Nepal Flood : नेपाल के त्रिशूली प्रोजेक्ट में 265 मजदूरों को सुरंग में छोड़ भागा चीनी अधिकारी, अब भारत बना सहारा
नेपाल के त्रिशूली-3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग के रेस्क्यू जारी. फोटो- PTI
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण 1,252 लोगों की मौत हो गई है और 5,083 लापता हैं. त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना में एक चीनी सुपरवाइजर पर 265 कर्मचारियों को सुरंग में छोड़कर भाग जाने का गंभीर आरोप लगा है. भारत की रेस्क्यू टीम नेपाली सेना के साथ मिलकर फंसे लोगों की तलाश कर रही है.
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से तबाही मची है. शव न मिलने या पहचान न होने की स्थिति में कई परिवार अपने प्रियजनों के शवों को न पाकर, उन्हें खोने के दुख में प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार करने को मजबूर हैं, जो उनकी पीड़ा को और गहरा रहा है. द स्टेट्समैन के मुताबिक,तिब्बत की सीमा के पास एक बड़ी नदी पर बने जलविद्युत प्रोजेक्ट 'त्रिशूली-3ए' से जुड़ा एक गंभीर आरोप सामने आया है. एक कर्मचारी का कहना है कि बाढ़ से पहले चीनी सुपरवाइजर 265 कर्मचारियों को सुरंग के भीतर छोड़कर खुद वहां से निकल गया था.
265 मजदूरों को सुरंग में छोड़ने का आरोप
त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना में काम करने वाले कर्मचारी राज छेत्री के मुताबिक, प्रोजेक्ट में तैनात चीनी सुपरवाइजर ने सुरंग में मौजूद 265 कर्मचारियों को वहीं छोड़ दिया. कर्मचारी ने बताया कि सुरंग के अंदर अचानक तेज आवाज सुनाई दी. इसके बाद मजदूरों ने सुपरवाइजर से बाहर निकलने की अनुमति मांगी थी. आरोप है कि इसी दौरान सुपरवाइजर खुद वहां से चला गया.
मुश्किल हालात में भारत की रेस्क्यू टीम
सुरंग में फंसे लोगों की तलाश और बचाव के लिए भारत भी नेपाल की मदद कर रहा है. भारतीय टनल रेस्क्यू टीम नेपाली सेना के साथ मिलकर चिलिमे पावर हाउस में अभियान चला रही है. भारतीय दूत ने स्याब्रूबेसी स्थित रेस्क्यू टीम के बेस कैंप का दौरा भी किया. टीम का कहना है कि हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन भारतीय और नेपाली बचावकर्मी अभियान जारी रखेंगे.
100 मीटर अंदर तक पहुंची टीम
बचाव दल ने खास तरह के उपकरणों की मदद से सुरंग के भीतर करीब 100 मीटर तक का जायजा लिया है. अब सुरंग में और आगे जाने के लिए भारी मशीनरी और उपकरण पहुंचाने की तैयारी की जा रही है. रेस्क्यू टीम के सामने मलबे का ढेर और पानी का बहाव बड़ी चुनौतियां पेश कर रहा है, जिससे बचाव कार्य में काफी दिक्कत आ रही है.
फिर बढ़ रहा नदियों का जलस्तर
नेपाल में खतरा अभी टला नहीं है. भोटेकोशी नदी के ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने की आशंका है. भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों के अलावा रसुवा और नुवाकोट जिलों से गुजरने वाली छोटी नदियों और जलधाराओं में भी पानी बढ़ सकता है.
तिब्बत में ग्लेशियरों को लेकर चीन की चेतावनी
इस बीच चीन के एक वरिष्ठ जलवायु अधिकारी ने तिब्बती पठार पर ग्लेशियरों के और अस्थिर होने की आशंका जताई है. उनका कहना है कि इससे तिब्बत-नेपाल सीमा के आसपास हाल में आई अचानक बाढ़ जैसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं. अधिकारी के अनुसार, पिछले 60 वर्षों में तिब्बती पठार का ग्लेशियर क्षेत्र करीब 24 फ़ीसदी घट चुका है और लगभग 7,000 छोटे ग्लेशियर पूरी तरह खत्म हो गए हैं. यह स्थिति भविष्य में और भी गंभीर हो सकती है, ऐसे में ऐसी आपदाओं से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखना बेहद जरूरी है.
ये भी पढ़ें: Nepal Flood: नेपाल में एक हफ्ते बाद भी नहीं टला बाढ़ का खतरा, तिब्बत में 21 की मौत, 541 लोग लापता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए