Bihar Elections 2025: तिरहुत, कोसी और दरभंगा में रिकॉर्ड वोटिंग, क्या महागठबंधन भेद पाएगा NDA का मजबूत किला?

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 08 Nov 2025 9:42 AM

विज्ञापन

वोटिंग के लिए कतार में खड़े मतदाता

Bihar Elections 2025: कोसी और सीमांचल ने इस बार वोटिंग में अपने इरादे साफ कर दिए. पहले चरण में इन इलाकों में 65 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज हुआ, जिसने पूरे चुनावी माहौल में नई गर्मी भर दी. कोसी की तेज लहर और सीमांचल की स्थिर आवाजें इस बार सत्ता की दिशा बदलने या फिर उसे दोहराने का बड़ा संकेत देती दिखीं.

विज्ञापन

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण ने इतिहास की धूल हिला दी. आजादी से लेकर अब तक के तमाम चुनावों का रिकॉर्ड टूट गया और मतदान प्रतिशत ने नए कीर्तिमान गढ़ दिए. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इस चरण में कुल 65.08 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. उत्तर और दक्षिण बिहार के संतुलन वाली इस वोटिंग में कई जिलों ने अप्रत्याशित प्रदर्शन किया.

सबसे अधिक उत्साह मुजफ्फरपुर में दिखा, जहां 71.81 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले. समस्तीपुर भी 71.74 प्रतिशत के साथ पीछे नहीं रहा. वहीं मतदान के मामले में पटना सबसे नीचे रहा, जहां सिर्फ 59.02 प्रतिशत मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे. इसके अलावा बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा और वैशाली जैसे जिलों ने 65 प्रतिशत से अधिक मतदान के साथ चुनावी हलचल को और रोचक बना दिया.

Bihar Elections 2025: उत्तर बिहार फिर फोकस में

बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से 153 उत्तर बिहार और 90 दक्षिण बिहार में आती हैं. पहले चरण में मतदान मुख्य रूप से उत्तर बिहार के 11 जिलों में हुआ, जिनमें पिछले चुनाव 2020 में एनडीए को बढ़त मिली थी. यही वजह है कि इस बार भी राजनीतिक विश्लेषकों की निगाहें इन जिलों पर टिकी रहीं.

पिछले कुछ चुनावों का ट्रेंड देखें तो मिथिलांचल, कोसी और तिरहुत के जिलों में एनडीए की पकड़ मजबूत रही है. वहीं पटना, भोजपुर और बक्सर जैसे जिलों में महागठबंधन को फायदा मिलता रहा है. इस बार भी दोनों पक्ष भारी मतदान को अपने-अपने हिसाब से पढ़ रहे हैं. एनडीए इसे सरकार के पक्ष में जनसमर्थन बता रहा है, जबकि महागठबंधन इसे बदलाव की लहर का संकेत मान रहा है.

पिछली बार इन्हीं सीटों पर कांटे की लड़ाई

2020 के चुनाव में पहले चरण की 18 जिलों की 121 सीटों पर एनडीए और महागठबंधन के बीच बेहद नजदीकी मुकाबला हुआ था. महागठबंधन को 61 सीटें मिली थीं, जबकि एनडीए को 59. एक सीट लोजपा के खाते में गई थी, जो बाद में जदयू में शामिल हो गई.

राजद ने पिछली बार 75 में से 42 सीटें इसी पहले चरण में जीती थीं. भाजपा को 32, जदयू को 23, कांग्रेस को 8, भाकपा माले को 7 और सीपीआई तथा सीपीएम को दो-दो सीटें मिली थीं. यही वजह है कि इस बार के भारी मतदान को दोनों गठबंधन अपनी-अपनी ताकत की कसौटी पर तौल रहे हैं.

सीटों का समीकरण और दलों की रणनीति

पहले चरण की अधिकांश सीटें पिछली बार जदयू के कब्जे में थीं. इसलिए इस बार भी एनडीए में जदयू को 57 सीटें दी गईं. भाजपा ने 48 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, लोजपा (रामविलास) ने 12 और रालोमो ने दो सीटों पर दांव लगाया. महागठबंधन ने भी पहले चरण में अपनी पूरी ताकत झोंक दी. राजद ने अकेले 73 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए. कांग्रेस 24, भाकपा माले 14, माकपा 3, भाकपा 4 और वीआईपी 4 सीटों पर मैदान में उतरा.

जिलेवार मतदान से क्या संकेत मिलता है?

जिलेवार मतदान प्रतिशत में कई दिलचस्प संकेत छिपे हैं. मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा और वैशाली जैसे जिलों में ज्यादा वोटिंग यह बताती है कि इन इलाकों में मुकाबला बेहद जोशीला है. पटना, भोजपुर और नालंदा जैसे इलाकों में कम मतदान यह दिखाता है कि शहरों में उत्साह अपेक्षाकृत कम रहा.

कब आएगा बिहार चुनाव का परिणाम?

पहले चरण की रिकॉर्ड वोटिंग ने दूसरे चरण के लिए भी उत्सुकता बढ़ा दी है. दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा, जबकि परिणाम 14 नवंबर को आएंगे. भारी मतदान का असर किसके पक्ष में जाएगा, यह अब वोटों की गिनती ही तय करेगी. लेकिन इतना साफ है कि बिहार 2025 की लड़ाई पिछले किसी भी चुनाव से ज्यादा जोरदार और दिलचस्प हो चुकी है.

Also Read: Bihar Elections 2025: 45 मिनट तक जमीन पर ही फड़फड़ाता रह गया चिराग का हेलिकॉप्टर! जानिए किसने ‘उड़ने’ से रोका

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन