UP News: सोनभद्र को सीएम योगी ने दिया बड़ा तोहफा, 414 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोनभद्र का दौरा किया. इस दौरान 414 करोड़ की 217 परियोजनाएं की सौगात दी. रॉबर्टसगंज की जनसभा को सीएम योगी ने संबोधित किया. सीएम योगी बोलें 6 साल पहले शुद्ध पेयजल लोगों के लिए सपना था, आज हर घर नल योजना से घर-घर पानी पहुंच रहा है.
सोनभद्र: सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने शुक्रवार को सोनभद्र में 414 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इसके बाद सीएम ने जनसभा को भी संबोधित किया. रॉबर्टसगंज की जनसभा को सीएम योगी ने संबोधित किया. सीएम योगी बोलें 6 साल पहले शुद्ध पेयजल लोगों के लिए सपना था, आज हर घर नल योजना से घर-घर पानी पहुंच रहा है.
6 साल पहले सोनभद्र में पीने के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करना एक सपना था. अब सरकार हर घर नल योजना के साथ आरओ का पानी पाइप से घर घर पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है. यहां के गरीबों, जनजातीय भाइयों के लिए कभी आवास एक सपना था. आज लाखों लोगों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित किया जा रहा है. इसके अलावा इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी सरकार दे रही है. कोरोना काल से अबतक गरीबों को फ्री राशन वितरित किया जा रहा है.
Also Read: यूपी बोर्ड की तर्ज पर पांचवीं और आठवीं का भी होगा एग्जाम, परीक्षा नियामक प्राधिकारी से मांगा विस्तृत प्रस्ताव
हर गरीब को शासन की योजनाओं से जोड़ा जा रहा है. आज रामलला का भव्य राम मंदिर बन रहा है. जाति-मजहब की राजनीति करने वालों ने शोषण किया, अब किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं हो रहा है. पहले गरीब महिलाओं, युवाओं और किसानों का शोषण हुए, हमारे लिए 25 करोड़ जनता ही परिवार है. मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी भगवान राम इस क्षेत्र में आए थे तो यहां के लोगों ने उनका सेवाभाव के साथ सत्कार किया था. दशकों तक सत्ता संभालने वालों ने भगवान राम को टेंट के नीचे रखा, मगर 2024 में भगवान राम अपने भव्य मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं. उत्तर प्रदेश में चल रही सभी योजनाएं रामराज्य की आधारशिला है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 6 साल पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि सोनभद्र में कोई मेडिकल कॉलेज बनेगा. आज यहां मेडिकल कॉलेज बन रहा है. अब यहां के बच्चों को मेडिकल की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना होगा. सोनभद्र में मेडिकल कॉलेज एक सपना था, अब अपना मेडिकल कॉलेज होगा. भव्य मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य जारी है.अगले सत्र में मेडिकल कॉलेज में प्रवेश भी शुरू हो जाएगा. हमारी सरकार का पहली प्राथमिकता स्वास्थ्य के लिए बेहतर सुविधा देना है. हमारी सरकार ने शिक्षा विभाग को तकनीकी रूप से मजबूत बनाया है. पीएम मोदी के देखे सपने को पूरा कर रहे हैं. सीएम योगी ने यहां निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया.
सीएम योगी ने मंच से ही प्रशासन को निर्देशित किया कि कैंप लगाकर वनाधिकार का पट्टा पात्रों को उपलब्ध कराएं. साथ ही उन्होंने हवाई जहाज से सोनभद्र के जंगलों में चिरौंजी के बीजों के छिड़काव के लिए भी निर्देशित किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आज कृषि विज्ञान केंद्र का शिलान्यास हुआ है. इससे हमारे अन्नदाताओं को कृषि क्षेत्र में तकनीकी और वैज्ञानिक सोच के साथ अपनी आय को बढ़ाने का अवसर मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के विद्यालयों को तकनीकी से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है. युवाओं को टैबलेट दिया जा रहा है. उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड का उपयोग करते हुए सोनभद्र के सुदूर के प्राथमिक केंद्रों में हेल्थ एटीएम लगाए जाएं. इसके लिए उद्योगों के सीएसआर फंड का भी उपयोग किया जाए. उन्होंने कहा कि जनजाति समाज के लोगों को टेक्नॉलाजी के माध्यम से स्किल्ड बनाते हुए उन्हें बेहतर सुविधा प्रदान करना ही सरकार का मिशन है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी गरीब खुद को अनाथ और लाचार न माने. डबल इंजन की सरकार उनके साथ खड़ी है. आज कोई हमारी कानून व्यवस्था को ठेंगा नहीं दिखा सकता. किसी बेटी को हाथ लगाने वाले गुंडे को पता है कि उसके दुस्साहस का परिणाम क्या होगा. व्यापारियों से आज कोई रंगदारी मांगने की हिम्मत नहीं कर सकता.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों कैबिनेट ने निर्णय लिया महुआ और चिरौंजी को बीनने के लिए लगे तमाम प्रतिबंधों को हटाने का कार्य किया है. प्राचीन ऋषि मुनियों की इस धरती को हम ईको टूरिज्म का केंद्र बनाने जा रहे हैं. आज सोनभद्र में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था अच्छी हुई है. अभी भी कुछ लोग हैं जो विकास में व्यवधान डालने का प्रयास कर रहे हैं, मैं उनसे अपील करता हूं कि विकास के कार्यों में सकारात्मक भाव से अपना योगदान दें. आप अपने बच्चों को स्कूल भेजें. शिक्षित बच्चे आगे चलकर ना सिर्फ परिवार की परवरिश करने में सक्षम होंगे बल्कि प्रदेश और देश के विकास में योगदान देंगे. सोनभद्र में अटल आवासीय विद्यालय बन रहा है। यहां एक ही छत के नीचे शिक्षा, खेलकूद और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में आधुनिक सुविधा दी जाएगी. सोनभद्र में एयरपोर्ट के निर्माण का कार्य चल रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




