109.7cc इंजन और 70kmpl तक माइलेज, रोजाना चलाने के लिए बेस्ट है TVS की ये बाइक, कीमत ₹58,450 से शुरू

TVS Radeon / Image: TVS
TVS Radeon ₹58,450 की शुरुआती कीमत पर 70kmpl तक का माइलेज और मजबूत बिल्ड क्वालिटी ऑफर करती है. ऑफिस या कॉलेज आने-जाने के लिए यह एक भरोसेमंद और कम रखरखाव वाली बाइक है. इसकी कीमत, माइलेज, टॉप स्पीड और खास फीचर्स के बारे में विस्तार से जानें.
अगर आपका बजट 80 हजार रुपये से कम है और आप रोजाना ऑफिस, कॉलेज या शहर में आने-जाने के लिए एक भरोसेमंद बाइक खरीदना चाहते हैं, तो TVS Radeon आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकती है. 110cc सेगमेंट की यह कम्यूटर बाइक अपनी मजबूत बिल्ड क्वालिटी, कम मेंटेनेंस और शानदार माइलेज के लिए जानी जाती है. यही वजह है कि शहरों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी इसे काफी पसंद किया जाता है. आइए जानते हैं TVS Radeon की कीमत, माइलेज, टॉप स्पीड और फीचर्स के बारे में.
क्या है कीमत?
TVS Radeon टीन वेरिएंट्स में उपलब्ध है. इसके ऑल ब्लैक एडिशन की एक्स-शोरूम (दिल्ली) कीमत 58,450 रुपये, बेस एडिशन की एक्स-शोरूम (दिल्ली) कीमत 65,450 रुपये, डीजी ड्रम (Digi Drum) वेरिएंट की एक्स-शोरूम (दिल्ली) कीमत 77,950 रुपये और डीजी डिस्क (Digi Disc) वेरिएंट की एक्स-शोरूम (दिल्ली) कीमत 80,200 रुपये है.
डिजाइन और डायमेंशन
TVS Radeon का डिजाइन सिंपल होने के साथ प्रीमियम टच भी देता है. बाइक में मेटल बॉडी, क्रोम फिनिश, ड्यूल-टोन कलर और लंबी कुशन वाली सीट दी गई है, जो इसे बढ़िया लुक देती है. इसमें 18-इंच के बड़े व्हील्स दिए गए हैं, जो खराब सड़कों पर भी बेहतर स्टेबिलिटी बनाए रखने में मदद करते हैं. पीछे मजबूत ग्रैब रेल के साथ लगेज कैरियर भी मिलता है, जिससे सामान ले जाना आसान हो जाता है. बाइक की लंबाई 2,025mm, चौड़ाई 705mm, ऊंचाई 1,080mm और व्हीलबेस 1,265mm है. वहीं, 180mm का ग्राउंड क्लीयरेंस इसे ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी आसानी से चलने लायक बनाता है.
फीचर्स और कंफर्ट
TVS Radeon में रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई काम के फीचर्स दिए गए हैं. इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है, जो रियल-टाइम माइलेज जैसी जरूरी जानकारी दिखाता है. बाइक में LED DRL, USB चार्जिंग पोर्ट, ईको इंडिकेटर, साइड-स्टैंड इंजन कट-ऑफ के साथ बीपर, लगेज हुक और थाई पैड्स जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं. इसके अलावा 5-स्टेप एडजस्टेबल रियर सस्पेंशन लंबी राइड के दौरान बेहतर आराम देता है. बाइक में सेल्फ और किक स्टार्ट दोनों ऑपशंस मिलते हैं, जबकि मेंटेनेंस-फ्री बैटरी बार-बार सर्विस की झंझट कम करती है. 5-स्पोक अलॉय व्हील्स और टेक्सचर्ड सीट इसके लुक को और बेहतर बनाते हैं.
सेफ्टी और ब्रेकिंग
सुरक्षा के लिए TVS Radeon में सिंक्रोनाइज्ड ब्रेकिंग टेक्नोलॉजी (SBT) दी गई है, जो ब्रेक लगाने पर आगे और पीछे दोनों पहियों पर बैलेंस्ड ब्रेकिंग में मदद करती है. इससे बाइक कम दूरी में बेहतर तरीके से रुकती है. इसके बेस वेरिएंट में आगे 130mm और पीछे 110mm ड्रम ब्रेक मिलते हैं, जबकि टॉप वेरिएंट में 240mm का फ्रंट डिस्क ब्रेक दिया गया है. हालांकि इसमें ABS नहीं मिलता, लेकिन CBS (Combined Braking System) एक्स्ट्रा सेफ्टी ऑफर करता है.
इंजन और परफॉर्मेंस
TVS Radeon में 109.7cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड DuraLife इंजन दिया गया है, जो Eco-Thrust Fuel Injection (ETFi) तकनीक के साथ आता है. यह इंजन 8.08bhp की पावर और 8.7Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इसके साथ बाइक में 4-स्पीड गियरबॉक्स मिलेगा, जो शहर की ट्रैफिक में स्मूद गियर शिफ्टिंग का एक्सपीरियंस देता है. इंजन कम वाइब्रेशन के साथ बेहतर रिफाइनमेंट भी ऑफर करता है, जिससे रोजाना लंबी दूरी तय करना आसान हो जाता है.
माइलेज और रेंज
TVS Radeon की सबसे बड़ी ताकत इसकी शानदार माइलेज है. यह बाइक शहर के अंदर करीब 60 से 65kmpl और हाईवे पर 68 से 70kmpl तक का माइलेज दे सकती है. बाइक में 10 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है, जिसकी मदद से एक बार फुल टैंक कराने पर करीब 600 से 700 किलोमीटर तक की दूरी तय की जा सकती है.
क्या TVS Radeon खरीदना सही रहेगा?
अगर आपका बजट कम है और आप ऐसी बाइक चाहते हैं जो कम खर्च में बेहतर माइलेज, मजबूत बिल्ड और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए भरोसेमंद परफॉर्मेंस दे, तो TVS Radeon एक शानदार ऑप्शन साबित हो सकती है. खासकर Hero Splendor जैसी बाइक्स का ऑप्शन तलाश रहे ग्राहकों के लिए यह कीमत और फीचर्स के लिहाज से एक वैल्यू-फॉर-मनी पैकेज है.
ये भी पढ़ें: डेली ऑफिस वालों के लिए Honda की ये 3 बाइक हैं बेस्ट, मिलेंगे शानदार फीचर्स और दमदार माइलेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shivani Shah
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










