कितना टैक्स देता है ब्रिटेन का राजा? इतिहास में पहली बार होगा खुलासा, किंग चार्ल्स देंगे जानकारी, लेकिन क्यों?
किंग चार्ल्स. फोटो- एक्स.
King Charles 3 Personal Tax: ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय अपना निजी टैक्स विवरण सार्वजनिक करने जा रहे हैं. बकिंघम पैलेस ने इसे शाही वित्त में पारदर्शिता और आधुनिकीकरण की दिशा में कदम बताया.
King Charles 3 Personal Tax: ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स तृतीय अब अपनी निजी टैक्स जानकारी सार्वजनिक करने जा रहे हैं. बकिंघम पैलेस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी और बताया कि यह कदम शाही परिवार की वित्तीय व्यवस्था को लेकर बढ़ती निगरानी और पारदर्शिता की मांग के बीच उठाया गया है. बकिंघम पैलेस के अनुसार, किंग चार्ल्स तृतीय पहले ऐसे ब्रिटिश सम्राट होंगे, जो अपने निजी टैक्स भुगतान का विवरण जनता के सामने रखेंगे. 2022 में किंग चार्ल्स तृतीय ने राजा बनने से पहले, जब वह प्रिंस ऑफ वेल्स थे, तब भी अपने टैक्स योगदान की जानकारी साझा की थी.
ब्रिटिश राजघराने के सदस्यों के लिए अपने टैक्स भुगतान का विवरण सार्वजनिक करना जरूरी नहीं है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में शाही परिवार की आर्थिक व्यवस्था को लेकर लोगों की दिलचस्पी और सवाल बढ़े हैं. महल के एक प्रवक्ता ने कहा कि सम्राट के रूप में ऐसा करने का फैसला खुद राजा की इच्छा से लिया गया है. यह उनके गद्दी संभालने के बाद से किए जा रहे बदलावों का हिस्सा है.
उन्होंने आगे कहा, ‘हमारा उद्देश्य शाही वित्त से जुड़े सभी पहलुओं को इस तरह समझाना है, जिससे पारदर्शिता और जानकारी तक पहुंच और बेहतर हो सके. साथ ही इसे इसके ऐतिहासिक और संवैधानिक संदर्भ में भी रखा जा सके. सीधे शब्दों में कहें तो हम लगातार आधुनिक हो रहे हैं और बदलावों को अपना रहे हैं.’
गुरुवार को जारी होगी टैक्स जानकारी
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, किंग चार्ल्स की टैक्स जानकारी गुरुवार को वार्षिक शाही वित्तीय खातों के साथ सार्वजनिक की जाएगी. ब्रिटेन के कानून के तहत राजा या रानी को आयकर, कैपिटल गेन टैक्स और विरासत कर देने की कानूनी बाध्यता नहीं होती. हालांकि, साल 1993 से दिवंगत महारानी एलिजाबेथ सेकेंड के समय से ब्रिटिश सम्राट अपनी इच्छा से आयकर और कैपिटल गेन टैक्स का भुगतान करते आ रहे हैं.
शाही परिवार की वित्तीय व्यवस्था पर बढ़ी निगरानी
राजघराना हाल के विवादों के बाद अपनी छवि सुधारने की कोशिश कर रहा है. इनमें प्रिंस एंड्रयू के दिवंगत अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से संबंधों को लेकर सामने आई जानकारी भी शामिल है. इस महीने की शुरुआत में सरकारी ऑडिटर्स ने खुलासा किया था कि प्रिंस एंड्रयू ने दो दशक से अधिक समय तक एक हवेली के लिए बेहद मामूली ‘पेपरकॉर्न रेंट’ चुकाया, जबकि उसी दौरान कॉटेज को किराये पर देकर निजी आय भी अर्जित की.
ये भी पढ़ें:- ईरान को मिलेगा 6 अरब डॉलर का फंड, बदले में करना होगा ये काम; बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड पहुंचे जेडी वेंस
ये भी पढ़ें:- यूरोपीय जंगलों के ‘राजकुमार’ पर भेड़ियों का हमला, कैमरे में दिखा दुर्लभ शिकार का प्रयास; Video
शाही परिवार को कैसे मिलती है आय?
ब्रिटेन का शाही परिवार अपने आधिकारिक कामकाज के लिए सरकार की ओर से मिलने वाले वार्षिक सॉवरेन ग्रांट पर निर्भर करता है. यह राशि ब्रिटेन के राजकोष से दी जाती है. इसके अलावा सम्राट की निजी आय के कई स्रोत हैं, जिनमें डची ऑफ लैंकेस्टर भी शामिल है. यह एक ऐतिहासिक संपत्ति है, जिसमें जमीन, इमारतें और निवेश शामिल हैं. वित्त वर्ष 2024-25 में डची ऑफ लैंकेस्टर ने किंग चार्ल्स तृतीय के लिए करीब 2.68 करोड़ पाउंड (लगभग 3.56 करोड़ डॉलर) की वार्षिक आय अर्जित की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










