ePaper

विदेशी पूंजी के दम पर शेयर बाजार बम-बम, सेंसेक्स ने लगाई 1046.30 अंकों की छलांग

Updated at : 20 Jun 2025 4:14 PM (IST)
विज्ञापन
Stock Market

Stock Market

Stock Market: विदेशी पूंजी प्रवाह और एशियाई बाजारों के सकारात्मक संकेतों से घरेलू शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल दर्ज हुई. सेंसेक्स 1046.30 अंकों की छलांग के साथ 82,408.17 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 319.15 अंकों की बढ़त के साथ 25,112.40 पर रहा. भारती एयरटेल और टाटा ट्रेंट टॉप गेनर रहे. विश्लेषकों के अनुसार बाजार अभी 24,500-25,000 की रेंज में रहेगा. एशियाई और अमेरिकी बाजारों में भी मिला-जुला रुख देखा गया. ब्रेंट क्रूड 77 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा.

विज्ञापन

Stock Market: विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ने और एशियाई बाजारों के सकारात्मक रुख की वजह से कारोबारी सप्ताह के आखिरी सत्र शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार बम-बम करता रहा. कारोबार के आखिर में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1.29% या 1046.30 अंक की जोरदार छलांग लगाकर 82,408.17 अंक के स्तर पर पहुंच गया. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 1.29% या 319.15 अंक की बढ़त के साथ 25,112.40 अंक पर बंद हुआ. सुबह के शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स सपाट शुरुआत के बाद 289.43 अंक चढ़कर 81,651.30 अंक पर पहुंच गया. एनएसई निफ्टी 88.25 अंक की बढ़त के साथ 24,881.50 अंक पर रहा.

बीएसई सेंसेक्स में भारती एयरटेल को सबसे अधिक मुनाफा

शेयर बाजार के कारोबार के आखिर में बीएसई सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से 29 के शेयर मुनाफे में रहे. इनमें सबसे अधिक मुनाफा भारती एयरटेल ने कमाया. बीएसई में लाभ में रहने वाले दूसरे शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, नेस्ले इंडिया, नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन, जोमैटो, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और सनफार्मा आदि प्रमुख हैं. हालांकि, केवल एक कंपनी मारुति एंड सुजुकी का शेयर नुकसान में रहा.

एनएसई निफ्टी में टाटा की ट्रेंट रही टॉप गेनर

एनएसई निफ्टी 50 में 44 कंपनियों के शेयर मुनाफे में रहे, जबकि 6 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए. इन 50 कंपनियों में टाटा ग्रुप की ट्रेंट के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे. लाभ कमाने वाले दूसरे शेयरों में जियो फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय एयरटेल और नेस्ले इंडिया प्रमुख हैं. हालांकि, हीरो मोटोकॉर्प, डॉ रेड्डी, मारुति सुजुकी, ओएनजीसी और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे.

क्या कहते हैं बाजार विश्लेषक

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ वीके विजयकुमार कहते हैं, ”निफ्टी पिछले एक महीने से 24500-25000 रेंज में कारोबार कर रहा है और निकट भविष्य में भी इसी रेंज में रहने की संभावना है. इस रेंज का ऊपरी हिस्सा केवल इजरायल-ईरान संघर्ष के कम होने या युद्ध के अचानक समाप्त होने की खबर पर ही टूट सकता है. इस पर अनिश्चितता बरकरार है. उन्होंने कहा कि निफ्टी के निचले रेंज के टूटने की संभावना नहीं है, क्योंकि घरेलू संस्थानों द्वारा बड़ी खरीदारी गिरावट पर उभरेगी. उन्होंने कहा कि अगर युद्ध जारी रहता है और कच्चा तेल 85 डॉलर से ऊपर चढ़ता है, तब रेंज का निचला बैंड टूटेगा.

इसे भी पढ़ें: रूस में मंदी की दस्तक, विदेशी निवेश की कमी और सैन्य निर्भरता से बढ़ा आर्थिक संकट

एशियाई बाजारों का हाल

एशिया के दूसरे बाजारों की बात करें, हांगकांग के हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में सकारात्मक रुख रहा, जबकि जापान के निक्केई और चीन के शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहे. यूरोपीय बाजारों में बढ़त देखी जा रही है. गुरुवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे. वैश्विक तेल बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.22% की गिरावट के साथ 77.00 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया.

इसे भी पढ़ें: एसआईपी का 12x12x25 फॉर्मूला नहीं जानता भारत, जान जाएगा तो घर लाएगा दो करोड़ की पेटी

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola