रेगिस्तान में मिला 500 साल पुराना खजाना: दफन पुर्तगाली जहाज से निकले सोने के सिक्के और हाथी दांत

Published by :Govind Jee
Published at :29 Apr 2026 1:20 PM (IST)
विज्ञापन
Old Portuguese Shipwreck found namibia desert

रेगिस्तान की रेत के बीच खुदाई के दौरान मिला पुर्तगाली जहाज और खजाना (एआई इमेज)

Old Portuguese Shipwreck: नामीबिया के ओरांजमुंड के पास हीरा खनन के दौरान एक बड़ी ऐतिहासिक खोज हुई है. यहां 1533 में गायब हुआ पुर्तगाली व्यापारी जहाज 'बॉम जीसस' (Bom Jesus) करीब 500 साल बाद रेत के नीचे दबा मिला है.

विज्ञापन

Old Portuguese Shipwreck: ‘द मैरिनर्स मिरर’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह जहाज 7 मार्च 1533 को लिस्बन से भारत के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में भीषण तूफान और समुद्री लहरों की चपेट में आकर नामीबिया के तट पर एक चट्टान से टकराकर डूब गया. वैज्ञानिकों को यह जहाज एक ‘टाइम कैप्सूल’ की तरह मिला है, जिसमें 16वीं सदी की व्यापारिक दुनिया के राज दफन हैं.

तांबे के बोझ ने बचा लिया 500 साल पुराना इतिहास

हैरानी की बात यह है कि समंदर के खारे पानी और रेत में रहने के बावजूद जहाज का सामान खराब नहीं हुआ. खोज के दौरान वहां 40 टन से ज्यादा माल मिला है. इसमें जहाज पर मौजूद करीब 17 टन तांबे के ब्लॉक (Ingots) ने एक रक्षक का काम किया.

तांबे के जहरीले गुणों की वजह से समुद्री जीवों ने जहाज की लकड़ी और दूसरी चीजों को नुकसान नहीं पहुंचाया, जिससे जहाज का ढांचा और अंदर रखा सामान एकदम सुरक्षित रहा. खुदाई में हजारों सोने और चांदी के सिक्के, कांसे की तोपें और नेविगेशन के लिए इस्तेमाल होने वाले एस्ट्रोलैब मिले हैं.

16वीं सदी के ग्लोबल बिजनेस नेटवर्क का खुलासा

जहाज से मिले सामान ने पुराने दौर के ग्लोबल ट्रेड की नई तस्वीरें पेश की हैं. जहाज पर मिले तांबे के ब्लॉक्स पर जर्मनी के ऑग्सबर्ग के मशहूर फुगर (Fugger) परिवार का ‘त्रिशूल’ वाला निशान बना है. इससे साबित होता है कि उस जमाने में यूरोप और अफ्रीका के बीच बड़े स्तर पर कारोबार होता था. इसके अलावा, जहाज से हाथी के सैकड़ों दांत भी मिले हैं. वैज्ञानिकों का मानना है कि इन दांतों की जांच से पश्चिम अफ्रीकी हाथियों की पुरानी आबादी और उस वक्त के पर्यावरण पर व्यापार के असर को समझने में मदद मिलेगी.

क्रू मेंबर्स का क्या हुआ, अब भी बना है रहस्य

इतिहासकारों का मानना है कि ‘बॉम जीसस’ जहाज अटलांटिक महासागर के खतरनाक रास्तों और खराब मौसम का शिकार हुआ था. हालांकि जहाज का कीमती सामान और ढांचा मिल गया है, लेकिन वहां से इंसानी अवशेष यानी हड्डियां गायब हैं. जानकारों का कहना है कि शायद जहाज डूबने के बाद क्रू मेंबर्स किसी तरह अपनी जान बचाकर तट तक पहुंचने में कामयाब रहे होंगे. नामीबिया के स्केलेटन कोस्ट (Skeleton Coast) की रेत में दबा यह जहाज आज की पीढ़ी के लिए शुरुआती खोजकर्ताओं की चुनौतियों और समुद्री रास्तों की मुश्किलों को समझने का सबसे बड़ा जरिया बन गया है.

ये भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए ईरान का बड़ा दांव: अमेरिका के सामने रखी 3 फेज की शर्त, क्या ट्रंप मानेंगे बात?

विज्ञापन
Govind Jee

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola