America: न्यू मैक्सिको में गोलीबारी में 3 लोगों की मौत, 6 अन्य घायल
Published by : Agency Updated At : 16 May 2023 1:11 PM
America Shooting: पुलिस प्रमुख स्टीव हेब्बे ने बताया कि हमलावर के पास कम से कम तीन हथियार थे, जिसमें एआर-स्टाइल राइफल भी शामिल है. हमलावर और हताहत हुए लोगों की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है.
America Shooting : उत्तर-पश्चिमी न्यू मैक्सिको के एक समुदाय में कम से कम तीन बंदूकों से लैस 18 वर्षीय किशोर ने वाहनों तथा मकानों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी, गोलीबारी की इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि, दो पुलिस अधिकारियों सहित छह अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गोलीबारी सुबह करीब 11 बजे फोर कॉर्नर के पास हुई. फार्मिंग्टन के पुलिस प्रमुख स्टीव हेब्बे ने कल रात जारी एक वीडियो में कहा कि गोलीबारी की सूचना मिलने पर अधिकारी कुछ ही मिनट में मौके पर पहुंचे और हमलावर को मार गिराया.
पुलिस प्रमुख स्टीव हेब्बे ने बताया कि हमलावर के पास कम से कम तीन हथियार थे, जिसमें एआर-स्टाइल राइफल भी शामिल है. हमलावर और हताहत हुए लोगों की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है. जांचकर्ता हमले के पीछे का मकसद पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. हमलावर के परिवार वालों से भी पूछताछ जारी है.
गवर्नर मिशेल लुजन ग्रिशाम ने एक बयान में कहा कि वह हताहत हुए लोगों के परिवारों के लिए प्रार्थना कर रही हैं. उन्होंने कहा कि घटना एक और बार इस बात को रेखांकित करती है कि कैसे बंदूकी हिंसा हमारे राज्य और हमारे देश में हर दिन जिंदगियां बर्बाद कर रही है. मेयर नैट डकेट ने एक बयान में कहा कि गोलीबारी की घटना से हमें बेहद पीड़ा पहुंची है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










