केदारनाथ यात्रा पर बारिश की मार, सोनप्रयाग के पास भूस्खलन से हाईवे बंद

रुद्रप्रयाग में भूस्खलन
लगातार बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन से आवागमन बाधित हो गया है. प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है और जल्द से जल्द मार्ग खोलने का प्रयास कर रहा है. यात्रा सुचारू रूप से जारी रखने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं.
Rudraprayag Landslide : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के कारण हुए भूस्खलन ने केदारनाथ यात्रा में परेशानी खड़ी कर दी है. मुनकटिया में, जो सोनप्रयाग में स्थित है, केदारनाथ हाइवे पर भूस्खलन के बाद भारी मात्रा में पहाड़ का मलबा सड़क पर फैल गया. हालांकि मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है.
मलबा हटाने का कार्य जोरों पर
प्रभावित मार्ग पर मलबा हटाने के लिए जेसीबी सहित अर्थमूविंग मशीनों को तैनात किया गया है. जिससे जल्द यातायात वापस से बहाल किया जा सके. वहीं जिला प्रशासन जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से स्थिति पर नजर बनाए हुए है. साथ ही अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.
केदारनाथ यात्रा सुचारू रूप से जारी
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) नंदन सिंह राजवार ने कहा कि भूस्खलन के कारण बाधित सड़क के अलावा केदारनाथ यात्रा सुचारू रूप से जारी है. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रभावित मार्ग जल्द ही फिर से खोल दिया जाएगा.
आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारी तैनात
न्यूज एजेंसी एएनआई के हवाले से डीडीएमओ ने बताया कि "केदारनाथ यात्रा सुचारू रूप से चल रही है. गौरीकुंड के पास मुनकटिया में सड़क बाधित है, जहां जेसीबी मशीन काम कर रही है. वह मार्ग भी जल्द ही खोल दिया जाएगा. यात्रा मार्ग पर भी हमारे सेक्टर अधिकारी, अन्य कर्मचारी लगातार सतर्क हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके. जिला मजिस्ट्रेट ने भी निर्देश दिया है कि जो लोग अपने-अपने यात्रा क्षेत्रों में हैं और जिन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे भी सतर्क रहें". प्रशासन ने तीर्थयात्रियों और स्थानीय निवासियों को भारी बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
नैनबाग मार्ग पर यातायात बाधित
इस बीच टिहरी गढ़वाल जिले में, मसूरी मोड़ (केम्प्टी) के पास मलबा गिरने से नैनबाग मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. टिहरी पुलिस के अनुसार, जेसीबी मशीनों को सेवा में लगाया गया है और वाहनों की आवाजाही को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर मलबा हटाने का काम किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें : कनाडा के टोरंटो में साल्सा फेस्टिवल के दौरान अंधाधुंध फायरिंग, 2 की मौत; 3 घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











