के स्टेडियम में फिर दिखा कुप्रबंधन, मैदान पर निकला सांप तो फ्लड लाइट में आयी खराबी

Updated at : 02 Oct 2022 11:37 PM (IST)
विज्ञापन
IND vs SA: गुवाहाटी के स्टेडियम में फिर दिखा कुप्रबंधन, मैदान पर निकला सांप तो फ्लड लाइट में आयी खराबी

गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में एक बार फिर कुप्रबंधन का नजारा देखने को मिला है. यहां भारत की पारी के दौरान मैदान पर सांप निकल आया और खेल रोकना पड़ा. इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी में फ्लड लाईट में खराबी आ गयी और एक बार फिर से खेल को काफी देर तक रोका गया.

विज्ञापन

गुवाहाटी : असम क्रिकेट संघ (एसीए) की मेजबानी में खेले जाने वाले अंतरराष्ट्रीय मैचों में अक्सर कुप्रबंधन देखने को मिला जाता है और रविवार को यहां के बारसापारा स्टेडियम में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में यही हालात रहे. मैच में भारतीय पारी के दौरान मैदान पर एक सांप निकल आया तो वहीं दक्षिण अफ्रीका की पारी के दौरान स्टेडियम में फ्लड लाइट (दूधिया रोशनी) में खराबी के कारण दूसरी बार मैच को रोकना पड़ा.

दक्षिण अफ्रीका की पारी में बिजली गुल

पारी के तीसरे ओवर में दीपक चाहर की पहली गेंद के बाद जब दक्षिण अफ्रीका की टीम दो विकेट पर पांच रन बनाकर संघर्ष कर रही थी तब चार फ्लड लाइट टावरों में से एक की बत्ती गुल हो गयी और 18 मिनट तक खेल रुका रहा. इस दौरान सभी खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में वापस चले गये और खेल फिर से शुरू होने से पहले सभी लाइट को एक-एक कर के जलने में लगभग छह मिनट लगे. असम क्रिकेट संघ के सचिव देवजीत सैकिया ने इसे ‘तकनीकी गड़बड़ी’ करार दिया.

Also Read: IND vs SA T20: टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से हराया, डेविड मिलर का शतक बेकार
प्रबंधक ने बतायी तकनीकी खराबी

उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘हमारे पास बिजली के पहलू को संभालने वाली तीन पार्टियां हैं, हमारी अपनी 25 सदस्यीय टीम, राज्य बिजली विभाग और एक तीसरा (आउटसोर्स) समूह. यह घटना शायद वोल्टेज की समस्या के कारण हुई, कुछ तकनीकी खराबी के कारण.’ सैकिया ने कहा कि एसीए ने मैच को बिजली देने के लिए जनरेटर सेट का इस्तेमाल किया है और वे बिजली विभाग से इसकी आपूर्ति पर निर्भर नहीं हैं. मैच से पहले मीडिया दल को भी इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा क्योंकि मैच में कुछ ओवर तक रोशनी नहीं थी.

2020 में भी हुई थी परेशानी

अधिकारियों को गलती का पता लगाने में घंटों लग गये. भारतीय पारी के दौरान मैदान में एक्स्ट्रा कवर क्षेत्र पर एक सांप निकलने के कारण खेल पांच मिनट तक रोकना पड़ा. मैदान कर्मी ने बाल्टी की मदद से सांप को मैदान से बाहर किया. इस स्थल पर पिछले अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान भी कुप्रबंधन ने सुर्खियां बटोरी थी. जनवरी 2020 में भारत-श्रीलंका के बीच शुरुआती टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान तीन स्तर के कवर के बाद पिच पानी से गीली हो गयी थी. एसीए ने तब पिच को सुखाने के लिए हेयर ड्रायर, स्टीम आयरन, बैटरी से चलने वाले पंखे और अन्य उपकरण का इस्तेमाल किया लेकिन यह काफी साबित नहीं हुआ.

Also Read: IND vs SA: रांची के दर्शक नहीं देख पायेंगे रोहित शर्मा और विराट कोहली की बल्लेबाजी, ये है असल वजह

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola