अमेरिका की नई नाकेबंदी पर भड़का ईरान, पूरे मिडिल ईस्ट से ऊर्जा निर्यात रोकने की धमकी दी

ईरानी सेना के खात्म अल-अनबिया मुख्यालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल इब्राहिम जोलफघारी ( स्रोत- एएनआई )
ईरान ने अमेरिकी बंदरगाहों पर नाकेबंदी के जवाब में एक बड़ा कदम उठाया है. देश ने पूरे मिडिल ईस्ट से ऊर्जा निर्यात रोकने की धमकी दी है. जानें इस बढ़ते तनाव का वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा पर क्या असर पड़ सकता है.
Iran-US Conflict : अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर फिर से नाकेबंदी लागू कर दी है. यह कदम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर हुए हमलों के बाद उठाया गया. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ईरान ने अमेरिका को खुली धमकी दी है कि यदि उसके बंदरगाहों से नाकेबंदी जल्द नहीं हटाई गई तो पूरे मिडिल ईस्ट से ऊर्जा निर्यात को रोक दी जाएगी है.
ऊर्जा आपूर्ति रोकने की चेतावनी
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने मिडिल ईस्ट से तेल और गैस के निर्यात को रोकने की धमकी दी. संगठन ने कहा कि अगर क्षेत्र में सभी देशों को निर्यात की अनुमति नहीं मिलेगी, तो किसी भी देश को ऊर्जा आपूर्ति नहीं होने दी जाएगी. इस बयान के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजार में चिंता बढ़ गई है.
हमलों में बढ़े घायल, तनाव और गहराया
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी हमलों में 260 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जबकि सरकार ने 30 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि की है. अमेरिकी सेना ने कई सैन्य ठिकानों पर सात घंटे तक कार्रवाई की. दूसरी ओर ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन की दिशा में मिसाइल और ड्रोन दागे, जिनमें कई हमलों को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया.
दुनिया की ऊर्जा सुरक्षा पर बड़ा खतरा
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के तेल और प्राकृतिक गैस व्यापार का सबसे अहम समुद्री मार्ग माना जाता है. विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह मार्ग लंबे समय तक बाधित रहा तो कच्चे तेल, गैस, उर्वरक और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है. संयुक्त राष्ट्र में ईरान ने अमेरिकी कार्रवाई को आक्रामक बताया, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को समझौता करने की चेतावनी देते हुए आगे और सैन्य कार्रवाई के संकेत दिए. इससे पूरे मिडिल ईस्ट में बड़े संघर्ष का खतरा और बढ़ गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










