ट्रंप ने फिर दोहराया : मैंने रोका था भारत और पाकिस्तान का परमाणु युद्ध, नोबेल पुरस्कार का बताया खुद को हकदार

भारत-पाकिस्तान युद्ध पर ट्रंप
ब्रिटेन में ट्रंप पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने भारत-पाकिस्तान के युद्ध को रोकने का फिर दावा किया.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच के न्यूक्लियर वॉर को रोकने वाले अपने बयान को एक बार फिर दोहराया है. ट्रंप मई में हुए भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को दोहराते आए हैं. उनका फिर से यही कहना है कि दोनों देशों का संघर्ष परमाणु रूप ले सकता था, जिससे लाखों लोगों की जान चली जाती.
शहबाज शरीफ ने की थी तारीफ
ब्रिटेन के आरएएफ मिल्डेनहॉल में एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "जरा सोचिए, भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध छिड़ा हुआ था. एक हफ़्ता बीत चुका था. ग्यारह विमान मार गिराए गए थे, और वह युद्ध परमाणु युद्ध में तब्दील होने वाला था." उन्होंने कहा कि शहबाज शरीफ ने उनकी युद्ध रोकने की भूमिका के लिए प्रशंसा भी की थी.
अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को सुलझाने का रिकॉर्ड
पाकिस्तान के पीएम ने कहा था कि ट्रंप ने 30 से 50 मिलियन लोगों की जान बचाई. ट्रंप ने कहा, जरा सोचिए अगर परमाणु युद्ध हो जाता तो यह संख्या और भी कितनी अधिक हो सकती थी. इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को सुलझाने के अपने रिकॉर्ड के बारे में भी दावा किया.
"मैंने रोके हैं 8 युद्ध"
ट्रम्प ने कहा, "मैंने आठ युद्धों का निपटारा किया," उन्होंने अजरबैजान और आर्मेनिया के बीच, कांगो और रवांडा के बीच के संघर्षों का हवाला दिया. ट्रंप ने वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए ये टिप्पणियां कीं.
नोबेल पुरस्कार की दावेदारी
ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार का जिक्र करते हुए खुद की दावेदारी पर भी बात की. उन्होंने कहा कि मचाडो ने कहा था कि संघर्षों को सुलझाने में उनकी भूमिका के कारण वे किसी और से ज्यादा इस पुरस्कार के हकदार थे. ट्रम्प ने कहा, "नोबेल शांति पुरस्कार पाने वाले किसी भी व्यक्ति से कहीं अधिक मुझे यह पुरस्कार मिलना चाहिए था क्योंकि युद्धों का निपटारा कोई नहीं करता. मैंने आठ युद्धों का निपटारा किया, वह भी मेरे एक विशेष प्रकार के व्यक्तित्व के कारण."
टैरिफ की धमकी से रुका युद्ध !
ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में कई देशों को टैरिफ की धमकी दे चुके थे. उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच के युद्ध को भी उन्होंने टैरिफ की धमकी देकर ही रोका था. दोनों देशों के बीच व्यापक संघर्ष की आशंका जताते हुए उन्होंने कहा, "मैंने कहा था, अगर तुम लड़ते रहे तो मैं तुम्हारे देश पर 200 प्रतिशत टैरिफ लगा दूंगा. मैंने दूसरे देश से भी यही कहा.
ऑपरेशन सिंदूर, भारत का पाकिस्तान को जवाब
22 अप्रैल 2025 को पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने पहलगाम में निहत्थे लोगों पर गोलियां चलाकर 26 लोगों की जान ले ली थी. जिसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया और 6-7 मई को पाकिस्तान के कई आतंकी ठिकानों पर हमला किया गया. ट्रंप द्वारा बाद में हुए तनाव कम करने का श्रेय लेने के लगातार बयानों के बावजूद, नई दिल्ली ने अमेरिकी मध्यस्थता के किसी भी दावे का लगातार खंडन किया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











