मारुति-हुंडई को टक्कर देने की तैयारी में होंडा, 2028 से लॉन्च होंगे नए मॉडल, भारतीय बाजार पर फोकस

Updated:
विज्ञापन

Honda Cars India

होंडा मोटर ने भारत को अपने सबसे अहम बाजारों में शामिल किया है. कंपनी 2028 से भारतीय ग्राहकों के लिए खास मॉडल लॉन्च करेगी और दोपहिया उत्पादन क्षमता भी बड़े स्तर पर बढ़ाने जा रही है.

विज्ञापन

भारतीय ऑटो बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए होंडा मोटर अब बड़ी तैयारी कर रही है. जापानी कंपनी ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले वर्षों में भारत उसके सबसे अहम बाजारों में शामिल रहेगा. इसी रणनीति के तहत कंपनी 2028 से भारतीय ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से नए मॉडल लॉन्च करने का प्लान कर रही है. खास बात यह है कि ये गाड़ियां खास तौर पर भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर तैयार की जाएंगी. कंपनी छोटे और मिड-साइज सेगमेंट में नए मॉडल उतार सकती है, जिससे मारुति, हुंडई, टाटा और महिंद्रा जैसी कंपनियों को कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है.

विज्ञापन

भारतीय बाजार पर बड़ा दांव लगा रही होंडा

होंडा मोटर कंपनी के ग्लोबल सीईओ तोशिहिरो मिबे ने टोक्यो में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भारत कंपनी की भविष्य की ग्रोथ स्ट्रैटेजी का अहम हिस्सा बनने जा रहा है. कंपनी भारत को उत्तरी अमेरिका और जापान के साथ अपने प्राथमिक बाजारों में शामिल कर रही है.

उन्होंने बताया कि होंडा आने वाले समय में भारतीय ग्राहकों की पसंद और जरूरतों को समझते हुए लोकलाइज्ड मॉडल तैयार करेगी. कंपनी का फोकस खास तौर पर उन सेगमेंट्स पर रहेगा जहां मांग सबसे ज्यादा है.

2028 से आएंगे भारत-केंद्रित नए मॉडल

होंडा ने संकेत दिए हैं कि 2028 से भारतीय बाजार के लिए नए स्ट्रैटेजिक मॉडल लॉन्च किए जाएंगे. इनमें 4 मीटर से कम लंबाई वाले वाहन और मिड-साइज कारें शामिल होंगी.

ऑटो इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि कंपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी और फैमिली कार सेगमेंट में बड़ा दांव खेल सकती है. भारत में इस समय छोटे एसयूवी और मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट की डिमांड तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में होंडा इसी ट्रेंड को ध्यान में रखकर अपने प्रोडक्ट तैयार कर सकती है.

दोपहिया कारोबार का मिलेगा फायदा

होंडा भारत में पहले से ही दोपहिया बाजार की बड़ी कंपनी मानी जाती है. कंपनी अब इसी मजबूत नेटवर्क और ब्रांड वैल्यू का फायदा यात्री वाहन कारोबार में भी उठाना चाहती है.

सीईओ तोशिहिरो मिबे के मुताबिक कंपनी की रणनीति ऐसी होगी जिसमें दोपहिया ग्राहकों को धीरे-धीरे कार सेगमेंट की ओर आकर्षित किया जा सके. इससे होंडा को नए ग्राहकों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है.

बढ़ेगी बाइक और स्कूटर प्रोडक्शन क्षमता

होंडा भारत में अपनी दोपहिया उत्पादन क्षमता भी बढ़ाने जा रही है. कंपनी का लक्ष्य 2028 तक सालाना प्रोडक्शन को 62.5 लाख यूनिट से बढ़ाकर करीब 80 लाख यूनिट तक पहुंचाने का है.

भारत फिलहाल होंडा के लिए दुनिया का सबसे बड़ा मोटरसाइकिल बाजार बना हुआ है. ऐसे में कंपनी यहां बड़े निवेश और विस्तार की तैयारी कर रही है.

भारतीय ग्राहकों के लिए बदलेगी स्ट्रैटेजी

पिछले कुछ वर्षों में होंडा को भारतीय कार बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा है. अब कंपनी अपनी रणनीति बदलते हुए लोकल पसंद के हिसाब से फीचर्स, डिजाइन और टेक्नोलॉजी पर फोकस करने जा रही है.

माना जा रहा है कि आने वाले समय में होंडा ज्यादा फीचर-लोडेड और कीमत के हिसाब से प्रतिस्पर्धी मॉडल पेश कर सकती है. इससे कंपनी की भारतीय बाजार में स्थिति मजबूत होने की उम्मीद बढ़ गई है.

यह भी पढ़ें: 22 मई को लॉन्च होगी नई Honda City, जानें क्या होगा खास

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola