West Bengal News: राजू झा हत्याकांड में रांची से 2 आरोपी गिरफ्तार, 10 दिनों की पुलिस रिमांड
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 02 May 2023 8:47 PM
दुर्गापुर के कोयला कारोबारी राजेश उर्फ राजू झा हत्याकांड में एसआईटी ने रांची से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बर्दवान कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 10 दिनों के पुलिस रिमांड में भेज दिया. इस मामले की जांच कर रही एसआइटी दोनों आरोपियों से पूछताछ कर कई जानकारी जुटाएगी.
पानागढ़ (पश्चिमी बंगाल), मुकेश तिवारी : दुर्गापुर के कोयला कारोबारी राजेश उर्फ राजू झा हत्याकांड में एसआईटी ने गुप्त सूचना के आधार पर झारखंड के रांची क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को बर्दवान कोर्ट में पेश करते हुए रिमांड की मांग की गयी. कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 10 दिनों की पुलिस रिमांड पर दिया है. गिरफ्तार आरोपियों में इंद्रजीत गिरी उत्तर प्रदेश के बनारस का रहने वाला और लाल बाबू कुमार बिहार के गया स्थित अकबरपुर का रहने वाला है. एसआईटी दोनों आरोपियों का रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी.
एक अप्रैल को राजू झा की हुई थी हत्या
मालूम हो कि एक अप्रैल, 2023 को दुर्गापुर से कोलकाता जाने के क्रम में राजू झा की पूर्व बर्दवान जिले के शक्तिगढ़ में अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना के 19 दिनों के बाद एसआईटी ने पश्चिम बर्दवान जिला अंतर्गत कांकसा थाना इलाके के बाबूनाड़ा स्थित तपोवन अपार्टमेंट से अभिजीत मंडल को गिरफ्तार किया था. राजू झा हत्याकांड में यह पहली गिरफ्तारी थी.
गैंगस्टर अमन सिंह का नाम आया सामने
इस हत्याकांड की घटना की जांच के लिए 12 पुलिस अधिकारियों को लेकर एसआईटी का गठन कर जांच पड़ताल शुरू किया गया था. हत्या में शामिल अपराधियों की कार को शक्तिगढ़ रेलवे स्टेशन के पास से पुलिस ने लावारिस अवस्था में बरामद किया था. इस हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश के गैंगस्टर अमन सिंह का नाम सामने आ रहा था. इस बाबत पुलिस हजारीबाग जेल में जाकर अमन सिंह से संबंधित सीसीटीवी फुटेज आदि भी एकत्र कर आयी थी. फॉरेंसिक टीम ने भी कई तथ्य पुलिस को दिए थे. एसआईटी ने बर्दवान कोर्ट में मामले की छानबीन के लिए तथा सीसीटीवी फुटेज आदि को लेकर आवेदन भी दिया था.
पुलिस जांच में जुटी
बताया गया कि हत्या के दिन राजू झा के साथ गौ तस्करी मामले में सीबीआई द्वारा फरार आरोपी अब्दुल लतीफ भी कार में मौजूद था. इसके साथ ही राजू झा के एक मित्र ब्रतीन मुखर्जी भी कार में सवार था. कार के चालक नूर हुसैन के बयान और प्राथमिकी के आधार पर पुलिस मामले की तहकीकात कर रही थी. राजू हत्याकांड को लेकर तृणमूल के सांसद अर्जुन सिंह मृतक राजू झा के घर दुर्गापुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले थे और इस हत्याकांड को लेकर उन्होंने कहा था कि हत्या में शामिल लोग शांति से नहीं रहेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










