ePaper

ईरान पर इजरायल के घातक प्रहार से शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स ने लगाया 212.85 अंकों का गोता

Updated at : 17 Jun 2025 4:12 PM (IST)
विज्ञापन
Stock Market Close

गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार.

Stock Market: इजरायल की ओर से ईरान पर घातक प्रहार के बाद भारतीय शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई. सेंसेक्स 212.85 अंक और निफ्टी 93.10 अंक टूटा. निवेशक भू-राजनीतिक तनाव और फेडरल रिजर्व की दरों पर निर्णय से पहले सतर्क नजर आए. सनफार्मा, जोमैटो, टाटा मोटर्स सहित कई दिग्गज कंपनियों के शेयर गिरे, जबकि टेक महिंद्रा, इन्फोसिस और टीसीएस जैसे शेयर मुनाफे में रहे. एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला और ब्रेंट क्रूड की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई.

विज्ञापन

Stock Market Close: इजरायल की ओर से ईरान पर घातक प्रहार से भारतीय शेयर बाजार में गिरावट आ गई. कारोबार के आखिर में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 0.26% या 212.85 अंक टूटकर 81,583.30 अंक पर बंद हुआ. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 0.37% या 93.10 अंक गिरकर 24,853.40 अंक पर पहुंच गया. शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 127.02 अंक की गिरावट के साथ 81,669.13 अंक और एनएसई निफ्टी 55 अंक फिसलकर 24,891.50 अंक पर खुले थे.

इजरायल-ईरान जंग से निवेशक सतर्क

इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग के मद्देनजर निवेशकों के सतर्क रुख के कारण सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई. विशेषज्ञों का कहना है कि इस सप्ताह के अंत में अमेरिकी फेडरल बैंक के ब्याज दर पर फैसला लेने से पहले निवेशक सतर्क हैं.

इन कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज

शेयर बाजार के कारोबार के आखिर में 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स में सनफार्मा, जोमैटो, टाटा मोटर्स, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, बजाज फिनसर्व, नेस्ले इंडिया, टाटा स्टील, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. एनएसई के निफ्टी 50 में अदाणी एंटरप्राइजेज, जोमैटो, डॉ रेड्डीज, टाटा मोटर्स और सनफार्मा के शेयर सबसे अधिक गिरे.

मुनाफे में रहे ये शेयर

बीएसई सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से आठ कंपनियों के शेयर मुनाफे में रहे. इनमें टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी इंडिया, टीसीएस, एनटीपीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावरग्रिड और एक्सिस बैंक शामिल हैं. निफ्टी 50 में लिस्टेड कंपनियों में से 38 के शेयर लाल निशान पर बंद हुए. 11 के शेयर में बढ़त देखी गई, जबकि 1 शेयर में किसी प्रकार का बदलाव नहीं हुआ. एनएसई निफ्टी में सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी इंडिया और टीसीएस शामिल हैं.

इसे भी पढ़ें: किस इस्लामिक देश के नोट पर छपा है भगवान गणेश और गरुड़ जी का फोटो, क्या आप जानते हैं?

एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख

एशिया के दूसरे बाजारों की बात करें, तो इनमें मिलाजुला रुख देखने को मिला. जापान के निक्केई और दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में बढ़त देखी गई, जबकि हांगकांग के हैंगसेंग और चीन के शंघाई कंपोजिट गिरावट के साथ बंद हुए. यूरोपीय बाजारों में नकारात्मक माहौल बना हुआ है. अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे. वैश्विक तेल बाजार में ब्रेंट क्रूड 1.65% बढ़त के साथ 74.44 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है.

इसे भी पढ़ें: एसबीआईसी से मिलेगा सस्ता होम और कार लोन, बैंक ने उठाया ये बड़ा कदम

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola