XP95 पेट्रोल में कितना एथेनॉल होता है? गाड़ी में फ्यूल डलवाने से पहले पढ़ लें यह खबर

Updated:
विज्ञापन

गाड़ी के लिए हाई ऑक्टेन पेट्रोल / फोटो एक्स से

सोशल मीडिया पर XP95 पेट्रोल को लेकर चल रहे भ्रमों का सच सामने आ गया है. जानें इसमें कितना इथेनॉल होता है और '95' का आपकी कार पर क्या असर पड़ता है. अपनी गाड़ी के लिए सही फ्यूल चुनें.

विज्ञापन

पिछले कुछ दिनों से एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं. कई लोग यह मान बैठे हैं कि इंडियनऑयल का XP95 पेट्रोल सामान्य पेट्रोल की तुलना में कम एथेनॉल वाला फ्यूल है. वहीं कुछ लोग इसे पूरी तरह शुद्ध पेट्रोल भी बता रहे हैं. लेकिन सच्चाई इससे अलग है. अगर आप भी अपनी कार के लिए XP95 पेट्रोल भरवाने की सोच रहे हैं, तो पहले यह जान लेना जरूरी है कि इसमें कितना एथेनॉल होता है और आखिर इसके नाम में लिखा ‘95’ आपकी गाड़ी के लिए क्या मायने रखता है.

विज्ञापन

XP95 पेट्रोल क्या है और यह सामान्य पेट्रोल से कितना अलग?

देश में इंडियनऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी कंपनियां सामान्य पेट्रोल के साथ प्रीमियम हाई ऑक्टेन फ्यूल भी बेचती हैं. इंडियनऑयल का XP95 ऐसा ही एक प्रीमियम पेट्रोल है. जहां सामान्य पेट्रोल का ऑक्टेन रेटिंग 91 RON होता है, वहीं XP95 का ऑक्टेन रेटिंग 95 RON है.

यही वजह है कि XP95 को बेहतर परफॉर्मेंस वाला फ्यूल माना जाता है. हालांकि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि इसमें एथेनॉल की मात्रा कम होती है.

क्या XP95 में सिर्फ 5% या 10% एथेनॉल होता है?

यह सबसे बड़ा भ्रम है. कई सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि XP95 में केवल 5% या 10% एथेनॉल होता है. लेकिन इंडियन ऑयल ने सूचना के अधिकार (RTI) के जवाब में साफ किया है कि XP95 में भी सामान्य पेट्रोल की तरह 20% एथेनॉल ब्लेंडिंग होती है.

यानी अगर आप सिर्फ कम एथेनॉल की वजह से XP95 खरीद रहे हैं, तो यह आपकी गलतफहमी हो सकती है. इंडियनऑयल के पोर्टफोलियो में केवल XP100 ऐसा फ्यूल है, जिसमें 0% एथेनॉल होने की जानकारी दी गई है.

‘95’ ऑक्टेन रेटिंग का आपकी कार पर क्या असर पड़ता है?

XP95 में लिखा 95 वास्तव में इसकी ऑक्टेन रेटिंग को दर्शाता है. ऑक्टेन रेटिंग जितनी अधिक होती है, फ्यूल उतना ही बेहतर तरीके से हाई प्रेशर और हाई टेम्परेचर में जलता है. इससे इंजन में नॉकिंग की संभावना कम होती है और इंजन ज्यादा स्मूद तरीके से काम करता है.

अगर आपके पास टर्बोचार्ज्ड इंजन, हाई कम्प्रेशन रेशियो वाली लग्जरी या परफॉर्मेंस कार है, तो XP95 आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है. वहीं सामान्य हैचबैक, सेडान और कॉम्पैक्ट एसयूवी, जिन्हें 91 ऑक्टेन पेट्रोल के लिए डिजाइन किया गया है, उनमें XP95 भरवाने से कोई बड़ा फायदा जरूरी नहीं मिलता.

XP95 की कीमत सामान्य पेट्रोल से ज्यादा क्यों है?

XP95 की कीमत सामान्य पेट्रोल से अधिक होती है. कई शहरों में इसकी कीमत करीब ₹109.24 प्रति लीटर है, जबकि सामान्य पेट्रोल इससे कई रुपये सस्ता मिलता है.

इस अतिरिक्त कीमत की वजह कम एथेनॉल नहीं, बल्कि इसकी हाई ऑक्टेन क्वाॅलिटी है. हाई ऑक्टेन फ्यूल तैयार करने की प्रक्रिया अधिक एडवांस होती है, इसलिए इसकी कीमत भी ज्यादा रहती है.

क्या हर कार मालिक को XP95 इस्तेमाल करना चाहिए?

अगर आपकी कार के ओनर मैनुअल में 95 RON या उससे अधिक ऑक्टेन वाले पेट्रोल की सलाह दी गई है, तभी XP95 का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा. लेकिन यदि निर्माता ने 91 ऑक्टेन पेट्रोल की सिफारिश की है, तो सामान्य पेट्रोल ही पर्याप्त है.

इसलिए XP95 खरीदने से पहले यह देखना जरूरी है कि आपकी कार को वास्तव में हाई ऑक्टेन फ्यूल की जरूरत है या नहीं. सिर्फ ज्यादा कीमत वाला पेट्रोल भरवाने से हर कार की परफॉर्मेंस में बड़ा बदलाव नहीं आता.


ये भी पढ़ें: Hero MotoCorp की ये बाइक्स हैं फ्यूचर-प्रूफ, E20 से E85 पेट्रोल तक पर दौड़ेंगी दनादन


ये भी पढ़ें: Pure Petrol, E10 या E20? जानें आपकी कार के लिए कौन-सा पेट्रोल सही और सरकार तीनों विकल्प क्यों नहीं दे सकती


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola