क्या शुरू होगी ईरान-US बातचीत? 24 घंटे में दूसरी बार पाकिस्तान पहुंचे अराघची

Published by :Pritish Sahay
Updated at :27 Apr 2026 12:34 AM
विज्ञापन
Iran US Conflict

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, ईरानी विदेश मंत्री अराघची, फोटो- पीटीआई

Iran US Conflict: ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ओमान दौरे के बाद एक बार फिर पाकिस्तान लौटे. रविवार को उन्होंने 24 घंटे में दूसरी बार पाकिस्तान पहुंचने पर पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की.

विज्ञापन

Iran US Conflict: ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची 24 घंटे में दूसरी बार पाकिस्तान पहुंचे. सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ओमान के मस्कट में अपनी हाई लेवल मीटिंग और राजनयिक मुलाकातों के बाद रविवार (26 अप्रैल) को वो इस्लामाबाद लौटे. पाकिस्तान में कुछ समय रुकने के बाद वो अपनी तीन देशों की यात्रा के तहत मॉस्को के लिए रवाना होंगे. दूसरी बार पाकिस्तान पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की. कयास लगाए जा रहे हैं कि पाकिस्तान में अमेरिका के साथ आगे की बातचीत को लेकर कोई योजना बन सकती है. इससे पहले 11 और 12 अप्रैल को ईरान और अमेरिका के बीच पहले दौर की वार्ता हुई थी, हालांकि उसमें कोई सहमति नहीं हुई, दोनों देशों की वार्ता असफल हो गई थी.

ओमान के सुल्तान से अहम मुलाकात

ईरानी सरकारी मीडिया प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, अपने ओमान दौरे में अराघची ने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से अल-बराका पैलेस में मुलाकात की. इस बैठक में द्विपक्षीय संबंधों, पश्चिम एशिया के ताजा घटनाक्रम और क्षेत्रीय संकटों को सुलझाने के प्रयासों पर चर्चा हुई. प्रेस टीवी के अनुसार, अराघची ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच संवाद और कूटनीति को बढ़ावा देने में ओमान की भूमिका की सराहना की. वहीं सुल्तान हैथम ने भी स्थायी राजनीतिक समाधान के लिए बातचीत और मध्यस्थता की अहमियत पर जोर दिया.

अमेरिका-ईरान तनाव पर ईरान का रुख साफ

इससे पहले अराघची पाकिस्तान से ओमान रवाना हुए थे, जहां उन्होंने पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ बातचीत में अमेरिका के साथ चल रहे तनाव को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए ईरान का रुख साफ किया था. पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ उच्च स्तरीय बैठकों के बाद इस्लामाबाद से रवाना होने के बाद अराघची ने एक पोस्ट में कहा था कि ईरान ने युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए एक व्यावहारिक रूपरेखा पर अपना रुख बता दिया है. उन्होंने यह भी कहा कि यह देखना बाकी है कि क्या अमेरिका सच में कूटनीति के लिए प्रतिबद्ध है.

पाकिस्तान की मध्यस्थता कोशिशों को झटका

अराघची के इस दौरे से पहले पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता में मध्यस्थता कराने की कोशिश कर रहा था. हालांकि, हालिया घटनाक्रमों से इन प्रयासों को झटका लगा है. क्योंकि दूसरे दौर की बातचीत के लिए पाकिस्तान में कोई अमेरिकी प्रतिनिधि पहुंचा ही नहीं. इसे बाद शनिवार (25 अप्रैल) की शाम को अराघची पाकिस्तान से ओमान के लिए रवाना हो गये. उनके पाकिस्तान में रहने के दौरान ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया ट्रूथ सोशल पर एक मैसेज पोस्ट किया था, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि अब गेंद ईरान के पाले में है. यदि वे बात करना चाहते हैं, तो उन्हें बस कॉल करने की जरूरत है.

अराघची करेंगे रूस का दौरा

पाकिस्तान में अल्प प्रवास के बाद अराघची रूस की राजधानी मॉस्को जाएंगे, जहां उनकी यात्रा के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर और चर्चा होने की संभावना है. लगातार हो रही इन बैठकों और दौरों से संकेत मिल रहे हैं कि पश्चिम एशिया में तनाव के बीच कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं.

जारी है अमेरिकी घेराबंदी

होर्मुज समेत ईरान से लगे तटों पर अमेरिकी घेराबंदी जारी है. ईरानी अधिकारियों ने कहा कि अमेरिकी सेनाओं ने ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी कर दी है. ऐसे में अमेरिका पर कैसे विश्वास किया जा सकता है.

क्या होगी अमेरिका-ईरान वार्ता?

पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत के लिए कूटनीतिक प्रयास कर रहा है. लेकिन कभी अमेरिकी तो कभी ईरान के कारण बात नहीं बन पा रही है. शनिवार को अमेरिकी डेलिगेशन के नहीं पहुंचने पर ईरानी प्रतिनिधिमंडल भी पाकिस्तान से रवाना हो गया. इससे दूसरे दौर की वार्ता के तहत अमेरिका-ईरान शांति समझौते में मध्यस्थता करने के पाकिस्तान के महत्वाकांक्षी दावे धराशायी हो गए.

Also Read: खतरे में FBI निदेशक काश पटेल की कुर्सी? पद से हटा सकते हैं ट्रंप

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola