एक बार चार्ज करने पर चलेगा 178km, मिलेगी 75km/h की टॉप स्पीड, मार्केट में लॉन्च हुआ नया इलेक्ट्रिक स्कूटर
BGauss C12 MaxR (फोटो: bgauss.com)
BGauss ने भारत में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर C12 MaxR लॉन्च कर दिया है. इसकी कीमत 1.46 लाख रुपये है. स्कूटर में बड़ा स्टोरेज, नेविगेशन, क्रूज कंट्रोल, रिवर्स मोड और कई सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं.
इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी BGauss ने अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर C12 MaxR लॉन्च कर दिया है. इसकी कीमत 1.46 लाख रुपये रखी गई है. यह स्कूटर कंपनी के नए WSA प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. आसान शब्दों में कहें तो यह स्कूटर का बेस ढांचा है, जिस पर अलग-अलग तरह की मोटर, बैटरी और पहियों का यूज किया जा सकता है.
कंपनी का कहना है कि इस प्लेटफॉर्म को मजबूत स्टील से तैयार किया गया है, जिससे यह लंबे समय तक चल सकता है. BGauss के मुताबिक, इसे करीब 1.5 लाख किलोमीटर तक यूज करने के हिसाब से बनाया गया है.
BGauss C12 MaxR: डिजाइन और कलर
C12 MaxR का डिजाइन एक नॉर्मल फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर जैसा है. इसके फ्रंट में बॉक्सी डिजाइन वाला हेडलाइट यूनिट मिलता है, जिसमें प्रोजेक्टर LED हेडलाइट्स दी गई हैं. इसके मिरर भी काफी चौड़े हैं और उन पर क्रोम फिनिश देखने को मिलती है.
स्कूटर में काफी बड़ा फ्लोरबोर्ड दिया गया है, जहां आप रोजमर्रा का सामान या शॉपिंग बैग आसानी से रख सकते हैं. इसकी सीट भी काफी बड़ी नजर आती है. पीछे की तरफ LED टेललाइट और टर्न इंडिकेटर्स दिए गए हैं. वहीं, पिलियन के लिए दिया गया ग्रैब रेल भी काफी मजबूत और चौड़ा दिखता है.
BGauss को कंपनी ने कुल 3 कलर ऑप्शन में पेश किया है. इसमें Sparkling Wine के साथ Champagne Gold, Terra Green के साथ Champagne Gold और Pearl White के साथ Satin Black का कॉम्बिनेशन मिलता है.
ये भी पढ़ें: हेलमेट, बैग और ग्रॉसरी... सब समा जाएगा, 70 लीटर बूट स्पेस के साथ नई इलेक्ट्रिक स्कूटर की हुई एंट्री
BGauss C12 MaxR: बैटरी, रेंज और चार्जिंग
BGauss C12 MaxR में 3.8 kWh की LFP बैटरी दी गई है, जिसे 4.2 kW के साइड-माउंटेड मोटर के साथ जोड़ा गया है. कंपनी का दावा है कि यह इलेक्ट्रिक स्कूटर एक बार फुल चार्ज होने पर 178 km तक की IDC रेंज दे सकता है. इसकी टॉप स्पीड 75 km/h है.
स्कूटर में 3 राइडिंग मोड्स, Eco, Ride और Sport मिलते हैं, जो इसकी परफॉर्मेंस को बदलते हैं. Eco मोड में स्कूटर की टॉप स्पीड 45 km/h तक रहती है. वहीं, Ride मोड में यह 60 km/h और Sport मोड में 75 km/h की टॉप स्पीड तक पहुंच सकता है.
चार्जिंग के लिए इसमें 750 वॉट का चार्जर मिलता है. कंपनी के मुताबिक, स्कूटर को 0 से 80 परसेंट तक चार्ज होने में करीब 3 घंटे 50 मिनट लगते हैं, जबकि फुल चार्ज होने में 5 घंटे 15 मिनट का समय लगता है.
BGauss C12 MaxR: स्टोरेज स्पेस और फीचर्स
फैमिली स्कूटर को ध्यान में रखते हुए C12 MaxR में स्टोरेज का भी अच्छा इंतजाम किया गया है. इसकी पॉप-ओपन सीट के नीचे बड़ा स्टोरेज स्पेस मिलता है, जिसमें छोटे-मोटे सामान रखने के लिए 4 अलग-अलग पॉकेट्स दिए गए हैं. साथ ही इसमें बूट लैंप भी मिलता है.
इसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और अलग-अलग डिस्प्ले थीम्स के साथ 5-इंच का TFT कंसोल दिया गया है. पार्किंग में स्कूटर को आगे-पीछे करने में आसानी के लिए अलग से रिवर्स स्विच मिलता है. इसके अलावा क्रूज मोड और USB Type-C चार्जिंग पोर्ट जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं.
सेफ्टी और सिक्योरिटी के लिए C12 MaxR में पैरेंटल लॉक, सिक्योर लॉक, एसओएस, साइड-स्टैंड मोटर कट-ऑफ, फॉलसेंस, व्हीकल डायग्नोस्टिक्स और डिजिलॉकर कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.
BGauss C12 MaxR: सस्पेंशन, ब्रेक और ग्राउंड क्लीयरेंस
स्कूटर के सभी वेरिएंट में 12-इंच के ट्यूबलेस व्हील्स दिए गए हैं. इसकी सीट हाइट 768mm है, इसलिए कम हाइट वाले राइडर्स को भी इसे चलाने में ज्यादा परेशानी नहीं होनी चाहिए. वहीं, इसका वजन 126 kg है.
रोजाना की सड़कों और गड्ढों को आसानी से पार करने के लिए स्कूटर में 160mm का ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है. ब्रेकिंग के लिए इसके फ्रंट में डिस्क और रियर में ड्रम ब्रेक दिए गए हैं, हालांकि इसमें ABS का सपोर्ट नहीं मिलता. सस्पेंशन की बात करें तो आगे टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे 5-स्टेप प्रीलोड एडजस्टेबल ऑफ-सेट सस्पेंशन दिया गया है.
ये भी पढ़ें: सिंगल चार्ज में अब 105km से ज्यादा दौड़ेगा Kinetic DX, कंपनी ने जोड़े पहले से ज्यादा 2 पावरफुल बैटरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए