ePaper

100 लाख करोड़ रुपये के पूंजीकरण के साथ बीएसई हुआ दुनिया के 10 शीर्ष शेयर बाजारों में शामिल

Updated at : 28 Nov 2014 12:35 PM (IST)
विज्ञापन
100 लाख करोड़ रुपये के पूंजीकरण के साथ बीएसई हुआ दुनिया के 10 शीर्ष शेयर बाजारों में शामिल

मुंबई: देश का प्रमुख शेयर बाजार बीएसई ने अपने 140 साल के इतिहास में पहली बार आज 100 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड बाजार पूंजीकरण के स्तर पर पहुंचने के साथ ही दुनिया के 10 शीर्ष शेयर बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत बना ली है. बीएसई 1,600 अरब डॉलर के बाजार पूंजीकरण के साथ विश्व […]

विज्ञापन

मुंबई: देश का प्रमुख शेयर बाजार बीएसई ने अपने 140 साल के इतिहास में पहली बार आज 100 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड बाजार पूंजीकरण के स्तर पर पहुंचने के साथ ही दुनिया के 10 शीर्ष शेयर बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत बना ली है.

बीएसई 1,600 अरब डॉलर के बाजार पूंजीकरण के साथ विश्व स्तर पर 10वें स्थान पर पहुंच गया. रुपए के लिहाज से शेयर बाजार पहली बार 100 लाख करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंचा है. बाजार में सूचीबद्ध कंपनियों की संख्या के लिहाज से यह विश्व का सबसे बड़ा बाजार है.

एक अन्य भारतीय बाजार एनएसई अपनी सूचीबद्ध कंपनियों के बाजार पूंजीकरण के लिहाज से 11वें स्थान पर है क्योंकि इसके कारोबार मंच पर कंपनियों की संख्या बीएसई के मुकाबले कम है.

वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंज के पास मौजूद ताजा आंकडों के मुताबिक 31 अक्तूबर 2014 तक अमेरिकी शेयर बाजार न्यूयार्क स्टॉक एक्सचेंज 19,100 अरब डॉलर के कुल बाजार पूंजीकरण के साथ शीर्ष स्थान पर है.

इसके बाद शीर्ष पांच शेयर बाजारों में नेस्डैक ओएमएक्स, जापान एक्सचेंज आफ तोक्यो, यूरोनेक्स्ट एंड हांगकांग एक्सचेंज का स्थान है. बीएसई से आगे जो शेयर बाजार हैं उनमें शांघाई स्टाक एक्सचेंज ऑफ चायना (छठा), टीएमएक्स ग्रुप ऑफ कनाडा (सातवां), शेन्जेन स्टाक एक्सचेंज आफ चायना (आठवां) और ड्यूश बोर्स आफ जर्मनी (नौवां) का स्थान है.

बंबई शेयर बाजार का बाजार पूंजीकरण इस साल की शुरुआत से अब तक 500 अरब डॉलर से अधिक बढा है. बीएसई में 5,527 कंपनियां सूचीबद्ध हैं और इसमें पंजीकृत निवेशकों की संख्या 2.66 करोड़ है.

देश के सबसे बडे शेयर बाजार बंबई शेयर बाजार (बीएसई) में सभी सूचीबद्ध कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण के आधार पर किए गए आकलन के लिहाज से भारतीय शेयर बाजार में आज सुबह के कारोबार में 10 बजकर पांच मिनट पर निवेशक की कुल संपत्ति बढकर 100.01 लाख करोड रुपये (1,00,00 अरब से अधिक) हो गई.

बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स आज अपनी तेजी बरकरार रखते हुए 300 से अधिक अंक चढा. बंबई शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण करीब 11 साल पहले 2003 में 10 लाख करोड रुपये को पार कर गया था जबकि पांच साल पहले 2009 में यह बढकर करीब 50 लाख करोड रपये हो गया था. सेंसेक्स की सिर्फ 30 कंपनियों, जो देश की सबसे बडी कंपनियों में शामिल हैं, का बाजार पूंजीकरण निवेशकों की कुल परिसंपत्ति का करीब 50 प्रतिशत या 47 लाख करोड रुपये है.

इन 30 कंपनियों में टीसीएस भी शामिल है जो देश की सबसे अधिक मूल्यवान कंपनी है और ऐसी इकलौती कंपनी है जिसका बाजार मूल्यांकन पांच लाख करोड रुपये से अधिक है. इसके बाद सरकारी कंपनी ओएनजीसी और निजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी रिलायंस इंडस्टरीज का स्थान है जिनका बाजार पूंजीकरण तीन-तीन लाख करोड रुपये है. जिन कंपनियों को बाजार पूंजीकरण दो लाख करोड रुपये से अधिक है उनमें आईटीसी, इनफोसिस, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और कोल इंडिया शामिल हैं.

इनके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, सन फार्मा, एचयूएल, भारती एयरटेल, एलएंडटी, विप्रो, टाटा मोटर्स, एचसीएल टेक, एनटीपीसी और ऐक्सिस बैंक का बाजार पूंजीकरण एक-एक लाख करोड रुपये से अधिक है. इनमें से आईसीआईसीआई बैंक दो लाख करोड रुपये के पूंजीकरण वाली कंपनियों की जमात में पहुंचने की तैयारी में है. कुल बाजार संपत्ति में प्रवर्तकों की संपत्ति करीब आधी है जबकि विदेशी निवेशकों के पास करीब 20 प्रतिशत संपत्ति है और शेष संपत्ति संस्थागत एवं खुदरा निवेशकों के पास है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola