ममता राज में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ 6 अक्टूबर को कांग्रेस और वाम मोर्चा का प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के हाथरस में दलित महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म और मौत के मामले तथा पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा के विरोध में वाम मोर्चा और कांग्रेस छह अक्टूबर को राज्यव्यापी प्रदर्शन करने जा रहे हैं.
कोलकाता : उत्तर प्रदेश के हाथरस में दलित महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म और मौत के मामले तथा पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा के विरोध में वाम मोर्चा और कांग्रेस छह अक्टूबर को राज्यव्यापी प्रदर्शन करने जा रहे हैं.
वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस और विधानसभा में विपक्ष के कांग्रेस नेता अब्दुल मन्नान की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि इस संबंध में कोलकाता में एक बड़ी रैली का आयोजन होगा और इसी तरह के कार्यक्रमों का आयोजन अन्य जिलों में किया जायेगा.
बयान में कहा गया है कि कोलकाता की रैली एस्प्लेनेड से शुरू होगी और यह पार्क स्ट्रीट से होकर गुजरेगी और लेडी ब्रबोर्न कॉलेज के निकट समाप्त होगी. बयान में कहा गया है, ‘उत्तर प्रदेश के हाथरस में नृशंस घटना के अलावा हमें पश्चिम बंगाल में महिलाओं के साथ बढ़ रही दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए.’
कोलकाता में वाम मोर्चा और कांग्रेस के करीब 1000 कार्यकर्ताओं ने हाथरस में दलित महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म और मौत के मामले में शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया. इस घटना के विरोध में देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे हैं. गौरतलब है कि 14 सितंबर को हाथरस में चार युवकों ने 19 वर्षीय दलित युवती से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया था. पिछले सप्ताह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पीड़िता की मौत हो गयी.
उल्लेखनीय है कि शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में हाथरस में सामूहिक दुष्कर्म के बाद पीड़िता की मौत के खिलाफ बड़ी रैली हुई थी. रैली में ममता बनर्जी ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को आड़े हाथ लिया था. उन्होंने भाजपा को देश की सबसे बड़ी महामारी करार दिया था.
Posted By : Mithilesh Jha
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




