Business News Today: ओड़िशा में ‘फसल बीमा योजना’ के तहत खरीफ की आठ, रबी की नौ फसलें आयेंगी
Stock Market Update Today: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) कपड़ा, चमड़ा और खेल के सामान जैसे कई घरेलू क्षेत्रों को यूरोपीय बाजार में अधिक बाजार पहुंच प्रदान करने में मदद करेगा.
ओड़िशा में ‘फसल बीमा योजना’ के तहत खरीफ की आठ, रबी की नौ फसलें आयेंगी
ओड़िशा सरकार ने खरीफ सत्र-2022 के लिए आठ और रबी मौसम 2022-23 में नौ फसलों को ‘फसल बीमा योजना’ के तहत लाने का फैसला लिया है. मुख्य सचिव एससी महापात्र की अध्यक्षता में सोमवार को हुई राज्यस्तरीय फसल बीमा समन्वय समिति की बैठक में यह निर्णय किया गया. मुख्य सचिव ने फसल बीमा के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए बीमा कंपनियों को एक दो सप्ताह के अंदर किसानों के बैंक खाते में सभी तय राशि का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
कुछ हाथों में इंटरनेट-अर्थव्यवस्था केंद्रित होने से उपभोक्ता हितों की सुरक्षा जरूरीः सरकार
कई क्षेत्रों में इंटरनेट-आधारित आर्थिक गतिविधियों के कुछ कंपनियों तक ही सिमटकर रह जाने पर चिंता जताते हुए सरकार ने सोमवार को कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने और उन्हें शोषण से बचाने की जरूरत है. सरकार ने ऑनलाइन लेन-देन से संबंधित उपभोक्ता शिकायतें बढ़ने का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले महीने राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) पर पंजीकृत कुल शिकायतों में से 38-40 प्रतिशत ई-कॉमर्स व्यापार से संबंधित थीं.
भारत, यूरोप के बीच मुक्त व्यापार समझौता घरेलू उद्योगों के लिए रास्ते खोलने में मदद करेगा
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) कपड़ा, चमड़ा और खेल के सामान जैसे कई घरेलू क्षेत्रों को यूरोपीय बाजार में अधिक बाजार पहुंच प्रदान करने में मदद करेगा. भारत और यूरोपीय संघ ने आठ साल से अधिक के अंतराल के बाद 17 जून को औपचारिक रूप से व्यापार, निवेश और भौगोलिक संकेतकों (जीआई) पर समझौतों के लिए बातचीत फिर से शुरू की है. इस संबंध में दोनों के बीच अगले दौर की बातचीत यहां 27 जून से एक जु��ाई के बीच होगी.
5जी नीलामी : दूरसंचार कंपनियों ने निजी उपयोग वाले नेटवर्क पर जतायी चिंता
दूरसंचार कंपनियों ने 5जी नीलामी को लेकर सोमवार को आयोजित बोली पूर्व सम्मेलन में निजी उपयोग वाले नेटवर्क (कैप्टिव) को लेकर तकनीकी सवाल उठाये और चिंता जतायी. सूत्रों ने बताया कि दूरसंचार विभाग की तरफ से आयोजित बोली पूर्व सम्मेलन में रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया जैसी दूरसंचार कंपनियों ने भाग लिया. उन्होंने बताया कि इस बैठक में दूरसंचार कंपनियों की तरफ से उठाये गये प्रमुख मुद्दों में से एक निजी उपयोग वाले नेटवर्क से संबंधित है. इन कंपनियों ने नेटवर्क क्रियान्वयन दायित्वों से संबंधित मामलों और स्पेक्ट्रम आरक्षित करने के तरीके पर भी अधिक स्पष्टता मांगी है. रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया के देश भर में 114 करोड़ ग्राहक हैं. ये कंपनियां अब 5जी सेवाएं शुरू करने में जुटी हुई हैं.
एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस ने ब्याज दरें 0.60 प्रतिशत बढ़ायी
आवास वित्त कंपनी एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (एलआईसी एचएफएल) ने अपनी प्रमुख आवासीय ऋण ब्याज दर (एलएचपीएलआर) 0.60 प्रतिशत बढ़ाकर 7.50 प्रतिशत कर दी है. एलआईसी एचएफएल ने सोमवार को विज्ञप्ति में कहा कि इस वृद्धि के साथ आवास ऋण पर ब्याज दर अब 7.50 प्रतिशत से शुरू होगी. नयी ब्याज दरें 20 जून, 2022 से प्रभावी हैं. एलएचपीएलआर दरअसल मानक ब्याज दर है, जिससे एलआईसी एचएफएल के ऋणों की ब्याज दर जुड़ी हुई है.
यूनाइटेड एयरलाइंस बेंगलुरु से सैन फ्रांसिकों के लिए दैनिक उड़ानें शुरू करेगी
यूनाइटेड एयरलाइंस की वर्ष 2022 की अंतिम तिमाही में बेंगलुरु से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के लिए दैनिक उड़ानें शुरू करने की योजना है. बेंगलुरु स्थित कैम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी. इस बयान के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय एयरलाइन क्वांटस भी 14 सितंबर से सिडनी के लिए चार साप्ताहिक उड़ानें शुरू करेगी. बयान में कहा गया कि बेंगलुरु से एयर इंडिया की तेल अवीव के लिए दो साप्ताहिक उड़ानें और अमेरिकन एयरलाइन की सिएटल के लिए दैनिक उड़ानें शुरू करने की भी निकट भविष्य में योजना है. इसके अलावा महामारी से कुछ महीने पहले शुरू किये गये नये हवाई मार्गों को फिर से विमान परिचालन में जोड़ा गया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए