₹2.79 लाख की Royal Enfield Flying Flea C6 में कितना दम? ये 3 खूबियां आएंगी पसंद, 2 बातें कर सकती हैं निराश

Updated:
विज्ञापन
₹2.79 लाख की Royal Enfield Flying Flea C6 में कितना दम? ये 3 खूबियां आएंगी पसंद, 2 बातें कर सकती हैं निराश

अगर आप Royal Enfield Flying Flea C6 खरीदने की सोच रहे हैं, तो 2.79 लाख रुपये खर्च करने से पहले इसकी खूबियों और कमियों को जान लेना जरूरी है. यहां हम आपको Flying Flea C6 की 3 बड़ी खूबियों और 2 कमियों के बारे में बता रहे हैं, जिससे आप अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से तय कर सकें कि यह इलेक्ट्रिक बाइक आपके लिए सही है या नहीं.

विज्ञापन

इलेक्ट्रिक बाइक खरीदते समय सिर्फ डिजाइन और फीचर्स ही नहीं, बल्कि कीमत, रेंज और रोजाना इस्तेमाल जैसी बातों पर भी ध्यान देना जरूरी है. Royal Enfield की पहली इलेक्ट्रिक बाइक Royal Enfield Flying Flea C6 अपने अनोखे डिजाइन, दमदार परफॉर्मेंस और एडवांस्ड फीचर्स के कारण चर्चा में है. लेकिन 2.79 लाख रुपये की कीमत और सीमित रियल-वर्ल्ड रेंज को देखते हुए इसे खरीदने का फैसला इतना आसान नहीं है. अगर आप भी Flying Flea C6 खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले इसकी 3 बड़ी खूबियों और 2 कमियों के बारे में जरूर जान लें. ऐसे में खरीदने से पहले यहां जानिए Flying Flea C6 की 3 बड़ी खूबियों और 2 कमियों के बारे में.

Flying Flea C6 खरीदने की 3 बड़ी वजहें

  • दमदार परफॉर्मेंस और मजेदार राइडिंग एक्सपीरियंस

Royal Enfield Flying Flea C6 साइज में भले ही छोटी और कॉम्पैक्ट दिखाई देती है, लेकिन इसकी परफॉर्मेंस काफी दमदार है. बाइक में लगी इलेक्ट्रिक मोटर 15kW की पीक पावर और 60Nm का टॉर्क जेनरेट करती है. इसकी टॉप स्पीड करीब 115kmph है और बाइक इस रफ्तार तक आसानी से पहुंच सकती है. इसकी मोटर लगातार 8kW तक की पावर दे सकती है, जो भारत में मिलने वाले इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स के मुकाबले काफी दमदार है. बाइक में Rain, City, Highway और Sport जैसे चार राइडिंग मोड मिलते हैं. इसके अलावा एक कस्टम मोड भी दिया गया है. इसकी मदद से राइडर अपनी जरूरत और पसंद के मुताबिक थ्रॉटल रिस्पॉन्स, पावर लेवल, ट्रैक्शन कंट्रोल और रीजनरेटिव ब्रेकिंग की सेटिंग को अलग-अलग एडजस्ट कर सकता है.

  • अनोखी इंजीनियरिंग और प्रीमियम डिजाइन

Flying Flea C6 की सबसे बड़ी खासियतों में इसकी इंजीनियरिंग भी शामिल है. बाइक के स्ट्रक्चरल कंपोनेंट्स में स्टील का इस्तेमाल बेहद कम किया गया है. इसमें फोर्ज्ड एल्युमीनियम एक्सोस्केलेटन चेसिस और एल्युमीनियम स्विंगआर्म दिया गया है. इसकी बैटरी केसिंग को मैग्नीशियम अलॉय से तैयार किया गया है. साथ ही मैग्नीशियम में आग लगने के खतरे को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने बैटरी केसिंग के चारों ओर मजबूत चेसिस दी है, जो सुरक्षा कवच की तरह काम करती है. बाइक में दिया गया गर्डर फोर्क भी इसकी खासियतों में से एक है. आजकल की मॉडर्न बाइक्स में इस तरह का सस्पेंशन सेटअप बहुत कम देखने को मिलता है. इसका अनोखा डिजाइन बाइक को खड़े रहने और सड़क पर चलते समय एक अलग लुक देता है.

  • एडवांस्ड टेक्नोलॉजी और काम के फीचर्स

Flying Flea C6 रॉयल एनफील्ड की सबसे एडवांस्ड बाइक्स में से एक है. इसमें कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, 3.5-इंच राउंड टचस्क्रीन TFT डिस्प्ले, कीलेस ऑपरेशन और ऐप कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स मिलते हैं. रोटरी डायल की मदद से चलते समय राइडिंग मोड बदले जा सकते हैं. बाइक में वायरलेस फोन चार्जिंग और TFT स्क्रीन पर Google Maps देखने की सुविधा भी है. इसके अलावा, 2kW ऑन-बोर्ड चार्जर, तीन चार्जिंग मोड और ऑप्शनल Incognito Mode मिलता है, जो एक्टिव होने पर बाइक का डेटा कंपनी तक पहुंचने से रोकता है.

Flying Flea C6 नहीं खरीदने की 2 बड़ी वजहें

  • छोटा साइज और लिमिटेड रियल-वर्ल्ड रेंज

Flying Flea C6 का छोटा और कॉम्पैक्ट डिजाइन हर किसी को पसंद नहीं आ सकता है, खासकर उन लोगों को जो Royal Enfield की बड़ी और भारी बाइक्स पसंद करते हैं. इसमें 3.91kWh की बैटरी है, जिसकी क्लेम्ड IDC रेंज 154km है. हालांकि, फास्ट राइडिंग में यह 60 से 70km और सामान्य रफ्तार पर करीब 100km तक चल सकती है. इसलिए यह शहर में चलाने के लिए ज्यादा बेहतर है, जबकि छोटी रियर सीट के कारण पिलियन के लिए भी यह ज्यादा आरामदायक नहीं है.

  • ज्यादा कीमत और सीमित उपलब्धता

Flying Flea C6 की एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपये है. एक कॉम्पैक्ट, सिंगल-स्पीड इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल और लिमिटेड रेंज को देखते हुए इसकी कीमत कई खरीदारों को ज्यादा लग सकती है. हालांकि, बाइक में इस्तेमाल की गई खास इंजीनियरिंग, हल्के मटीरियल और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी को देखते हुए इसकी प्रीमियम कीमत को कुछ हद तक समझा जा सकता है. फिलहाल इसकी उपलब्धता भी सीमित है. बाइक की बिक्री अभी केवल बेंगलुरु में हो रही है और इसे धीरे-धीरे कंपनी दूसरे शहरों में लॉन्च करने की प्लानिंग कर रही है. ऐसे में बेंगलुरु से बाहर रहने वाले खरीदारों को अभी इंतजार करना होगा, क्योंकि बाइक दूसरे शहरों में कब तक उपलब्ध होगी, इसकी कोई टाइमलाइन सामने नहीं आई है.

यह भी पढ़ें: Royal Enfield से Hero तक, अपनी पसंद के हिसाब से बदलें बाइक का लुक, ये 6 मॉडल हैं सबसे बेस्ट

विज्ञापन
Shivani Shah

लेखक के बारे में

By Shivani Shah

डिजिटल पत्रकारिता में 3 सालों का अनुभव है. प्रभात खबर में जूनियर टेक कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रही हैं. टेक्नोलॉजी कैटेगरी में ये स्मार्टफोन से लेकर टेक-टिप्स, गैजेट्स, एआई, सॉफ्टवेयर और डिजिटल ट्रेंड्स पर रिसर्च-बेस्ड, इन-डेप्थ और यूजर-फोकस्ड कंटेंट लिखती हैं. इसके अलावा ये ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola