3000 मंथली पेंशन का करना है इंतजाम! हर दिन करें 2 से 7 रुपये जमा, जानें क्या है यह सरकारी स्कीम
2 रुपये से शुरू, 3000 तक मंथली पेंशन स्कीम, एआई फोटो
PM Shram Yogi Maandhan Yojana: असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले पात्र लोग प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से जुड़कर 60 साल की उम्र के बाद हर महीने 3,000 रुपये की पेंशन पा सकते हैं. इसके लिए उम्र के हिसाब से हर महीने 55 से 200 रुपये तक जमा करने होते हैं और इतनी ही रकम केंद्र सरकार भी देती है.
PM Shram Yogi Maandhan Yojana: बुढ़ापे में हर महीने कुछ तय आमदनी होती रहे तो रोजमर्रा के खर्च को संभालना आसान हो सकता है. खासकर दिहाड़ी मजदूर, घरेलू कामगार, रेहड़ी-पटरी लगाने वाले और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए यह बड़ी चिंता होती है. ऐसे लोगों के लिए केंद्र सरकार प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना चला रही है.
इस योजना में पात्र व्यक्ति को अपनी उम्र के हिसाब से हर महीने 55 रुपये से 200 रुपये तक जमा करने होते हैं. यह रकम करीब 2 से 7 रुपये रोज के बराबर बैठती है. खास बात यह है कि जितना पैसा लाभार्थी जमा करता है, उतनी ही राशि केंद्र सरकार भी अपनी ओर से देती है. 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थी को हर महीने 3,000 रुपये की पेंशन मिलती है.
क्या है प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना?
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए बनाई गई एक स्वैच्छिक पेंशन योजना है. इसकी शुरुआत 2019 में की गई थी. योजना में शामिल व्यक्ति को 60 साल की उम्र तक नियमित रूप से तय रकम जमा करनी होती है. अगर किसी व्यक्ति का मासिक योगदान 100 रुपये बनता है तो केंद्र सरकार भी उसके लिए 100 रुपये का बराबर योगदान करती है.
कौन जुड़ सकता है इस योजना से?
योजना में शामिल होने के समय व्यक्ति की उम्र 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए. उसकी मासिक आय 15,000 रुपये या उससे कम होनी चाहिए. घरेलू कामगार, रेहड़ी-पटरी वाले, रिक्शा चालक, खेतिहर और भूमिहीन मजदूर, निर्माण श्रमिक, बीड़ी मजदूर, हथकरघा कामगार और चमड़ा उद्योग समेत दूसरे असंगठित क्षेत्र के पात्र कामगार इस योजना में शामिल हो सकते हैं.
किन लोगों को नहीं मिलेगा फायदा?
ऐसे व्यक्ति जो पहले से EPFO, ESIC या सरकार के अंशदान वाली NPS जैसी सामाजिक सुरक्षा योजना से जुड़े हैं, वे PM-SYM में शामिल नहीं हो सकते. इसके अलावा आयकर देने वाले व्यक्ति भी इस योजना के पात्र नहीं हैं.
हर महीने कितना पैसा जमा करना होगा?
कितना योगदान देना है, यह इस बात पर तय होता है कि व्यक्ति किस उम्र में योजना से जुड़ रहा है. कम उम्र में जुड़ने पर कम रकम और अधिक उम्र में जुड़ने पर ज्यादा रकम देनी होती है. 18 साल की उम्र में योजना से जुड़ने वाले व्यक्ति को हर महीने 55 रुपये जमा करने होते हैं. वहीं 40 साल की उम्र में जुड़ने वाले व्यक्ति का मासिक योगदान 200 रुपये होता है. यह योगदान 60 साल की उम्र तक जारी रहता है.
कब से मिलेगी 3000 रुपये की पेंशन?
योजना की शर्तों को पूरा करने और 60 साल तक नियमित योगदान करने के बाद लाभार्थी को हर महीने कम से कम 3,000 रुपये की पेंशन मिलती है. इस तरह नौकरी या मजदूरी करने की क्षमता कम होने के बाद भी हर महीने एक तय राशि का सहारा मिल सकता है.
कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
पात्र व्यक्ति अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर यानी CSC पर जाकर प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में रजिस्ट्रेशन करा सकता है. इसके लिए आधार कार्ड और बचत बैंक या जनधन खाते की जानकारी की जरूरत होती है. नामांकन के बाद मासिक योगदान बैंक खाते से अपने आप कट सकता है. योजना में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी है. पात्र व्यक्ति आधिकारिक मानधन पोर्टल maandhan.in के जरिए भी नामांकन कर सकता है.
Also Read: Bank Holiday: 16 से 30 सितंबर तक 8 दिन बंद रहेंगे बैंक, जानें आपके शहर में किस तारीख को होगी छुट्टी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए