Jharkhand Breaking News Live: देवघर में पांच लड़कों ने युवक का हाथ काट डाला, हालत गंभीर
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के LIVE सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
देवघर में पांच लड़कों ने युवक का हाथ काट डाला, हालत गंभीर
देवघर: आपसी दुश्मनी में नगर थाना क्षेत्र के सुभाष चौक निवासी विवेक कुमार को उसके पांच परिचित लड़कों ने मिलकर दाएं हाथ को कलाई के पास से काट डाला. उसकी मां घायल बेटे को इलाज कराने सदर अस्पताल लेकर पहुंची. घटना की जानकारी होते ही नगर थाना के प्रभारी थानेदार कुमार अभिषेक व एसआइ रवींद्र कुमार सिंह सदर अस्पताल आये. घायल युवक से घटना की जानकारी लेकर विवेक के कटे हाथ का पार्ट खोजने घटनास्थल निकले. सदर अस्पताल में इलाज के बाद डॉक्टर ने विवेक को बेहतर इलाज के लिये बाहर ले जाने की सलाह दी है. घायल विवेक ने पुलिस को बौआ सिंह व नीतीश नाम के दो आरोपियों का नाम बताया है.
मणिपुर में फंसे झारखंड के 34 स्टूडेंट्स की हो रही सुरक्षित वापसी
मणिपुर से झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद और रांची के 34 छात्रों की सुरक्षित वापसी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर की जा रही है. श्रम विभाग द्वारा संचालित राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष कंट्रोल रूम में मणिपुर में फंसे कुल 34 छात्रों की सूची प्राप्त हुई है. कंट्रोल रूम के पास कुल 34 विद्यार्थीयों की लिस्ट साझा की गयी है. ये सभी अलग-अलग यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं हैं. 34 में से 22 विद्यार्थियों का टिकट आज श्रम विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सहयोग से कन्फर्म कर दिया गया है. ये सभी विद्यार्थी नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, सेंट्रल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी एवं आईआईटी-टी मणिपुर में अध्यनरत हैं. अधिक जानकारी के लिए श्रम विभाग के कंट्रोल रूम के 0651-2481055, 0651-2480058, 0651-248008, 0651-2481188,0651-248202 एवं व्हाट्सएप नंबर 9470132591, 9431336398, 9431336472 9470132591, 9431336398 और 9431336432 पर संपर्क किया जा सकता है.
ट्रेडिंग में मुनाफा का झांसा देकर देवघर की महिला से 45 हजार की ठगी
देवघर: सोशल साइट इंस्टाग्राम पर आधा घंटा में रुपये तिगुना कराने का विज्ञापन देख बिलासी टाउन इलाके की एक महिला साइबर अपराधियों के झांसे में आ गयी. इसके बाद साइबर अपराधियों ने उस महिला से 45000 रुपये की ठगी कर ली.
गुमला में पत्नी की टांगी से काटकर हत्या
गुमला जिला अंतर्गत बिशुनपुर थाना के भितर सेरका गांव निवासी दिलेश्वर खेरवार ने अपनी पत्नी रंथी देवी (35) की टांगी से काटकर हत्या कर दी. घटना की सूचना पर बिशुनपुर थाना के एएसआई दशरथ कुमार घटनास्थल पहुंचे. जहां मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.
सीयूजे में शोधार्थियों के साथ पारस्परिक विचार-विमर्श का आयोजन
रांची: झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं वित्त अध्ययन विभाग के शोधार्थियों के साथ पारस्परिक विचार-विमर्श का आयोजन किया गया. मुख्य वक्ता उत्कल विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ अनिल कुमार स्वैन थे. इन्होंने शोधार्थियों से संवाद करते हुए भारत के प्राचीन काल का वर्णन किया और भारत काल के कारीगर, उनके द्वारा बनाई गई आकृति और व्यापार की चर्चा की. उन्होंने कॉटिल्य का अर्थशास्त्र, जूट उद्योग, फैशन उद्योग के बारे में शोधार्थियों को अनुसंधान करने की प्रेरणा दी. इस अवसर पर वाणिज्य एवं वित्त विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ बटेश्वर सिंह ने डॉ अनिल कुमार स्वैन का स्वागत किया. प्राध्यापक डॉ के बी सिंह, डॉ अजय एवं डॉ प्रणय उपस्थित थे. कार्यक्रम में छात्र और शोधार्थियों में लीज़ा, देवव्रत, मेघा, क्षितिज, कुन्तल आदि थे.
रांची के डोरंडा में फूड वैन संचालक पर 10,000 रुपये का फाइन, नगर निगम की टीम ने 2 का सामान किया जब्त
रांची: अपर प्रशासक के निर्देशानुसार आज सोमवार को रिलायंस मार्ट, डोरंडा के समीप 1 फूड वैन संचालक पर 10,000 रुपये का फाइन किया गया. 2 फूड वैन द्वारा जुर्माना नहीं देने पर सामान जब्त किया गया. आपको बता दें कि पूर्व में भी बिरसा चौक से हवाई नगर में 2 फूड वैन पर बिना अनुज्ञप्ति फूड वैन संचालित किये जाने पर 10-10 हज़ार रुपए जुर्माना वसूला गया था. सभी फूड वैन संचालकों को 15 अप्रैल 2023 तक रांची नगर निगम से अनुज्ञप्ति प्राप्त करने के लिए आम सूचना जारी की गई थी, लेकिन अब तक केवल 9 फूड वैन संचालकों के द्वारा ही आवेदन दिया गया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए