UP Crime: मुरादाबाद में मामा ने भांजे की हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंका शव, घिनौना सच जानकर दंग रह जाएंगे आप...

मुरादाबाद में रिश्तों के कत्ल का मामला सामने आया है. मामा ने अपने भांजे की हत्या कर दी, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में उसने भांजे के घिनौने कृत्य से तंग आकर वारदात को अंजाम देने की बात कही है. पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है.
Moradabad: प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में मामा के अपने भांजे की हत्या का मामला सामने आया है. घटना जनपद के मझोला थाना क्षेत्र के लोधीपुर बिशनपुर की है, जहां आरोपी मामा ने भांजे को डंडे से पीट-पीटकर मारा, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए उसने शव को रेलवे पटरी पर फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
अमरोहा जनपद का रहने वाला 25 वर्षीय शिवम मुरादाबाद के बिशनपुर गांव में अपने मामा के घर आया था. आरोप है कि शिवम ने अपनी रिश्ते की बहन की अश्लील वीडियो बनाई थी. इसे लेकर वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था. ये बात जब उसके मामा देवेंद्र पाल को पता चली तो उसने शिवम को ऐसा करने से रोका और समझाया. लेकिन, शिवम नहीं माना और ब्लैकमेल करता रहा. इससे गुस्साए मामा ने डंडे से पीट पीटकर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस ने हत्यारोपी देवेंद्र पाल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने अपने भांजे शिवम पुत्र रामवीर निवासी गांव सिकरी भूड थाना सैदनगली जिला अमरोहा को पीट-पीटकर मार डाला.
देवेंद्र ने पुलिस पूछताछ में बताया कि भांजे को कमरे में बंद करके डंडों से पीटकर उसकी हत्या के बाद उसने शव को लोधीपुर बिशनपुर रेलवे लाइन पर डाल दिया, जिससे मामला खुदकुशी का लगे. पुलिस को घटना की सूचना शनिवार देर रात मिली. इसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ट्रेन आने की वजह से शव टुकड़ों में बंट चुका था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
हत्यारोपी मामा ने बताया कि भांजा शिवम अमरोहा में अपनी मौसी के घर रहता था. वहां उसने अपनी रिश्ते की बहन से संबंध बनाए और फिर उसे वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा. कई बार समझाने पर भी वह नहीं माना, इसलिए उसने मजबूर होकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sanjay Singh
working in media since 2003. specialization in political stories, documentary script, feature writing.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




