Live Updates

Business News: सेंसेक्स 241 अंक टूटा, NIFTY भी 20,133 पर पहुंचा, पीएसयू और ऑटो के शेयर में बढ़त

Updated:
विज्ञापन

Business News Live: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन ग्लोबल बाजार से कमजोर संकेत मिल रहे हैं. एशिया के बाजार में नरमी देखने के लिए मिल रही है. गिफ्टी निफ्टी में भी हल्की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है. जबकि, कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी नीचे फिसल कर ट्रेड कर रहा है. अमेरिकी वायदा बाजारों में खरीदारी दर्ज की जा रही है. पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय बाजार में रौनक देखने को मिली. बाजार ऑल टाइम हाई पर बंद हुआ. BSE सेंसेक्स 319 अंक चढ़कर 67,838 पर बंद हुआ था.

विज्ञापन

सेंसेक्स 241 अंक टूटा, NIFTY भी 20,133 पर पहुंचा, पीएसयू और ऑटो के शेयर में बढ़त

भारतीय शेयर बाजार में बढ़त का दौर सप्ताह के पहले कारोबारी दिन रुक गया. आज BSE सेंसेक्स 241.79 अंक टूटकर 67,596.84 अंक पर बंद हुआ. जबकि, निफ्टी 59.05 अंक के नुकसान से 20,133.30 अंक पर बंद हुआ.

जेएसडब्ल्यू इन्फ्रा का आईपीओ 25 सितंबर को खुलेगा, मूल्य दायरा 113-119 रुपये प्रति शेयर

जेएसडब्ल्यू समूह की इकाई जेएसडब्ल्यू इन्फ्रा का 2,800 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 25 सितंबर को खुलेगा. कंपनी ने इसके लिए मूल्य दायरा 113-119 रुपये प्रति शेयर तय किया है. सार्वजनिक निर्गम में पूरी तरह से 2,800 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे. निवेशक कम से कम 126 इक्विटी शेयर और उसके बाद 126 इक्विटी शेयरों के गुणक में बोली लगा सकते हैं. बंदरगाह से जुड़ी विनिर्माण कंपनी जेएसडब्ल्यू इन्फ्रास्ट्रक्चर समुद्र संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराती है. इनमें माल आवाजाही, भंडारण, लॉजिस्टिक सेवाएं और अन्य मूल्य-वर्द्धित सेवाएं हैं. कंपनी आईपीओ से प्राप्त राशि में से 880 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और 865.75 करोड़ रुपये का पूंजीगत जरूरतों के लिए करेगी.

धनंजय जोशी को दूरसंचार उद्योग निकाय डीआईपीए का अध्यक्ष किया गया नियुक्त

डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर एसोसिएशन (डीआईपीए) ने समिट डिजिटल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) धनंजय जोशी को चेयरमैन नियुक्त किया है. जोशी इस पद पर भारती एंटरप्राइजेज के चेयमैन अखिल गुप्ता का स्थान लेंगे. गुप्त 2011 से दूरसंचार उद्योग से जुड़े इस निकाय के चेयरमैन हैं. बयान के अनुसार, डीआईपीए ने अमेरिकन टावर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी संदीप गिरोत्रा को एसोसिएशन का वाइस चेयरमैन नियुक्त किया है. जोशी और गिरोत्रा एक अक्टूबर 2023 को अपना-अपना पदभार ग्रहण करेंगे. बयान में कहा गया, अखिल गुप्ता ने डीआईपीए के संरक्षक सदस्य का पद संभालने के कार्यकारी समिति के सदस्यों के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है.

पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल में लगी आग, कीमत 330 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची 

पाकिस्तान की कार्यवाहक सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी करते हुए इसे रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा दिया है. गंभीर नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमत लगभग 330 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि मुद्रास्फीति दर पहले से ही दहाई अंक में पहुंची हुई है. कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकड़ की मंजूरी मिलने के बाद वित्त मंत्रालय ने पेट्रोल की कीमत में 26.02 रुपये और डीजल की कीमत में 17.34 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का आदेश जारी कर दिया. इसके बाद, पेट्रोल और ‘हाई-स्पीड’ डीजल (एचएसडी) की कीमतें 330 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा हो गई हैं. समाचार-पत्र ‘डॉन’ ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों का 330 रुपये प्रति लीटर पर पहुंचना एक मनोवैज्ञानिक अवरोध के टूटने जैसा है.

जुपिटर लाइफलाइन का शेयर 34 प्रतिशत उछाल के साथ लिस्ट, 1,028.30 रुपये पर पहुंचा दाम

जुपिटर लाइफलाइन हॉस्पिटल लिमिटेड (Jupiter Lifeline Hospital) के शेयर ने सोमवार को बाजार में शानदार शुरुआत की और 735 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले करीब 34 प्रतिशत उछाल के साथ सूचीबद्ध हुए. बीएसई पर शेयरों ने निर्गम मूल्य से से 30.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ 960 रुपये पर शुरुआत की. बाद में यह 39.90 प्रतिशत उछलकर 1,028.30 रुपये पर पहुंच गए. एनएसई पर उसने 32.38 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 973 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार शुरू किया. कंपनी का बाजार मूल्यांकन 6,714.62 करोड़ रुपये रहा. जुपिटर लाइफलाइन हॉस्पिटल लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) को 63.72 गुना अभिदान मिला था. आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 695-735 रुपये प्रति शेयर रखा गया है.

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया सीमित दायरे में कर रहा है कारोबार

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को रुपया शुरुआती कारोबार में सीमित दायरे में रहा. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और अमेरिकी मुद्रा में मजबूती के साथ ही घरेलू बाजार के नकारात्मक रुख का असर रुपये पर पड़ा. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.09 प्रति डॉलर पर खुला जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की बढ़त है. शुरुआती कारोबार में रुपया 83.13 प्रति डॉलर पर भी पहुंच गया था. शुक्रवार को रुपया 83.16 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 105.27 पर आ गया. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 94.31 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.

विज्ञापन
विज्ञापन
Madhuresh Narayan

लेखक के बारे में

By Madhuresh Narayan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola