ePaper

मेरठ: कबाड़ की दुकान पर बम के शेल तोड़ते वक्त विस्फोट, दुकानदार के उड़े चिथड़े, रिटायर्ड फौजी समेत एक युवक घायल

Updated at : 30 Nov 2023 6:48 AM (IST)
विज्ञापन
मेरठ: कबाड़ की दुकान पर बम के शेल तोड़ते वक्त विस्फोट, दुकानदार के उड़े चिथड़े, रिटायर्ड फौजी समेत एक युवक घायल

मेरठ में कबाड़ की दुकान में भीषण विस्फोट हो गया. सेना के रॉकेट लांचर शेल से तांबा निकालने के दौरान हुए विस्फोट में कबाड़ी के चिथड़े उड़ गए. विस्फोट में एक युवक और रिटायर फौजी भी बुरी तरह से घायल हो गए.

विज्ञापन

मेरठ में गंगानगर थाना क्षेत्र के अमहेड़ा के इंचौली इलाके कबाड़ की दुकान में भीषण विस्फोट हो गया. सेना के रॉकेट लांचर शेल से तांबा निकालने के दौरान हुए विस्फोट में कबाड़ी के चिथड़े उड़ गए. विस्फोट में एक युवक और रिटायर फौजी भी बुरी तरह से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. जोरदार धमाके की आवाज सुनकर इलाके के लोग भी सहम गए. आसपास के मकानों के शीशे टूट गए. सूचना पर पुलिस समेत एटीएस, मिलिट्री इंटेलीजेंस और डॉग स्कवायड की टीम मौके पर पहुंचकर घंटों जांच की. जानकारी के मुताबिक बिजनौर के मीरापुर निवासी तौसीफ उर्फ इस्लामु (65) में पत्नी अकबरी के साथ रहता था. तौसीफ की गंगानगर अम्हेड़ा रोड पर करीब 20 साल से कबाड़ की दुकान है. बुधवार की सुबह करीब 9.30 बजे तौसीफ सेना के रॉकेट लांचर शेल को हथौड़े से तोड़ रहा था. उसमें बारुद होने के कारण धमाका हो गया. विस्फोट इतना भीषण था कि जिस पत्थर पर शेल को तोड़ा जा रहा था वह चूर-चूर हो गया. तौसीफ के शरीर के अंग इधर-उधर बिखर गए. आसपास की दीवारें हिल गईं.

इलाके को किया गया सील

इस हादसे में कबाड़ी की दुकान के सामने से गुजर रहे स्कूटी सवार शिवलोक कालोनी निवासी रिटायर्ड फौजी रामेंद्र सिंह और पास की दुकान में काम करने वाले कारपेंटर इंचौली के मैथना गांव निवासी फईमु भी चपेट में आ गए. दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े. सूचना पर गंगानगर, इंचौली थाना प्रभारी समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. दुकान के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया. फोरेंसिक टीम, फील्ट यूनिट, डॉग स्कवायड, मिलिट्री इंटेलीजेंस, एटीएस और खुफिया विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. पूरी दुकान को खंगाला गया. पुलिस को मौके से दो रॉकेट लांचर शेल खुले हुए और दो बंद बरामद हुए हैं. पांचवें शेल को तोड़ते वक्त उसमें धमाका हुआ. पुलिस ने तौसीफ के शव के टुकड़ों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. दोनों घायलों फईमु और रामेंद्र सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है, अभी वे कुछ भी बता पाने की हालत में नहीं हैं. वहीं एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि बम शेल कहां से लाया गया था, इसकी जांच कराई जा रही है

Also Read: UP News: वाराणसी में मां की लाश के साथ एक साल से रहती मिलीं दो बेटियां, शक होने पर ऐसे हुआ खुलासा, जानें मामला
हाईवे पर गोवंश से टकराई स्कॉर्पियो, गोवंश की मौत

मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मंगलवार देर शाम को सड़क पार कर रही गोवंश से दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो टकरा गई. इस दौरान स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे चालक मामूली रूप से घायल हो गया. वहीं स्कॉर्पियो की टक्कर से गोवंश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. इसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए. मामले की जानकारी पुलिस को दी. वहीं जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के लोग भी मौके पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया. पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटना मंगलवार देर शाम की है.

जानकारी के अनुसार दिल्ली-देहरादून बाईपास हाईवे पर दिल्ली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रही आवारा गाय को टक्कर मार दी. जिसके कारण गाय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वही स्कॉर्पियो भी क्षतिग्रस्त हो गई और चालक घायल हो गया. वहीं घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. मामले की जानकारी पाकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ कर ही रही थी कि तभी हिंदू संगठन के लोग भी मौके पर पहुंचकर हंगामा कर दिया. हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने स्कार्पियों चालक को हिरासत में ले लिया. क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को हाईवे से हटवाया. किसी तरह जाम को खुलवाकर हाईवे को चालू कराया. वहीं पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को उपचार के लिए भेज दिया है.

विज्ञापन
Sandeep kumar

लेखक के बारे में

By Sandeep kumar

Sandeep kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola