जल उठा जेलेंस्की का शहर: यूक्रेन के शॉपिंग सेंटर पर रूस का ड्रोन हमला, 16 की मौत, 130 से ज्यादा घायल

Updated:
विज्ञापन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के प्रेसिडेंट वोलोदिमीर जेलेंस्की. बैकग्राउंड में ड्रोन अटैक के बाद शॉपिंग सेंटर का हाल.

यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में रूसी ड्रोन हमले ने शॉपिंग सेंटर को निशाना बनाया, जिससे कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 130 से अधिक घायल हो गए. राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस हमले को 'बर्बरता' करार दिया है और कहा है कि यूक्रेन इसका जवाब देगा.

विज्ञापन

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच शुक्रवार को यूक्रेन के एक प्रमुख शहर में रूसी ड्रोन हमले ने भारी तबाही मचा दी. राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह के एक शॉपिंग सेंटर को निशाना बनाए जाने के बाद कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 130 से ज्यादा लोग घायल बताए गए हैं. शॉपिंग सेंटर पर हमले के बाद बचाव अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है. राष्ट्रपति जेलेंस्की ने  घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बर्बरता है, हम इसका जवाब देंगे.

विज्ञापन

क्षेत्रीय गवर्नर ओलेक्जेंडर हांझा के मुताबिक, शुक्रवार दिन में क्रिवी रिह पर कई रूसी ड्रोन से हमला किया गया. हमले की चपेट में एक शॉपिंग सेंटर भी आया. घायलों में 22 बच्चे शामिल हैं. हांझा ने बताया कि 29 लोगों की हालत गंभीर है, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं. उन्होंने एक बड़ी औद्योगिक इमारत से काला धुआं उठने की तस्वीर भी साझा की.

मलबे में अब भी लोगों की तलाश

शनिवार तड़के जारी अपडेट में हांझा ने बताया कि शुरुआती तौर पर 9 लोग लापता माने जा रहे हैं. इनमें दो बच्चे शामिल हैं. उन्होंने कहा कि बचावकर्मी शॉपिंग सेंटर के मलबे को हटाने और वहां फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं. ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या आगे बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है.


जेलेंस्की बोले- यह 'बर्बरता' है

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले को बेहद निंदनीय बताते हुए रूस पर जानबूझकर नागरिक और राहतकर्मियों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. जेलेंस्की के मुताबिक, पहला ड्रोन हमला होने के करीब 30 मिनट बाद दूसरा रूसी ड्रोन शॉपिंग सेंटर से टकराया. उन्होंने दावा किया कि दूसरा हमला आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों को निशाना बनाने की कोशिश थी.

जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर लिखा, 'हमले बिल्कुल निंदनीय और घिनौने हैं.' उन्होंने आगे कहा, 'इस तरह के हमले किसी भी तरह आतंकवादी कृत्यों से कम नहीं हैं.' उन्होंने दुनिया से रूस को जवाबदेह ठहराने की अपील करते हुए कहा, 'हम निश्चित रूप से जवाब देंगे.'

ये भी पढ़ें:- रावलपिंडी में 6 महीने के लिए तैनात हुई पाकिस्तानी सेना, मुनीर ने ताकत मिलते ही लिया फैसला; GHQ बना किला

माइकोलाइव में भी रूसी ड्रोन हमला

शुक्रवार को ही यूक्रेन के दक्षिणी क्षेत्र माइकोलाइव में भी रूसी ड्रोन हमला हुआ. यूक्रेनी सरकारी मीडिया ने टेलीग्राम पर बताया कि इस हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन बच्चे शामिल थे. हमले में एक महिला के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.

युद्ध में बढ़ते हवाई हमले

रूस और यूक्रेन के बीच जंग अब करीब साढ़े चार साल की ओर बढ़ रही है और इस दौरान हवाई हमलों में तेजी दिखाई दे रही है. रूस ने हाल के दिनों में यूक्रेन के शहरों और बुनियादी ढांचे पर ड्रोन और मिसाइल हमले बढ़ाए हैं. इससे एक दिन पहले, गुरुवार को रूस के बैलिस्टिक मिसाइल हमले में यूक्रेन की राजधानी कीव में 17 लोगों की मौत हुई थी.

रूस पर दबाव बढ़ाने के लिए यूक्रेन भी कर रहा हमले

दूसरी तरफ यूक्रेन ने भी रूस के खिलाफ अपने हमले तेज कर दिए हैं. यूक्रेनी सेना रूस की तेल सुविधाओं और लॉजिस्टिक्स से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बना रही है. यूक्रेन का मकसद इन हमलों के जरिए रूस की युद्ध लड़ने की क्षमता और सैन्य आपूर्ति व्यवस्था को कमजोर करना है.

ये भी पढ़ें:- ईरान की अमेरिका को चेतावनी: नई धमकी मिली तो होगा 'तबाह करने वाला' जवाब; ट्रंप ने कड़े प्रतिबंधों का ऐलान किया था


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola