पीएम मोदी के सामने हिंदी बोलने लगीं मेलोनी, कहा- परिश्रम ही सफलता की कुंजी, वायरल हो रहा वीडियो

Updated:
विज्ञापन
PM Modi Italy Visit

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी, फोटो- पीटीआई

PM Modi Italy Visit: इटली दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने इटली की पीएम मेलोनी ने हिंदी में परिश्रम ही सफलता की कुंजी है कहकर सभी का ध्यान खींच लिया. मेलोनी का यह वीडियो सोशल मीडिया काफी वायरल हो रहा है.

विज्ञापन

PM Modi Italy Visit: इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने अचानक हिंदी बोलने लगीं. मेलोनी ने पीएम मोदी की मौजूदगी में हिंदी में कहा- परिश्रम ही सफलता की कुंजी है. उन्होंने इसका अर्थ भी समझाया. मेलोनी ने कहा कि पीएम मोदी का यह दौरा इटली के लिए बेहद सम्मान की बात है और इससे भारत-इटली संबंधों को नई मजबूती और दिशा मिलेगी. उन्होंने कहा कि यह उस लंबी कहानी का आखिरी पन्ना नहीं होगा, जिसे हम दृढ़ संकल्प और सहयोग के साथ आगे बढ़ा रहे हैं.

मेलोनी ने क्या कहा?

मेलोनी ने कहा- एक भारतीय शब्द है जो इसे बहुत अच्छी तरह व्यक्त करता है- परिश्रम. इसका अर्थ है कड़ी मेहनत. यह शब्द भारत में अक्सर इस्तेमाल किया जाता है. एक लोकप्रिय कहावत है-‘परिश्रम ही सफलता की कुंजी है. यानी मेहनत ही सफलता का रास्ता बनाती है. हमारा प्रयास भी यही है कि हम अपने रिश्तों को इसी सोच और मेहनत के साथ और मजबूत बनाएं.

भारत-इटली के बीच स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप पर बनी सहमति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की पीएम मेलोनी के बीच बुधवार को हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद भारत और इटली ने अपने रिश्तों को विशेष रणनीतिक साझेदारी (Special Strategic Partnership) के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति जताई है. दोनों देशों ने व्यापार, निवेश, नई प्रौद्योगिकी और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का भी फैसला किया.

पीएम मोदी बोले- रिश्तों को मजबूत करने पर हुई व्यापक चर्चा

मेलोनी के साथ बातचीत के बाद जारी संयुक्त प्रेस बयान में पीएम मोदी ने कहा- हमने भारत-इटली संबंधों को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की. प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में मंगलवार रात रोम पहुंचे थे. मेलोनी के साथ बैठक के लिए पहुंचने पर उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.

राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला से भी मिले पीएम मोदी

अपने इटली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला (Sergio Mattarella) से भी मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा, संस्कृति और नवाचार जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा की. यात्रा से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और इटली के बीच सहयोग को नई दिशा देना है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दोनों देश व्यापक सहयोग ढांचे और संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 की समीक्षा भी करेंगे.

भारत-इटली व्यापार 14.25 अरब यूरो तक पहुंचा

इटली स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, हाल के सालों में भारत और इटली के बीच आर्थिक संबंध तेजी से मजबूत हुए हैं. साल 2025 में भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार 14.25 अरब यूरो (लगभग 1.60 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंच गया. इसमें भारत का निर्यात 8.55 अरब यूरो (करीब 95,800 करोड़ रुपये) रहा, जबकि इटली का भारत को निर्यात 5.70 अरब यूरो (करीब 64,000 करोड़ रुपये) दर्ज किया गया, जो 2024 की तुलना में 9.42 प्रतिशत अधिक है.

विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola