ePaper

जाएं तो जाएं कहां... इजराइल की धमकी के बाद खाना, पानी और पनाह के लिए दर-दर भटक रहे गाजा के लोग

Updated at : 15 Oct 2023 6:37 PM (IST)
विज्ञापन
जाएं तो जाएं कहां... इजराइल की धमकी के बाद खाना, पानी और पनाह के लिए दर-दर भटक रहे गाजा के लोग

Protesters wave flags as they attend a pro Palestinian demonstration in London, Saturday, Oct. 14, 2023, in support of Palestinians caught up in the war between Israel and Hamas. AP/PTI(AP10_15_2023_000005B)

इजराइल की सेना ने 10 लाख से ज्यादा फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा को खाली करने का आदेश दिया. इजराइल ने गाजा के निवासियों को दक्षिण की ओर जाने के लिए कहा है. वहीं, हमास लोगों को जगह खाली करने से रोक रहा है. आम लोगों के पास अब न खाना है और न पानी, जान बचाने के लिए दर दर भटक रहे हैं आम लोग.

विज्ञापन

Israel Hama War: गाजा के 23 लाख नागरिकों को रविवार को भोजन, पानी और सुरक्षा के लिए भीषण संघर्ष का सामना करना पड़ रहा है. हमास के आतंकवादियों के इजराइल पर अप्रत्याशित हमला करने के एक सप्ताह बाद गाजा में फलस्तीनी बुनियादी जरूरत की चीजों से भी वंचित हो गए हैं. गाजा के हजारों लोग उत्तरी इलाके को खाली करने के इजराइल के आदेश का पालन करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं अन्य लोग वहां के अस्पतालों में जमा हो गए.गाजा में चिकित्सकों ने रविवार को आगाह किया कि यदि घायल लोगों से भरे अस्पतालों में ईंधन और बुनियादी आपूर्ति खत्म हो गई, तो हजारों लोगों की मौत हो सकती है. पिछले सप्ताह हमास के घातक हमले से शुरू हुए युद्ध के बीच इजराइल के संभावित जमीनी हमले से पहले नागरिकों को भोजन, पानी और सुरक्षा खोजने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है.

गाजा सीमा के अंदर दाखिल होने को तैयार इजराइली सेना

इस क्षेत्र में अमेरिकी युद्धपोतों की बढ़ती तैनाती के बाद इजराइली सेना गाजा की सीमा पर लामबंद हो चुकी है. इजराइल ने कहा है कि वह आतंकवादी समूह हमास को खत्म करने के लिए एक व्यापक अभियान चलाएगा. गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि लड़ाई शुरू होने के बाद से 2,329 फलस्तीनी मारे गए हैं. यह संख्या 2014 में इजराइल-गाजा के बीच छिड़े युद्ध से भी अधिक है. यह युद्ध छह सप्ताह से अधिक समय तक चला था. इस बार के संघर्ष में 1,300 से अधिक इजराइली मारे गए हैं, जिनमें से अधिकांश नागरिक हमास के सात अक्टूबर के हमले में मारे गए. 1973 में मिस्र और सीरिया के साथ हुए संघर्ष के बाद से यह इजराइल के लिए यह सबसे घातक युद्ध है.

खाली खाली करने का इजराइल का आदेश

इजराइल की सेना ने 10 लाख से ज्यादा फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा को खाली करने का आदेश दिया. इजराइल ने गाजा के निवासियों को दक्षिण की ओर जाने के लिए सोशल मीडिया पर भी निर्देश जारी किया. इसके साथ ही विमान के जरिये गिराए गए पर्चों में भी यही आदेश दोहराया गया. सेना ने कहा है कि वह उत्तर में हमास आतंकवादियों के खिलाफ एक बड़े अभियान से पहले नागरिकों को हटाने की कोशिश कर रही है, जिसमें गाजा शहर में भूमिगत ठिकाने भी शामिल हैं. हालांकि, हमास ने लोगों से अपने घरों में रहने का आग्रह किया है. सेना ने रविवार को कहा कि वह पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न एक बजे तक दक्षिण में एक भी मार्ग को निशाना नहीं बनाएगी और फिर से फलस्तीनियों से सामूहिक रूप से उत्तरी इलाके को छोड़ने का आग्रह किया.

खतरे में हजारों मरीजों का जावन- UN

सेना ने एक दिन पहले फलस्तीनियों से दो गलियारे से निकल जाने की पेशकश की थी. वहीं, संयुक्त राष्ट्र और सहायता समूहों ने कहा है कि इतनी तेजी से पलायन, साथ ही 40 किलोमीटर लंबे तटीय क्षेत्र की इजराइल द्वारा पूरी घेराबंदी के कारण भीषण मानवीय संकट होगा. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा कि उत्तरी इलाकों के अस्पतालों में नवजात शिशु और गहन देखभाल इकाई (आईसीयू) में इलाजरत लोगों समेत 2,000 से अधिक मरीजों के लिए निकासी ‘‘मौत की सजा के समान हो सकती है. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, गाजा के अस्पतालों में दो दिनों के भीतर जनरेटर का ईंधन खत्म होने की आशंका है, इससे हजारों मरीजों का जीवन खतरे में पड़ जाएगा.

घोर संकट से गुजर रहा गाजा

इजराइल की घेराबंदी के कारण पानी और चिकित्सा आपूर्ति की किल्लत के कारण गाजा पहले से ही मानवीय संकट में है. निवासियों ने कहा कि कुछ बेकरियां बंद होने से वे ब्रेड खरीदने में भी असमर्थ हैं. इजराइल की सेना ने कहा है कि हजारों फलस्तीनी नागरिक चेतावनी के मद्देनजर दक्षिणी क्षेत्र की ओर पहले ही जा चुके हैं. अमेरिका गाजा के साथ लगी मिस्र की राफा सीमा को फिर से खोलने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर करने के प्रयास में है, ताकि अमेरिकियों और अन्य विदेशी नागरिकों को वहां से जाने की अनुमति मिल सके और मिस्र की ओर से एकत्रित मानवीय सहायता को पहुंचाया जा सके. युद्ध के आरंभ में हवाई हमलों के कारण यह सीमा बंद कर दी गई थी.

बंधकों की जल्द रिहाई की उठ रही मांग

इजराइल में हमास द्वारा पकड़े गए और गाजा ले जाए गए करीब 150 लोगों के सैकड़ों रिश्तेदार तेल अवीव में इजराइली रक्षा मंत्रालय के बाहर एकत्र हुए और उनकी रिहाई की मांग की. शनिवार रात टेलीविजन पर प्रसारित एक संबोधन में इजराइल के मुख्य सैन्य प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हागारी ने हमास पर नागरिकों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. हमले के समय का उल्लेख किए बिना उन्होंने कहा, ‘‘हम जल्द ही गाजा सिटी पर व्यापक हमला करने जा रहे हैं.

हमास का एक कमांडर ढेर- इजराइली सेना

सेना ने कहा कि रविवार को दक्षिणी गाजा में हवाई हमले में निरिम में हत्याओं के लिए जिम्मेदार हमास का कमांडर मारा गया. इजराइल ने कहा है कि उसने रात भर में कमांड सेंटर और रॉकेट लॉन्चर सहित 100 से अधिक सैन्य ठिकानों पर हमला किया. इजराइल ने गाजा के साथ लगी सीमा पर लगभग 3,60,000 रिजर्व और बड़े पैमाने पर सैनिकों और टैंकों की लामबंदी की है. सेडरोट शहर के निवासियों समेत गाजा सीमा के पास रहने वाले इजराइलियों को निकाला जाना जारी रहा. संघर्ष शुरू होने के बाद से गाजा में आतंकवादियों ने 5,500 से अधिक रॉकेट दागे हैं, जिनमें से कई इजराइल के भीतरी इलाके तक पहुंच गए हैं. वहीं, इजराइली युद्धक विमान गाजा पर हमला कर रहे हैं.

अमेरिकी भेज रहा युद्ध के साजो सामान

अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने शनिवार देर रात कहा कि अमेरिका एक दूसरे विमान वाहक पोत यूएसएस ड्वाइट डी. आइजनहावर को पूर्वी भूमध्य सागर में भेज रहा है, जिसका उद्देश्य ईरान या लेबनान के हिजबुल्लाह जैसे हमास के किसी भी सहयोगी को रोकना है. जो बाइडन प्रशासन द्वारा व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष को रोकने के लिए प्रयासों के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रियाद में सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की. बृहस्पतिवार को पश्चिम एशिया पहुंचने के बाद ब्लिंकन मोहम्मद बिन सलमान समेत अरब जगत के कई नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं.

Also Read: Israel Hamas War : इजराइल को ईरान दिखा रहा हिजबुल्लाह का डर, कहा- युद्ध में अगर शामिल हुआ तो मचेगी भयंकर तबाही

हमास के प्रवक्ता जिहाद ताहा ने बेरूत में एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को बताया कि बंधकों के कारण इजराइल ‘‘जमीनी लड़ाई लड़ने की हिम्मत नहीं करता है.’’ उन्होंने इजराइल द्वारा जमीनी आक्रमण शुरू करने पर लड़ाई में हिजबुल्लाह और अन्य पक्षों के शामिल होने की ओर इशारा किया. गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि उत्तरी गाजा में जबालिया शरणार्थी शिविर के पास इजराइल के हवाई हमले में कम से कम 27 लोग मारे गए और 80 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि हताहतों में अधिकतर महिलाएं और बच्चे थे. कमल एडवान अस्पताल के डॉक्टरों ने जले और क्षत-विक्षत शवों के फुटेज साझा किए.

Also Read: Israel Hama War: इजराइल हमास युद्ध कब होगा खत्म! बड़ी संख्या में पलायन जारी, राफा सीमा से निकासी पर हुआ समझौता

विज्ञापन
Agency

लेखक के बारे में

By Agency

Agency is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola