रामगढ़ नगर परिषद चुनाव: गरमाई सियासत, वार्ड-31 में दावे, वादे और सवालों की बाढ़

प्रभात खबर के सामने अपनी बात रखते वार्ड नंबर 31 का एक शख्स
Ramgarh Municipal Election: रामगढ़ नगर परिषद चुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही वार्ड नंबर 31 में राजनीतिक हलचल तेज हो गयी है. सड़क, बिजली और पानी के काम पूरे होने के बावजूद नाली निर्माण, जलमीनार, हाथी आतंक और सरकारी योजनाओं के लाभ को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं. महिलाओं की बढ़ती जागरूकता और पूर्व वार्ड पार्षद के दावों के बीच जमीनी हकीकत सामने आई है.
Ramgarh Municipal Election, रामगढ़: रामगढ़ नगर परिषद की चुनाव प्रक्रिया के पहले दिन जिला परिषद कार्यालय के पास और वार्डों में गहमा-गहमी बढ़ गयी है. संभावित उम्मीदवार जिला परिषद पहुंच कर नामांकन पत्र खरीद रहे हैं. सभी संभावित उम्मीदवार अलग-अलग टोला में जाकर लोगों के साथ बैठक भी कर रहे हैं. सरकारी की नयी-नयी योजनाओं को भी लाने का भरोसा दे रहे हैं.
सड़क, बिजली व पानी पर हुआ काम लेकिन नाली का निर्माण है बाकी
रामगढ़ के एनएच 33 पटेल चौक व टायर मोड़ से सटे वार्ड नंबर 31 के कई गांवों में पिछले पांच वर्ष में कई कार्य हुए हैं. कांकेबार ऊपर टोली, नीचे के लोगों ने बताया कि सड़क, बिजली व पानी का काम हुआ है. नाली का निर्माण अभी बचा है. वार्ड की महिलाओं में चुनाव को लेकर जागरूकता अधिक दिखी. महिलाओं ने कहा कि चुनाव को लेकर हमलोग अपनी मांगाें को रखने के लिए भी तैयार हैं.
Also Read: एसडीओ महेंद्र छोटन उरांव के हस्तक्षेप पर माने जगन्नाथपुर के आंदोलनकारी, बंद और मशाल जुलूस स्थगित
लोगों ने की जलमीनार की मांग
महिला मतदाताओं ने कई समस्याओं को खुल कर रखा. कांकेबार मुख्य चौक के पास जलमीनार की मांग भी की. पैक्स भवन में इस बार धान की खरीदारी नहीं हो रही है. इससे लोगों में निराशा है. यह वार्ड रामगढ़ घाटी की तराई के पास स्थित है. इससे पिछले दो माह से हाथियों का झुंड वार्ड में प्रवेश कर रहा है. लोग भयभीत हैं. वार्ड की महिलाओं ने कहा कि कई सरकारी सुविधा का लाभ समय पर नहीं मिल रहा है.
वार्ड के लोगों ने कहा
लक्ष्मी देवी ने कहा कि वार्ड में रह रहे वृद्धों के लिए सरकारी योजना का लाभ सभी को नहीं मिल रहा है. इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है. इसका निराकरण होना चाहिए. जियाउद्दीन ने कहा कि पटेल चौक फोरलेन से विस्थापित होकर कांकेबार बस्ती में घर बनाया गया है. रास्ता की परेशानी है. इसके बन जाने से सुविधा मिलेगी.
क्या कहती है अंजली कुमारी और अंजू देवी
अंजली कुमारी ने कहा कि महतो टोला में नाली का निर्माण कराया जाये. इसके नहीं रहने से परेशानी हो रही है. इसके बन जाने से लोगों को राहत मिलेगी. अंजु देवी ने कहा कि बड़ा तालाब में चारों ओर सीढ़ी बन जाने से लोगों को परेशानी नहीं होगी. इसकी मांग पहले से की जा रही है. बन जाने से राहत मिलेगी.
क्या कहती है रेखा देवी और लालकेश्वर कुमार
रेखा देवी ने कहा कि पानी टंकी का स्विच खराब है. करंट आता है. इसके ठीक होने से लोगों को राहत मिलेगी. लालकेश्वर कुमार ने कहा कि हाथी के आने से कांकेबार के लोग परेशान हैं. वॉच टॉवर बना देने से लोगों को हाथियों से राहत मिलेगी. हाथी से काफी नुकसान पहुंचा है.
पूर्व वार्ड पार्षद का दावा- पांच साल में किया बहुत सारा काम
पूर्व वार्ड पार्षद वार्ड 31 की ललिता देवी ने बताया कि उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल में काफी कार्य किया है. एनएचआइ से पटेल चौक में सरदार पटेल की प्रतिमा, वन विभाग से एनओसी लेकर एनएच 33 से गोसा तक सड़क निर्माण, पूरे वार्ड में नाली सड़क, जलमीनार, तालाब सुंदरीकरण और सभी जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया है.
एक्सपर्ट की बात
एक्सपर्ट रिंकू कुमार ने कहा कि वार्ड नंबर 31 में सरकार की सभी योजनाओं का लाभ लोगों को कैसे मिले, इसके लिए जनप्रतिनिधि और लोगों के बीच संवाद प्रशिक्षण की जरूरत है. कौन-कौन योजना की जरूरत से लोगों की दिनचर्या बेहतर हो सकती है, उन कामों को पहले कराना चाहिए. वार्ड में सड़क, नाली, जलमीनार और सभी योजनाओं का रख-रखाव और मरम्मत की जरूरत है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




