कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा का निधन, भारत में एक दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान

कतर के पूर्व शासक अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का फाइल फोटो, PHOTO एक्स
Qatar Sheikh Hamad bin Khalifa Al-Thani Passed Away: कतर के पूर्व शासक अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का रविवार को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया. भारत सरकार ने उनके सम्मान में 13 जुलाई 2026 को पूरे देश में एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है.
Qatar Sheikh Hamad bin Khalifa Al-Thani Passed Away: विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय शोक के दिन पूरे भारत में सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) आधा झुका रहेगा. इसके अलावा, इस दौरान देश में कोई भी आधिकारिक मनोरंजन या सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा.
पीएम मोदी ने जताया शोक, बताया 'भारत का सच्चा मित्र'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कतर के पूर्व अमीर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने शेख हमद बिन खलीफा को एक दूरदर्शी नेता बताया. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा: "हम कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन से बेहद दुखी हैं. वह एक दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने कतर को आधुनिक और समृद्ध बनाया. भारत उन्हें हमेशा एक 'सच्चे मित्र' के रूप में याद रखेगा. मुझे फरवरी 2024 में कतर यात्रा के दौरान उनसे मिलने का सौभाग्य मिला था. दिवंगत आत्मा को शांति मिले." प्रधानमंत्री ने कतर के वर्तमान अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी, वहां के शाही परिवार और कतर की जनता के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त की हैं.
कतर दौरे पर जाएंगे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू
संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू जल्द ही कतर का दौरा करेंगे. वे भारत सरकार और देश की जनता की ओर से कतर के शाही परिवार के प्रति आधिकारिक रूप से संवेदना व्यक्त करेंगे.
थानी ने 18 वर्षों तक कतर के अमीर के रूप में शासन किया
शेख हमद बिन खलीफा अल थानी ने 18 वर्षों तक कतर के अमीर के रूप में शासन किया. जून 2013 में उन्होंने स्वेच्छा से अपने बेटे (वर्तमान अमीर) को सत्ता सौंप दी थी. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने फारस की खाड़ी के इस छोटे से देश को कूटनीति, मीडिया, खेल और वैश्विक निवेश के क्षेत्र में एक बेहद प्रभावशाली और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अरबिंद कुमार मिश्रा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










