चीन ने फिर उगला जहर, अरुणाचल को बताया अपना हिस्सा; भारत के कब्जे को कहा अवैध
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग. फोटो-सोशल मीडिया
चीन ने एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश को लेकर भारत के खिलाफ विवादित बयान दिया है. चीनी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि भारत ने अरुणाचल प्रदेश को अवैध रूप से बनाया है और चीन इसे मान्यता नहीं देता. चीन ने अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा दोहराते हुए इसे अपना हिस्सा बताया है. वह इस राज्य को 'जंगनन' कहता है और दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा बताता रहा है. भारत हमेशा चीन के इस दावे का अवैध बताया और खारिज किया है.
चीन का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास चीनी सैनिकों के आक्रामक रुख की खबरें सामने आई हैं. हालांकि, चीन ने भारत के साथ सीमा पर मौजूदा स्थिति को आम तौर पर स्थिर बताया है. साथ ही कहा है कि दोनों देशों के बीच सैन्य और राजनयिक स्तर पर बातचीत जारी है.
चीन बोला- अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं देते
चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीनियर कर्नल चेन शी ने गुरुवार को अपनी मासिक प्रेस वार्ता में अरुणाचल प्रदेश को लेकर चीन का पुराना रुख दोहराया.
उन्होंने कहा, "जंगनन क्षेत्र चीन का हिस्सा है. चीन, भारत द्वारा अवैध रूप से स्थापित तथाकथित अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं देता."
चीन अरुणाचल प्रदेश को दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा बताकर उस पर अपना दावा करता रहा है. भारत ने हमेशा चीन के इस दावे को खारिज किया है. भारत का स्पष्ट रुख है कि अरुणाचल प्रदेश देश का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है.
सीमा पर स्थिति स्थिर होने का दावा
अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास चीनी सैनिकों के आक्रामक रुख की खबरों के बीच दोनों देशों के बीच इस महीने हुई उच्चस्तरीय सैन्य वार्ता को लेकर भी सवाल पूछा गया.
इस पर चेन शी ने कहा कि फिलहाल भारत और चीन के बीच सीमावर्ती इलाकों की स्थिति आम तौर पर स्थिर है. दोनों देश राजनयिक और सैन्य माध्यमों से संपर्क बनाए हुए हैं. इसमें जनरल स्तर की बैठकें भी शामिल हैं.
उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति को लागू करने और सीमावर्ती इलाकों में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर काम किया जा रहा है.
अरुणाचल के ऊपरी सुबनसिरी में हुई थी सैन्य बातचीत
अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी क्षेत्र में चीनी सैनिकों के आक्रामक रुख को लेकर दोनों देशों के शीर्ष सैन्य अधिकारियों के बीच बातचीत हुई थी. यह वार्ता कई दिनों तक चली थी.
इससे पहले सितंबर में भी अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में भारत और चीन की सेनाओं के वरिष्ठ कमांडरों के बीच फ्लैग मीटिंग हुई थी. दोनों देशों के बीच ऐसी बैठकों का मकसद सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखना है.
भारत-जापान रक्षा सहयोग पर भी चीन की टिप्पणी
भारत और जापान के बीच हाल ही में हुई 'टू प्लस टू' वार्ता पर भी चीनी रक्षा मंत्रालय से सवाल पूछा गया. इस पर प्रवक्ता चेन शी ने जापान पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह फिर से सैन्यीकरण तेज कर रहा है और वहां नया सैन्यवाद बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस पर सतर्क रहना चाहिए और इसके खिलाफ कड़े कदम उठाने चाहिए.
गौरतलब है कि भारत और जापान हालिया 'टू प्लस टू' वार्ता में कई प्रमुख क्षेत्रों में रक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए हैं.
ये भी पढ़ें: ट्रंप का नया टैरिफ भारत के लिए कितना नुकसानदायक? एक्सपर्ट से समझिए व्यापार समझौते पर क्या होगा असर
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए