US सीनेट में ईरान युद्ध का विरोध: पूर्व अमेरिकी सैनिक का हाथ टूटा, सीनेटर पर आरोप
Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 06 Mar 2026 10:11 AM
विरोध करने वाला अमेरिकी मरीन. फोटो- एक्स (@Alhamdhulillaah)
Iran War Protest: यूएस सीनेट में ईरान युद्ध पर चर्चा के लिए बैठक आयोजित की गई, जहां एक पूर्व यूएस मरीन ने हंगामा खड़ा कर दिया. उसे बाहर निकालने में पुलिस के साथ एक सीनेटर ने भी मदद की. इसी दौरान पूर्व सैनिक का हाथ टूट गया.
Iran War Protest: ईरान के खिलाफ छिड़े युद्ध का विरोध अब अमेरिकी सैनिकों द्वारा भी होने लगा है. कैपिटल हिल में सीनेट आर्म्ड सर्विसेज कमेटी की एक उपसमिति की सुनवाई हुई. इसी दौरान ब्रायन मैकगिनिस नामक मरीन पूर्व सैनिक और रिपब्लिकन सीनेटर टिम शीही के बीच तीखी झड़प हो गई. मैकगिनिस इजराइल के समर्थन में ईरान के खिलाफ अमेरिका के युद्ध का विरोध कर रहे थे. उन्होंने सीनेट बैठक के दौरान अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हवाई हमलों का विरोध करते हुए हंगामा किया. उन्हें बाहर निकालने की कोशिश कर रहे तीन पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी झड़प हो गई और इस दौरान उनका हाथ टूट गया.
ब्रायन मैकगिनिस अपनी औपचारिक सैन्य वर्दी में थे. उन्होंने मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि अमेरिका को उस युद्ध में नहीं उतरना चाहिए जिसकी अगुवाई इजरायल कर रहा है. सुनवाई के दौरान मैकगिनिस ने कहा कि इजरायल ही इस युद्ध की वजह है. अमेरिका इजरायल के लिए यह युद्ध नहीं लड़ना चाहता. अमेरिका अपने बेटे-बेटियों को इजरायल के लिए युद्ध में नहीं भेजता. उन्होंने गुस्सा जाहिर करते हुए आगे कहा, ‘अमेरिका में कोई भी इजरायल के लिए युद्ध में शामिल नहीं होना चाहता.’
बीच बचाव में टूटा हाथ
हालांकि वह अपनी बात पूरी नहीं कर सके, क्योंकि पुलिसकर्मी बीच में आ गए और उन्हें जबरन वहां से हटाने लगे. इस दौरान मोंटाना से रिपब्लिकन सीनेटर टिम शीही भी पुलिस की मदद के लिए पहुंच गए. जब पुलिस उन्हें कमरे से बाहर निकालने की कोशिश कर रही थी, तो उन्हें दरवाजे के पास ले जाकर उठाया गया. इसी दौरान उनका बायां हाथ दरवाजे और चौखट के बीच फंस गया. पुलिस की मदद कर रहे टिम शीही उस हाथ को छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे, तभी किसी ने उन पर हाथ तोड़ने का आरोप लगा दिया.
बाद में किसी ने मैकगिनिस से पूछा कि क्या उनका हाथ ठीक है. इस पर पूर्व सैनिक ने कहा कि उनका हाथ चोटिल है और ठीक नहीं है. हालांकि, पुलिस मैकगिनिस को कमरे से बाहर ले जाने में सफल रही. बाहर ले जाते समय वह लगातार चिल्लाते रहे कि उनका हाथ टूट गया है. बाद में मैकगिनिस को गिरफ्तार कर लिया गया. कैपिटल पुलिस के अनुसार उन पर पुलिस अधिकारी पर हमला करने, गिरफ्तारी का विरोध करने और अवैध प्रदर्शन करने के तीन-तीन आरोप लगाए गए हैं. पुलिस ने अपने बयान में कहा कि चोट के लिए खुद मैकगिनिस ही जिम्मेदार हैं.
ये भी पढ़ें:- ईरान का बहरीन पर बड़ा हमला, ऑयल रिफाइनरी पर दागीं मिसाइलें, धू-धूकर जली
सीनेटर शीही की हुई आलोचना
हालांकि, इस झड़प में सीनेटर शीही के शामिल होने के फैसले की कड़ी आलोचना भी हुई है. जब शीही वापस अपनी सीट की ओर लौट रहे थे, तो वही व्यक्ति उन्हें ‘कायर’ और ‘पंक’ कहकर पुकारने लगा. इसके जवाब में रिपब्लिकन सीनेटर ने कथित तौर पर कहा, ‘गो फ*** योरसेल्फ.’ वेटरन्स फॉर रिस्पॉन्सिबल लीडरशिप नामक अभियान समूह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘उम्मीद है कि वह आप पर जोरदार मुकदमा करेगा.’
मैकगिनिस, पहले ग्रीन पार्टी की ओर से नॉर्थ कैरोलिना की सीनेट सीट के लिए चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन वह हार गए थे. ब्रायन मैकगिनिस ने यूनाइटेड स्टेट्स मरीन कॉर्प्स में चार साल तक सेवा दी है और इस दौरान उन्होंने इराक में भी समय बिताया था. घटना के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया. ईरान के खिलाफ छेड़ गए युद्ध की बैठक वाली चर्चा के दौरान भी वह चुप नहीं हुए और मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष में अमेरिकी प्रशासन की भूमिका की आलोचना करते रहे.
ये भी पढ़ें:- अभी फोकस ईरान युद्ध पर, फिर उसको देखेंगे… ट्रंप ने इस देश को बनाया अगला टारगेट
मैकगिनिस का एक दिन पहले का वीडियो वायरल
इससे पहले दिन में एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में मैकगिनिस को कैपिटल के बाहर खड़े देखा गया. वीडियो में उन्होंने कहा, ‘मैं यहां वॉशिंगटन डी.सी. में सीनेट के खिलाफ आवाज उठाने आया हूं और उनसे पूछना चाहता हूं कि वे हमारे पुरुषों और महिलाओं को युद्ध में क्यों भेजना चाहते हैं, जबकि हमारे चुने हुए नेताओं ने कहा था कि कोई विश्व युद्ध नहीं होगा.’ उन्होंने आगे कहा, ‘जो भी लोग हमारी सरकार से निराश और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, वे अकेले नहीं हैं. इस विश्वासघात के लिए जवाबदेही की मांग करने के लिए हमारे साथ जुड़ें. फ्री फिलिस्तीन. फ्री अमेरिका.’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










