टल गई SBI की हड़ताल, 25 और 26 मई को खुले रहेंगे बैंक

SBI Bank Strike (Photo: Justdial)
SBI Bank Strike: 25-26 मई की देशव्यापी हड़ताल टली, सभी शाखाएं आम दिनों की तरह खुली रहेंगी. जानिए क्या थीं कर्मचारियों की मुख्य मांगें.
SBI Bank Strike: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों के लिए एक बहुत अच्छी खबर है. 25 और 26 मई (सोमवार और मंगलवार) को होने वाली देशव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है. बैंक मैनेजमेंट और कर्मचारी यूनियन के बीच हुई बातचीत में मांगों पर सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया. इसका मतलब है कि अब देश भर में एसबीआई की सभी शाखाएं आम दिनों की तरह खुली रहेंगी और बैंकिंग कामकाज में कोई रुकावट नहीं आएगी.
हड़ताल टलने से ग्राहक क्यों बच गए बड़ी परेशानी से?
अगर यह हड़ताल होती, तो लगातार कई दिनों तक बैंक बंद रहने का संकट खड़ा हो जाता. दरअसल, 23 मई को महीने का दूसरा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण बैंक पहले से ही बंद थे. इसके ठीक बाद 25 और 26 मई को हड़ताल का ऐलान था, और फिर 27 व 28 मई को कई राज्यों में बकरीद की छुट्टियां हैं. ऐसे में अगर हड़ताल होती, तो लगातार छह दिनों तक बैंकिंग सेवाएं ठप हो सकती थीं, जिससे कैश किल्लत और चेक क्लियरिंग जैसी बड़ी दिक्कतें आ जातीं.
आखिर बैंक कर्मचारी हड़ताल पर क्यों जा रहे थे?
‘ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन’ (AISBISF) ने कर्मचारियों की कई पुरानी और लंबित मांगों को लेकर इस हड़ताल का आह्वान किया था. यूनियन का आरोप था कि बैंक मैनेजमेंट के साथ बातचीत सही तरीके से नहीं चल रही थी, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी थी.
कर्मचारियों की मुख्य मांगें इस प्रकार थीं:
- भर्तियों में कमी: पिछले 30 सालों से मैसेंजर (जो कैश और जरूरी डॉक्युमेंट्स लाते-ले जाते हैं) की भर्ती नहीं हुई है.
- सुरक्षा की चिंता: एटीएम चोरी और हमलों के बावजूद 2022 के बाद से नए आर्म्ड गार्ड्स (हथियारबंद सुरक्षाकर्मी) नहीं रखे गए.
- आउटसोर्सिंग का विरोध: परमानेंट नौकरियों (जैसे ट्रेड फाइनेंस, एग्रीकल्चर एसोसिएट और सुरक्षा सेवा) को बाहरी ठेके पर दिया जा रहा है.
- पेंशन के मुद्दे: नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत पेंशन फंड मैनेजर बदलने की अनुमति मिलने में देरी हो रही थी.
यहां देखें इस खबर से जुड़ी SBI की ऑफिशियल एक्स पोस्ट:
— State Bank of India (@TheOfficialSBI) May 22, 2026
बातचीत में ऐसा क्या हुआ कि मान गई यूनियन?
मुम्बई के कॉर्पोरेट सेंटर में शुक्रवार, 22 मई को एसबीआई मैनेजमेंट और स्टाफ फेडरेशन के बीच एक अहम बैठक हुई. यह मीटिंग काफी पाज़िटिव रही. यूनियन के मुताबिक, उनकी मांगों पर बैंक मैनेजमेंट ने लचीला रुख अपनाया और कई अहम मुद्दों पर “बड़ी प्रगति” हुई. दोनों पक्षों में एक आम सहमति बन गई है, जिसके बाद यूनियन ने अपने सभी आंदोलनकारी कार्यक्रमों और दो दिनों की हड़ताल को स्थगित करने का फैसला किया. एसबीआई ने आधिकारिक तौर पर एडवाइजरी जारी कर अपने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि 25 और 26 मई को सभी रूटीन बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी.
ये भी पढ़ें: मांगों को लेकर अड़े SBI कर्मचारी, 25 और 26 मई को हड़ताल, जानें क्या है वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Soumya Shahdeo
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










