देव दीपावली पर वाराणसी के गंगा घाट से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संकल्प, सालों पुरानी परंपरा रही कायम

Updated at : 19 Nov 2021 10:47 PM (IST)
विज्ञापन
देव दीपावली पर वाराणसी के गंगा घाट से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संकल्प, सालों पुरानी परंपरा रही कायम

समूचे घाट की आकर्षक सजावट के साथ ही मां गंगा की 108 किलो की अष्टधातु की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार 108 किलो फूल से किया गया, जिसमें कोलकाता से मंगाए 70  किलो विदेशी संग देशी फूलों का भी समावेश रहा.

विज्ञापन
undefined

Varanasi Dev Deepawali 2021: काशी में देव दीपावली पर शुक्रवार को दशाश्वमेध घाट की गंगोत्री सेवा समिति ने पहली बार पांच बेटियों की अगुआई में गंगा महाआरती संपन्न कराई. गंगा घाट पर नारी शक्ति के सम्मान को बढ़ाते हुए पांच कन्यायों ने महाआरती को संपन्न किया.

undefined

हर साल की भांति दशाश्वमेध घाट पर नियमित आरती करने वाली संस्था गंगोत्री सेवा समिति ने मां गंगा की पूजा-अर्चना करने के बाद दुग्धाभिषेक करके तट पर सिंहासनारूढ़ गंगा महारानी की श्रृंगारिक प्रतिमा की अलौकिक आरती की. असंख्य दीपों से जगमग गंगा तट की अलौकिक शोभा श्रद्धालु निहारते रहे. इस दौरान हर-हर महादेव की गूंज से काशी देवताओं की उपस्थिति को प्रतिबिंबित कर रही थी.

undefined

यह परंपरा कार्तिक पूर्णिमा के दिन दशाश्वमेघ घाट स्थित गंगोत्री सेवा समिति के तत्वावधान में 30 साल से बाबू महाराज के परिवार से शुरू की गई. देव दीपावली के अवसर पर शामिल होने वाली महाआरती में तीसरी पीढ़ी की मान्या, पद्माक्षी, रोशनी, पूजा और करिश्मा ने आरती करके नारी शक्ति का परिचय देते हुए बेटियों का हौसला बढ़ाया.

undefined

साल 1991 के बाद परिवार की तीसरी पीढ़ी की बेटियां थी, जिन्होंने माता गंगा की महाआरती की. कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवताओं की दीपावली मनाए जाने के उपलक्ष्य में गंगा घाट पर भव्य जल उत्सव दीपकों की सजावट के साथ मनाया जाता है. पौराणिक कथाओं के अनुसार महादेव के दैत्य त्रिपुर के वध के उपरांत देवताओं ने दीप श्रृंखला जलाकर दीपावली उत्सव मनाई थी. यही कारण है कि आज के दिन मंदिरों में दीपक जलाकर उत्सव मनाया जाता है.

undefined

कार्तिक पूर्णिमा पर दशाश्वमेध घाट पर नियमित आरती करने वाली संस्था गंगोत्री सेवा समिति ने गंगा महारानी का पूजन-स्तवन कर दुग्धाभिषेक किया. काशी के घाट ब्राह्मणों के श्लोक के साथ हर-हर गंगे के महाजाप से गूंज उठा.

undefined

सालों से चली आ रही परंपरा के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान का श्रीगणेश मंगलाचरण से हुआ. इसके पश्चात समिति के संस्थापक अध्यक्ष किशोरी रमण दूबे ऊर्फ बाबू महाराज के सान्निध्य में मुख्य अतिथि सुमेरूपीठ शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सस्वती, पद्मश्री चंद्रशेखर सिंह, इंडियन ऑयल के डॉ. उत्तीय भटाचार्य, अरुण प्रयास, कमलेश कुमार राय, चंद्रिका राय, यूको बैंक से धनश्याम परमार, सिडवी के नितिन जालान और डॉ. रितु गर्ग ने मां गंगा का शास्त्रोक्त विधि से पूजन के क्रम में 51 लीटर दूध से अभिषेक किया.

undefined

समूचे घाट की आकर्षक सजावट के साथ ही मां गंगा की 108 किलो की अष्टधातु की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार 108 किलो फूल से किया गया, जिसमें कोलकाता से मंगाए 70  किलो विदेशी संग देशी फूलों का भी समावेश रहा. इसी क्रम में पांच बेटियों के नेतृत्व में मां गंगा की महाआरती के साक्षी हजारों श्रद्धालुओं ने बेटियों के जन्म में सहायक और उनके सम्मान का संकल्प दुहराया.

undefined

इस वर्ष के आयोजन में 21 बटुकों संग 42 रिद्धि-सिद्धि ने गंगा महाआरती की. इस उत्सव को यादगार बनाने के लिए कन्हैया दुबे के संयोजन में हुए सांस्कृतिक आयोजन में गायक और सांसद मनोज तिवारी, काशी के मशहूर गायक ओम तिवारी, आस्था शुक्ला और अमलेश शुक्ला संग तमाम गायकों ने गीतों से अपनी स्वरांजलि अर्पित की.

undefined

गंगोत्री सेवा समिति ने केदार घाट की सीढ़ियों पर आकर्षक सजावट और पांच आरती संपन्न कराई. आयोजन के अंत में राज्य पुलिस और पीएसी के शहीद जवानों की याद में अश्विन पूर्णिमा (20 अक्टूबर) से जल रही आकाशदीप का समापन करते हुए उनके नाम से दीपदान किया गया. महाआयोजन में प्रमुख रूप से पं. किशोरी रमन दुबे बाबू महाराज, दिनेश शंकर दुबे, गंगेश्वर दुबे, डॉ. संतोष ओझा, भृगु नाथ द्विवेदी ,संकठा प्रसाद ने भागीदारी की और संचालन राजेश शुक्ला ने निभाई.

(रिपोर्ट:- विपिन सिंह, वाराणसी)

Also Read: Dev Deepawali 2021: 15 लाख दीपक, 33 करोड़ देवी-देवता और शिव की नगरी, धन्य है घाट गंगा, शहर अपनी काशी
विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola